Bilaspur News Update : सारंगढ़। बिलाईगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम खजरी में पत्नी के ताने से आक्रोशित होकर शराबी पति ने गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने पिता को जगाकर वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामले में आरोपी राजेश साहू (40 वर्ष) है। उसके पिता सुखीराम साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 अप्रैल की रात भोजन करने के बाद वे घर में सो रहे थे। देर रात करीब 12:30 बजे बेटे राजेश ने उन्हें जगाकर बताया कि उसने अपनी पत्नी कुंती साहू (38 वर्ष) की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और ग्रामीणों की मदद से आरोपी को भागने से पहले ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने गमछे से गला घोंटकर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गमछा भी जब्त किया गया।

नदी किनारे दबिश: 190 लीटर शराब जब्त, 8 भट्ठी नष्ट की

रायगढ़। घरघोड़ा क्षेत्र में नदी किनारे अवैध शराब निर्माण का मामला सामने आया। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव घरघोड़ी में छोटू डनसेना अवैध रूप से महुआ शराब बना रहा है। सुनसान इलाके में खुले मैदान में सिल्वर के बड़े बर्तन और अन्य उपकरण के साथ शराब बनाई जा रही थी।

थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। जैसे ही पुलिस घेराबंदी में पहुंची, आरोपी छोटू डनसेना भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन ग्रामीणों की मदद से उसे हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अवैध बिक्री के लिए शराब बनाने की बात स्वीकार की। मौके से 190 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त सिल्वर के बर्तन, टिन टीपा और अन्य उपकरण पुलिस ने कब्जे में लिए। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संचालित 8 भट्ठियों को भी नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी छोटू डनसेना (37 वर्ष) निवासी घरघोड़ी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2), 59 (क) के तहत अपराध दर्ज किया है।

प्रॉपर्टी टैक्स अब 30 अप्रैल तक कर सकेंगे जमा

कोरबा। राज्य शासन ने लगातार दूसरे साल प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की समय सीमा 30 अप्रैल तक बढ़ा दी है। इस समय सीमा के बाद 6.25 प्रतिशत जुर्माना लगेगा।

इसके साथ ही इस साल 31 जुलाई तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने पर 6.25 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। इसका फायदा निगम के 60 हजार करदाताओं को होगा। नगर निगम ने इस साल 117 करोड़ 56 लाख 74 हजार टैक्स वसूली का लक्ष्य तय किया था। 31 मार्च तक 91 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। अंतिम दिन ही दो करोड़ 51 लाख रुपए टैक्स जमा हुआ।

प्रॉपर्टी टैक्स का लक्ष्य 37 करोड़ 44 लाख 79 हजार रुपए था, जिसमें से 31 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। करीब 85 प्रतिशत वसूली होने के बाद अब इसे बढ़ाकर 95 प्रतिशत करने की तैयारी है। निगम का अमला एक बार फिर से टैक्स वसूली के लिए घर-घर पहुंचेगा।

1 मई से 2025-26 के बकाया पर जुर्माना शुरू हो जाएगा। जुर्माना से बचने अंतिम दिन लोगों ने 33 लाख रुपए जमा किए हैं। इसके साथ ही बालको से 94 लाख रुपए और एसईसीएल से 24 लाख रुपए की राशि जमा हुई है। इस साल पिछले साल से अधिक टैक्स जमा होने की संभावना है।

शादी में गए परिवार के सूने घर में चोरी, नगदी-ज्वेलरी पार

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने नगदी और जेवरात पार कर दिए। घटना अटल आवास निरतु की है, जहां निवासी मोहम्मद आजाद के घर चोरी हुई।

पीड़ित के अनुसार, 26 मार्च को दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी पत्नी हुमा फिरदोष के साथ पारिवारिक शादी में चिरमिरी गए थे। घर में अलमारी बंद कर ताला लगाया गया था। 3 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे जब वे वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे में बाहर से ताला बंद था, लेकिन अंदर से कुंडी लगी हुई थी।

छोटे बच्चे को गेट के ऊपर से अंदर भेजकर दरवाजा खुलवाया गया। अंदर पहुंचने पर देखा कि ताला टूटा हुआ पड़ा था और कमरे की अलमारी खुली हुई थी। अलमारी के लॉकर को तोड़कर चोरों ने 30 हजार रुपये नगद, सोने का नथ, अंगूठी, तीन बिछिया, चांदी की पायल और ब्रेसलेट समेत कुल करीब 65 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया।

सेल्समैन ने लाखों की लूट की शिकायत की, मामला निकला झूठा

कोरबा। जांजगीर-चांपा में कृष्णा हुंडई में सेल्समैन का काम करने वाले युवक ने थाने पहुंचकर रुपए लूटने की शिकायत की थी। घटना सामने आते ही पुलिस हरकत में आई। पूछताछ में युवक बार-बार बयान बदलने लगा, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने झूठी रिपोर्ट लिखाने की बात कबूल कर ली।

कोतवाली टीआई मोतीलाल पटेल ने बताया कि बिलासपुर निवासी प्रयांश देवांगन कलेक्शन का काम करता है। वह 4 लाख 50 हजार रुपए लेकर जा रहा था और रास्ते में लूट की झूठी कहानी गढ़ी। बाद में उसने बताया कि पैसे खुद खर्च कर दिए थे। पुलिस ने उसके खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।

पत्थर से वार कर ली बालक की जान, शव कुएं में फेंका

कोरबा। पाली पुलिस ने सात वर्षीय बालक की मौत की गुत्थी सुलझा ली है। आरोपी ने बुरी नियत से बालक को अपने साथ ले जाकर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया।

बाइक गिरवी रखकर ग्रामीणों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। पुलिस ने ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर लोगों को प्रताड़ित करने वाले आरोपी चूड़ामणि गुप्ता को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 8 मोटरसाइकिल और रजिस्टर जब्त किया गया है।

सरकारी नौकरी का झांसा देकर युवती से 3.38 लाख की ठगी

रायगढ़। पदिमनी यादव नामक युवती से 3 लाख 38 हजार 500 रुपये ठग लिए गए और फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया। आरोपी हरीश मिश्रा फरार है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।