Bilaspur News Update : लोरमी. मुंगेली जिले के लोरमी से क्रिप्टो करेंसी के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. आरोपी स्वयं को ‘मिस्टर मिंट’ क्रिप्टो करेंसी का एजेंट और जिला टीम लीडर बताता था. मामले में जनपद पंचायत लोरमी के सभापति और जनपद सदस्य वेदराम पटेल के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है. मामला खुड़िया पुलिस चौकी क्षेत्र का है. पीड़ित आजुराम पटेल की शिकायत के अनुसार, आरोपी वेदराम पटेल खुद को ‘मिस्टर मिंट’ क्रिप्टो करेंसी का एजेंट और जिला टीम लीडर बताता था. उसने ग्रामीणों से कहा कि एप में पैसा इंवेस्ट, तो 6 महीने के भीतर उनकी राशि दोगुनी कर दी जाएगी. ठगी का तरीका बेहद अजीब और चौंकाने वाला था. आरोपी ने पीड़ित आजुराम से 5 लाख और उसके पिता कुंवारू पटेल से ढाई लाख रुपये निवेश करवाए. इसके बाद उनके मोबाइल में क्रिप्टो करेंसी का ऐप डाउनलोड कराया और शर्त रखी कि रोजाना 1 घंटे तक मोबाइल हिलाना होगा और 10 हजार अंक होने पर ही बंद करना होगा. पीड़ित महीनों तक पैसे डबल होने की उम्मीद में अपना फोन हिलाते रहे. 6 महीने पूरे होने पर जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी वेदराम पटेल टालमटोल करने लगा. पीड़ितों को अपनी राजनीतिक पहुंच और पुलिस में पहचान का धौंस दिखाकर धमकी देने लगा. केवल आजुराम ही नहीं, बल्कि पास के गांव कारीडांगरी के कुंवर सिंह से भी ढाई लाख रुपये और सैकड़ों ग्रामीणों से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये लिए गए. ग्रामीणों को पैसे का लालच देकर आरोपी ने बड़ी रकम हासिल की. आरोप है कि पिछले दो सालों में ठगी के इन पैसों से आरोपी ने बड़े पैमाने पर कृषि भूमि, प्लॉट, मकान, सोने-चांदी के गहने और महंगी गाड़ियां खरीदी हैं. फिलहाल, पीड़ित की शिकायत पर खुड़िया पुलिस ने आरोपी जनपद सदस्य वेदराम पटेल के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 316(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

Bilaspur News Update : CMD कॉलेज प्रोफेसर को पकड़ने आई दुर्ग पुलिस

बिलासपुर. महिला सहित 4 सदस्यीय दुर्ग पुलिस टीम ने दहेज प्रताड़ना के फरार आरोपी प्रोफेसर को पकड़ने के लिए चर व कॉलेज में छापामार कार्रवाई की. लेकिन आरोपी प्रोफेसर नहीं मिला, जिससे पुलिस टीम बैरंग लौट गई. 28 सितंबर की सुबह 6 बजे दुर्ग पुलिस की महिला सहित 4 सदस्यीय टीम सिविल लाइन थाना आई. थाने में आमद दर्ज कराने के बाद सिविल लाइन पुलिस के साथ दहेज प्रताड़ना के मामले में फरार आरोपी भारतीयनगर निवासी प्रोफेसर एनपी शुक्ला के घर में दबिश देकर तलाश की, किन्तु वे चर में नहीं मिले. परिजन से पूछताछ करने के बाद पुलिस टीम जहां प्रोफेसर पढ़ाते हैं, सीएमडी कॉलेज तक भी पहुंची किन्तु वे वहां भी नहीं मिले. जिससे दोपहर 12 बजे दुर्ग पुलिस ने सिविल लाइन थाना के रोजनामचे में रवानी दर्ज कर बैरंग लौट गई. बताया जा रहा है कि प्रोफेसर का पत्नी के साथ विवाद चल रहा था. प्रताड़ना से त्रस्त होकर पत्नी ने दुर्ग में पति के खिलाफ मारपीट व दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट लखाई है. उसके बाद से प्रोफेसर फरार हैं. दुर्ग पुलिस आरोपी प्रोफेसर की सरगर्मी से तलाश में लगी हुई है. सिविल लाइन टीआई किशोर केंवट ने कहा कि धारा 498 के मामले में दुर्ग पुलिस की टीम शहर आई थी. आरोपी का लोकेशन मिलने पर भारतीय नगर में पहुंची थी. लेकिन वह वहां नहीं मिला. इसके बाद टीम रोजनामचे में रवानी दर्ज कराकर बैरंग लौट गई.

Bilaspur News Update : लोडर की चपेट में आने से युवक की मौत

सिरगिट्टी. सिलपहरी स्थित अग्रवाल स्पेक्चर कारखाने में मंगलवार शाम हुए हादसे में एचपी लोडर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ. गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान राकेश लहरे पिता कुंवर लाल लहरे उम्र 39 वर्ष, निवासी हरदी भाठा के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने लोडर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है. पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के लिए उसे मरच्यूरी में रखवा दिया है. हादसे के बाद कारखाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं. कुछ माह पहले भी हो चुकी है मजदूर की मौतः स्थानीय जानकारी के अनुसार, इसी कारखाने में कुछ माह पहले भी एक मजदूर की मौत हो चुकी है. इसके बावजूद सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठना गंभीर विषय है. सूत्रों का दावा है कि कारखाने में सुरक्षा उपकरणों के साथ ही कुछ तकनीकी सुरक्षा व्यवस्थाओं का अभाव है. हादसे के बाद अब पुलिस जांच के साथ यह भी देखना महत्वपूर्ण होगा कि कारखाने में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं.

मोदी गारंटी को लागू कराने धरना-प्रदर्शन आज

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की जिला शाखा के नेतृत्व में कर्मचारियों की लंबित मांगों और विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान किए गए मोदी गारंटी के वादों को लागू कराने की मांग को लेकर आज संभागीय धरना, प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम नेहरू चौक स्थित विकास भवन के सामने सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक आयोजित होगा. जिसमें बिलासपुर संभाग के विभिन्न विभागों के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे. रैली को सफल बनाने के लिए संघ ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया है. संघ के पदाधिकारियों ने पुराने कलेक्टोरेट भवन, नए कंपोजिट भवन, जिला पंचायत, जल संसाधन विभाग, वन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, सहित अन्य शासकीय कार्यालयों में संपर्क कर कर्मचारियों को आंदोलन की जानकारी दी.

Bilaspur News Update : गैंगरेप मामले में 2 दोषियों को उम्रकैद, 4 को कारावास

रायगढ़. पुसौर थाना क्षेत्र में आदिवासी महिला से गैंगरेप मामले में अदालत ने फैसला सुनाया है. 6 आरोपियों को दोषी करार दिया है. मामले में विशेष लोक अभियोजक राजीव बेरीवाल की पैरवी की. इसके बाद कोर्ट ने दो मुख्य आरोपियों को आजीवन कारावास और चार अन्य को 20-20 साल कारावास की सजा सुनाई है. सभी दोषियों पर अर्थदंड लगाया गया है. घटना 19 अगस्त 2024 की है, जब पीड़िता मेला देखने जा रही थी.

सेप्टिक टैंक कांड का आरोपी अंबिकापुर से गिरफ्तार

कोरबा. श्यांग पुलिस ने लगातार खोजबीन के बाद सेप्टिक टैंक कांड के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसने चरित्र संदेह के चलते लिव इन में रह रही महिला की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में ठिकाने लगा दिया, जब परिजनों ने मृतिका की तलाश तेज कर दी तो वह घर में ताला जड़कर फरार हो गया. वह अलग अलग शहरों में घूमते हुए अंबिकापुर के लेबर सप्लायर के घर पहुंचा, जहां से गुजरात के लिए रवाना होता, इससे पहले पुलिस पहुंच गई. पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को जेल दाखिल करा दिया है. घटना श्यांग थानांतर्गत ग्राम बरपाली में 27 अगस्त को घटित हुई थी. यहां रहने वाले मनोज उरांव 40 वर्ष की जान पहचान बेवा संतोषी 33 वर्ष से हुई. वे दोनों मामूली जान पहचान के बाद एक दूसरे करीब आ गए. बीते दो साल से महिला बरपाली में ही मनोज के साथ रह रही थी. मनोज शुरू से ही सनकी प्रवृत्ति का था. वह घटना के दिन भी दोपहर में नशे की हालत में घर पहुंचा. उसने संतोषी की जमकर पिटाई कर दी. मोहल्लवासियों ने किसी तरह समझाईश देकर मामला शांत कराया, लेकिन देर शाम मनोज ने संतोषी की हत्या कर दी. उसके शव को घर की बाड़ी में स्थित सेप्टिक टैंक में ठिकाने लगाकर ढक्कन बंद कर दिया. जब रक्षाबंधन के दिन संतोषी घर नही पहुंची तो उसके भाईयों ने मनोज से संपर्क किया. इस दौरान उसने संतोषी के एक दिन पहले ही रवाना हो जाने की झूठी कहानी सुना दी. कई दिन बाद भी संतोषी के घर नही पहुंचने से परिजनों को आशंका हुई. उन्होंने संतोषी की तलाश तेज कर दी. जिससे घबराकर मनोज 5 सितंबर को घर मे ताला जड़कर फरार हो गया. इधर खोजबीन के दौरान 20 सितंबर को परिजन सेप्टिक टैंक के समीप पहुंचे, जहां ढक्कन अधखुला देख परिजनों को संदेह हुआ. उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक व मेडिकल की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने टैंक से शव को बरामद करते हुए वैधानिक कार्रवाई पूरी की. इसके साथ ही पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एएसपी लखन पटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे अपनी टीम के साथ आरोपी की तलाश में जुटे थे. इस दौरान पुलिस को मनोज के अंबिकापुर में होने की खबर मिली. थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ अंबिकापुर पहुंचे, जहां मनोज एक लेबर सप्लायर के घर रह रहा था. वह लेबर सप्लायर के साथ सोमवार की शाम करीब सात बजे ट्रेन से गुजरात रवाना होने वाला था, इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया. पूछताछ करने पर उसने चरित्र संदेह के चलते महिला की हत्या करने व शव को ठिकाने लगाने की बात स्वीकार किया है. मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को जेल दाखिल करा दिया है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H