Bilaspur News Update : कोरबा. युवक ने चरित्र संदेह के चलते हुए विवाद पर चाकू गोदकर हत्या कर दी. मृतक के चेहरे को पेट्रोल उड़ेलकर आग के हवाले कर दिया. उसके मोबाइल को नाले में फेंक बाइक को सड़क किनारे खड़ी कर दी. जब मृतक घर नही पहुंचा तो परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करा दी. पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया. मामले में करीब दो साल तक चली सुनवाई के बाद दोषी को आजीवन कारावास व अर्थदंड से दंडित किया गया है. यह फैसला द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. ममता भोजवानी की कोर्ट ने दिया है.
विशेष लोक अभियोजक सुनील कुमार मिश्रा के मुताबिक घटना 15 सितंबर 2024 को घटित हुई थी. बालको थाना क्षेत्र रहने वाला भुनेश्वर जायसवाल रहस्यमयढंग से लापता हो गया. जिसकी सूचना उसकी पत्नि और भाई ने थाना पहुंचकर दी. उन्होंने पुलिस के समझ नया घांसीदास चौक गोलू 34 वर्ष पर संदेह जाहिर किया था. मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करते हुए पतासाजी शुरू की. इस दौरान सतीश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो हत्या का खुलासा हुआ. सतीश की पत्नि से मृतक बातचीत करता था, जिससे सतीश को उसके चरित्र पर संदेह थी. वह घटना दिनांक की रात मृतक को अपने साथ ले गया, जहां दोनों ने बैठकर शराब का सेवना किया. इस दौरान सतीश ने पत्नी के साथ बातीचीत करने से मना किया. जिससे आनाकानी करने पर सतीश ने चाकू घोंपकर भुनेश्वर की हत्या कर दी. उसके शव को भदरापारा पुराना राखड़ डेम के ऊपर झाड़ियों में फेंक दिया. मृतक की पहचान न हो सके, इसके लिए उसकी बाइक से पेट्रोल निकाल चेहरे में उड़ेलकर आग लगा दी. उसने मृतक की मोबाइल को नाले में फेंक दिया. उसकी बाइक को सड़क किनारे खड़ी कर खुद अपनी दोपहिया से घर लौट गया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मतक का शव, चाकू सहित अन्य सामान बरामद कर लिए. मामले में आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था.
निजी स्कूलों की लापरवाही पर कलेक्टर का शिकंजा
बिलासपुर. साप्ताहिक टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने निजी स्कूलों द्वारा सरकारी पाठ्यपुस्तकों का उठाव नहीं करने पर नाराजगी जताई और संबंधित प्रबंधनों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. कोचिंग संस्थानों की लिस्टिंग और पंजीयन के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी रखने को कहा गया. स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां 13 अगस्त तक पूरी करने के निर्देश दिए गए. सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया गया. वहीं पीएम सूर्यघर योजना की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने चिंता जताई. बैठक में कृषि आदानों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई. कलेक्टर ने आज टीएल की बैठक में शिक्षा और शैक्षणिक संस्थानों को लेकर अहम निर्देश दिए. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बिलासपुर में बड़ी संख्या में विद्यार्थी आते हैं. इसे देखते हुए कलेक्टर ने जिला मुख्यालय में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों की लिस्टिंग और पंजीयन कराने के निर्देश दिए. संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, आवश्यक सुविधाओं और निर्धारित मानकों के पालन की जानकारी संधारित करने के साथ उनकी कार्यप्रणाली से संबंधित एसओपी की जानकारी सुनिश्चित करने को कहा गया. इसके अलावा बैठक में खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर कृषि सामाग्री उपलब्ध कराने तथा उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश भी दिए गए.
धान खरीदी केंद्र में 1.31 करोड़ों की गड़बड़ी, दो गिरफ्तार
सक्ती. धान खरीदी केंद्र पुटीडीह में धान की बोरियों में कथित रूप से मिट्टी मिलाकर शासन को करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने के मामले में संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत और प्राधिकृत अधिकारी श्यामा बाई को गिरफ्तार किया है. मामले में खरीदी केंद्र प्रभारी प्रकाश महंत के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी थी. अब जांच में जिम्मेदारी सामने आने के बाद दो अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. मामला 24 नवंबर 2025 का बताया जा रहा है. उस समय समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य चल रहा था. इसी दौरान प्रशासन को सूचना मिली कि पुटीडीह धान खरीदी केंद्र में रात के समय धान की बोरियों में मिट्टी मिलाई जा रही है. सूचना पर जिला पंचायत सीईओ टीम के साथ देर रात मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान केंद्र में गंभीर अनियमितताएं सामने आने का दावा किया गया. प्रशासनिक जांच में खरीदी केंद्र में करीब 4200 क्विंटल धान की कमी सामने आने की बात कही गई. आरोप है कि इस कमी की पूर्ति करने के उद्देश्य से धान की बोरियों में मिट्टी मिलाकर उन्हें भेजने की तैयारी की जा रही थी. कलेक्टर ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे. प्रारंभिक कार्रवाई में खरीदी केंद्र प्रभारी प्रकाश महंत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. हालांकि संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत, कंप्यूटर ऑपरेटर द्रोण प्रताप शांडिल्य और प्राधिकृत अधिकारी श्यामा बाई का नाम उस समय एफआईआर में शामिल नहीं होने को लेकर सवाल उठे थे. मामले की जांच आगे बढ़ने के बाद कार्यालय सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला सक्ती की ओर से 29 मई 2026 को एक और पत्र जारी किया गया. इसमें संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत, कंप्यूटर ऑपरेटर द्रोण प्रताप शांडिल्य और प्राधिकृत अधिकारी श्यामा बाई के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई. इसके बाद अब डभरा पुलिस ने मामले में शशिकांत महंत और श्यामा बाई के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया है. हालांकि कंप्यूटर ऑपरेटर द्रोण प्रताप शांडिल्य के संबंध में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है.
इस पूरे प्रकरण के बीच संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत द्वारा 6 अगस्त 2026 को मानवाधिकार आयोग में की गई शिकायत से मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया. शिकायत में शशिकांत ने सक्ती कलेक्टर पर कथित रूप से टॉयलेट साफ कराने का गंभीर आरोप लगाया है. शिकायत के साथ एक वीडियो दिए जाने की बात भी कही गई है, जिसमें शशिकांत टॉयलेट साफ करते दिखाई देने का दावा है. मामले में कलेक्टर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शशिकांत महंत पिछले करीब दो महीने से अपने खिलाफ चल रही कार्रवाई से बचने के लिए विभिन्न प्रयास कर रहा था. कलेक्टर के मुताबिक उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई होगी. वीडियो को लेकर कलेक्टर का कहना है कि संबंधित व्यक्ति कहीं भी टॉयलेट साफ कर अपना वीडियो बनवा सकता है और प्रशासन उसकी हर गतिविधि की निगरानी नहीं कर सकता. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रशासन ने ऐसा कराया होता तो संबंधित व्यक्ति के पास उसका वीडियो कैसे पहुंचता. कलेक्टर ने पूरे आरोप को निराधार बताते हुए इसे कार्रवाई से बचने की कोशिश करार दिया.
पूर्व जनपद सदस्य के पति की हत्या, दो गिरफ्तार
बिलासपुर. तोरवा मेन रोड पर स्थित शराब भट्ठी के सामने पूर्व जनपद सदस्य की हत्या करने वाले दो चाकूबाजों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों ने इस वारदात के बाद बूटापारा इलाके में भी एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल कर दिया था. तोरवा पुलिस अनुसार 10 अगस्त की शाम के करीब 5 बजे तोरवा मेनरोड पर स्थित शराब भट्ठी के पास चाकूबाजी की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि बाइक सवार दो व्यक्तियों ने पूर्व जनपद सदस्य गीता साहू के पति ऑटो चालक शिव नंदन साहू (56), पिता शंभु साहू, निवासी देवरीखुर्द पर चाकू से हमला किया था. गंभीर चोटों के कारण शिव नंदन की मौके पर ही मौत हो गई. पहली घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी ही थी कि सूचना मिली कि उन्हीं आरोपियों ने तोरवा क्षेत्र के बूटापारा में एक अन्य व्यक्ति पर भी चाकू से हमला कर दिया है. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल कन्हैया लाल राजड़े, पिता आशाराम राजड़े, निवासी बूटापारा को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने रात में मनीष कैवर्त, निवासी कर्रा, थाना मस्तूरी को हिरासत में लिया. घटना में शामिल दूसरे आरोपी के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई है, जिसे भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और घटनाओं के कारणों सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. मामले में वैधानिक कार्रवाई और आगे की विवेचना जारी है.

रिपोर्ट नहीं लिखने पर टीआई लाइन अटैच
बिलासपुर. दो दिन पहले पुराना बस स्टैण्ड की चखना दुकान के कर्मचारी के साथ युवकों ने जमकर मारपीट की. पीड़ित रिपोर्ट लिखाने थाने गया तो उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई. उसके बाद पीड़ित युवक लापता हो गया है. एसएसपी ने रिपोर्ट नहीं लिखने पर तारबाहर टीआई को लाइन अटैच कर दिया है. 9 अगस्त को पुराना बस स्टैण्ड स्थित चखना सेंटर के कर्मचारी निराला नगर निवासी वासु केशरवानी के साथ चार युवकों ने जमकर मारपीट की थी. पीड़ित युवक घटना की रिपोर्ट लिखाने तारबाहर थाने गया तो उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई. थाने से बाहर निकलने के बाद पीड़ित युवक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था. रात भर घर नहीं लौटने पर परिजन ने चखना सेंटर में पतासाजी की तो जानकारी मिली उसके साथ मारपीट की गई और थाने में उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई. 10 अगस्त को परिजन ने थाने में जाकर पीड़ित युवक के लापता होने की सूचना दी. जिससे थाने में हड़कंप मच गया. आनन फानन में पीड़ित युवक के लापता होने का गुम इंसान कायम किया गया और उसके साथ हुई मारपीट के मामले में हमलावरों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया. दूसरे दिन भी पीड़ित युवक के पता नहीं चलने पर परिजन ने घटना की शिकायत एसएसपी रजनेश सिंह से की. एसएसपी सिंह ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एफआईआर नहीं करने पर तारबाहर टीआई रविन्द्र अनंत को लाइन अटैच कर दिया. वहीं 11 अगस्त को पुलिस ने पीड़ित युवक से मारपीट करने वाले रमजान जली तालापारा, प्रिंस रजक टिकरापारा निवासी को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य दो हमलावर नहीं पकड़े गए हैं.
बिजली तार चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार
बिलासपुर. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा सेक्टर-डी में सड़क लाइट के लिए लगाए गए बिजली पावर सप्लाई तार की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चार बंडल बिजली तार और वारदात में प्रयुक्त कार क्रमांक सीजी 10 एफए 2456 जब्त की गई है. पुलिस के अनुसार तिफरा सेक्टर-डी में सड़क लाइट की सुविधा के लिए विद्युत पोल खड़े कर बिजली तार खींचे गए थे. वर्तमान में वहां पावर सप्लाई नहीं हो रही थी. इसी का फायदा उठाकर 9 और 10 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोर करीब एक किलोमीटर लंबा बिजली तार, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार रुपए बताई गई है, चोरी कर ले गए. थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई. पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की. पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों से भी पूछताछ की गई. जांच के दौरान पुलिस को नीतेश पंडित, राजेश राय (रात्रे), विकास साण्डे और श्रीजीत जोशी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले. पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपियों ने बिजली तार चोरी करना स्वीकार किया. आरोपियों की निशानदेही पर चार बंडल बिजली तार बरामद किए गए. घटना में इस्तेमाल की गई ओमनी कार भी पुलिस ने जब्त कर ली. पुलिस जांच में आरोपियों के खिलाफ थाना अकलतरा, मस्तूरी, मुलमुला और जांजगीर-चांपा क्षेत्र में भी अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


