Bilaspur News Update : बिलासपुर. सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार को एक वृद्ध ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित दीनदयाल आवास कॉलोनी, मॉडर्न स्कूल के पास का है. जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय पंचू सोनवानी ने अपनी पत्नी सुमित्रा सोनवानी की कथित रूप से चरित्र संदेह के चलते धारदार हथियार से गले पर वार कर हत्या कर दी. आरोपी को अपनी पत्नी का दूसरे लोगों से बात करना पसंद नहीं था. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं आरोपी पति पंचू सोनवानी को गिरफ्तार कर लिया. परिजनों ने आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात भी पुलिस को बताई है.

पुराने विवाद को लेकर बदमाशों ने युवक को पीटा

बिलासपुर. न्यायधानी बिलासपुर में पुराने विवाद को लेकर युवकों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. घटना अपोलो चौक के पास की बताई जा रही है, जहां बदमाशों ने मिलकर युवक पर हमला कर दिया. मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है.

जानकारी के मुताबिक, मारपीट में युवक के चेहरे, आंख और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है.

मामले में शिकायत के बाद मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर मारपीट की वजह पुराना विवाद बताया जा रहा है. मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है.

जैविक कृषि कार्यशाला में लगभग 400 किसान होंगे शामिल

बिलासपुर. कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि महाविद्यालय एवं कृषि विभाग बिलासपुर के संयुक्त तत्वाधान में 17 जून को सवेरे 11 बजे से एक दिवसीय जैविक कृषि कार्यशाला का आयोजन कृषि महाविद्यालय बिलासपुर के ऑडिटोरियम में किया जाएगा. कार्यक्रम के प्रथम सत्र में उप मुख्यमंत्री अरूण साव एवं दूसरे सत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. कार्यक्रम में जिले के लगभग 400 किसान कार्यशाला में शामिल होंगे.

नए शिक्षा सत्र के पहले ही दिन भीड़े प्रचार्य-व्याख्याता

पाली. नए शिक्षा सत्र के पहले ही दिन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली में शिक्षा को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है. मंगलवार को स्कूल खुलते ही शालाओं में प्रवेश उत्सव की धूम रही, वहीं पाली के सबसे पुराने शिक्षा के मंदिर में प्राचार्य और व्याख्याता आपस में भिड़ गए. 

शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला पाली में पिछले सत्र का समापन समारोह मनोज सराफ और फिजिक्स व्याख्याता प्रखर पांडे के बीच विवाद और नाटकीय घटनाओं के बीच हुआ था. गर्मी की छुट्टी में उच्च अधिकारियों ने इस मामले में उदासीन रुख अपनाया. जो नए शिक्षा सत्र के शुरू होने के पहले दिन फिर से शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई.

चिंताजनक पहलू यह रहा कि घटना के वक्त स्कूल कक्षाओं में छात्र-छात्राएं मौजूद थे, जो अपने शिक्षकों को लड़ते देख स्तब्ध रह गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले तीखी नोकझोक हुई, फिर बात गाली-गलौज और धक्का मुक्की तक जा पहुंची. स्थिति हाथापाई तक पहुंचती इससे पहले अन्य शिक्षकों ने बीच-बचाव किया.

घटना की सूचना शाला प्रबंध समिति पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों सहित अधिकारियों को दी गई. जिस पर एसडीएम पाली ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार को जांच के लिए स्कूल भेजा. नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर प्राचार्य मनोज सराफ, व्याख्याता प्रखर पांडेय समेत सभी उपस्थित शिक्षकों-कर्मचारियों के घटना से संबंधित बयान कलमबद्ध किए. तैयार जांच प्रतिवेदन कलेक्टर व डीईओ को प्रेषित किया जाएगा, ताकि आगे की कार्रवाई तय हो सके.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H