Bilaspur News Update : बिलासपुर. सीपत इलाके के गुडी से नशीली दवाएं खपाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार किया और इन आरोपियों को प्रतिबंधात्मक दवाएं सप्लाई करने वाले आरोपी को पुलिस ने उत्तरप्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया और उसे ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया और जेल भेज दिया. इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. सीपत पुलिस के अनुसार ग्राम गुडी में दबिश देकर नशीली दवाएं खपाने वाले उग्रसेन सेन लोनिया, मुकेश कुमार लोनिया और परमेश्वर लोनिया ऊर्फ कोंदा लोनिया को गिरफ्तार किया था. इनके पास से करीबी 19 लाख रूपए की दवाएं और दो मोबाइल जब्त किया गया. इनसे पूछताछ की बाद पुलिस ने आरोपियों के जरिए इन सप्लायर राहुल अग्रवाल पिता महेश चंद अग्रवाल 46 वर्ष गोंविद नगर मथुरा से सपंर्क किया और इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्य पुलिस ने एकत्र किया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एक टीम मथुरा गई. टीम ने मथुरा गोंविद नगर में घेराबंदी कर दबिश दी और राहुल अग्रवाल को हिरासत में में लिया. पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया. तब विधिवत गिरफ्तार कर उसे मथुरा के कोर्ट में पेश किया और वहां से मिले ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस उसे लेकर यहां पहुंची और जेल भेज दिया.

आकाशीय बिजली की चपेट में 4 युवक, 16 वर्षीय छात्र की मौत

बिलासपुर. पचपेड़ी थाना क्षेत्र के लोहर्सी में तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से चार युवक इसकी चपेट में आ गए. हादसे में 16 वर्षीय के छात्र की हालत गंभीर हो गई. इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि वह 9वीं कक्षा का छात्र था. वहीं उसके तीन साथी भी झुलस गए हैं, जिनकी हालत सामान्य बताई जा रही है. इधर, कोटा के करगीकला में भी आकाशीय बिजली गिरने से 17 बकरा-बकरियों की मौत हो गई. घटना से दो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, 2 युवकों की मौत

बिलासपुर. तेज बारिश के बीच दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में संजीव पैकरा और विशेष कुमार पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन और रमन सिंह पैकरा गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है. हादसे की खबर से पुड़ु गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई. घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.

होटल के बाहर युवती का हंगामा

बिलासपुर. शहर में देर रात होटल के बाहर एक युवती के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि युवती स्पा सेंटर में काम करती है और नशे की हालत में हंगामा करने का आरोप है. होटल के बाउंसरों द्वारा बाहर निकाले जाने के बाद भी युवती काफी देर तक हंगामा करती रही. सूचना पर डायल 112 और सिविल लाइन पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. पुलिस टीम के समझाने के बावजूद युवती के हंगामा करने की बात सामने आई है. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुराने बस स्टैंड मार्ग स्थित एक होटल का बताया जा रहा है. घटना के बाद देर रात तक पब-बार संचालन को लेकर आबकारी विभाग और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं. बताया जा रहा है कि पिछले शनिवार को भी युवती ने हंगामा किया था.

चलती बाइक पर खतरनाक स्टंट, वीडियो वायरल

बिलासपुर. शहर में चलती बाइक पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवक बाइक की सीट पर लेटकर, बाइक पर खड़े होकर और हैंडल छोड़े हुए स्टंट करता नजर आ रहा है. सड़क पर इस तरह खतरनाक तरीके से बाइक चलाने का वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. अब वायरल वीडियो के आधार पर युवक के खिलाफ कार्रवाई का इंतजार है.

काउंसिलिंग रजिस्टर में हेरफेर, शिक्षिका और काउंसलर के खिलाफ FIR

बिलासपुर. महिला परामर्श केंद्र के काउंसिलिंग रजिस्टर में कथित तौर पर काट-छांट और हेरफेर कर दस्तावेज तैयार करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने एक शिक्षिका और महिला थाना की काउंसलर के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के बाद की गई है. पुलिस ने मामले में रीतू पाण्डेय (मिश्रा) और काउंसलर आशा सिंह के खिलाफ धारा 337, 340 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है. शिकायतकर्ता सुधांशु मिश्रा के अनुसार, उनकी पत्नी रीतू पाण्डेय (मिश्रा), जो केंद्रीय विद्यालय रायगढ़ में पीआरटी शिक्षिका हैं, जिसने महिला परामर्श केंद्र में शिकायत की थी. 12 जून 2023 को अंतिम काउंसिलिंग के दौरान महिला थाना की काउंसलर आशा सिंह ने दोनों पक्षों की काउंसिलिंग की थी. शिकायतकर्ता का दावा है कि उस समय काउंसिलिंग रजिस्टर में पत्नी की ओर से महिला थाना में चल रहे प्रकरण को खारिज कराने की बात लिखी गई थी तथा उस पर पति-पत्नी और काउंसलर के हस्ताक्षर थे. सुधांशु मिश्रा का आरोप है कि बाद में उनकी पत्नी ने सरकंडा थाने में पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया. इसके बाद प्राप्त प्रमाणित प्रति और चालान में अंतर सामने आने का दावा करते हुए उन्होंने काउंसिलिंग रजिस्टर में काट-छांट कर दस्तावेज में हेरफेर किए जाने की शिकायत की. शिकायतकर्ता के मुताबिक आईजी, एसपी और महिला थाना में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया. प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट कुमारी रिया चक्रवर्ती के आदेश के पालन में सिविल लाइन थाना पुलिस ने 18 सितंबर 2026 को अपराध क्रमांक 1282 दर्ज किया. शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि उनकी पत्नी द्वारा दर्ज कराया गया पूर्व 498ए का मामला हाईकोर्ट से खारिज हो चुका है. मामले में अधिवक्ता धनंजय मिश्रा ने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया था.

प्रसूता को ले जा रही 108 का टायर फटा

पेंड्रा. गंभीर हालत में जिला अस्पताल पेंड्रा से सिम्स बिलासपुर रेफर की गई प्रसूता को ले जा रही 108 संजीवनी एक्सप्रेस का टायर अस्पताल से करीब दो किलोमीटर दूर फट गया. एंबुलेंस में प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला को सड़क किनारे रोककर चालक और परिजनों ने किसी तरह टायर बदला. इसके बाद महिला को बिलासपुर के लिए रवाना किया गया. जानकारी के अनुसार, पेंड्रा के दूरस्थ ग्राम बम्हनी पचासी निवासी दिलेश्वरी बाई पति शिव सिंह को प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार रात परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे. यह महिला की पहली डिलीवरी थी. उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने बेहतर उपचार और प्रसव के लिए उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया. महिला को 108 संजीवनी एक्सप्रेस से बिलासपुर ले जाया जा रहा था. जिला अस्पताल से कुछ ही दूरी तय करने के बाद एंबुलेंस का टायर अचानक फट गया. बताया जा रहा है कि एंबुलेंस के अन्य टायर भी काफी घिसे और खराब स्थिति में हैं. टायर फटने के बाद चालक और परिजनों ने सड़क किनारे ही उसे बदला और एंबुलेंस को दोबारा बिलासपुर के लिए रवाना किया. घटना में क्षतिग्रस्त हुआ टायर इतनी खराब स्थिति में बताया जा रहा है कि अब उसके उपयोग में आने की संभावना नहीं है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि एंबुलेंस के अन्य टायर भी खराब हैं, तो पेंड्रा-बिलासपुर जैसे खराब मार्ग पर गंभीर मरीजों को लेकर यह वाहन किस तरह सुरक्षित सफर कर रहा है. पेंड्रा बिलासपुर मार्ग की खराब हालत किसी से छिपी नहीं है. जगह-जगह गड्ढों और उबड़-खाबड़ सड़क के बीच गंभीर मरीजों को लेकर चलने वाली एंबुलेंस के लिए खराब टायर बड़ा जोखिम बन सकते हैं. यदि एंबुलेंस में अतिरिक्त स्टेपनी या सही हालत का एक्स्ट्रा टायर उपलब्ध नहीं हो और रास्ते में दूसरा टायर भी फट जाए, तो मरीज की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है. एंबुलेंस सेवा के संचालन पर भी चिकित्सा केंद्र पहुंचाना एंबुलेंस सेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. ऐसे में खराब सड़क पर पर्याप्त और सुरक्षित टायर व्यवस्था के बिना एंबुलेंस का संचालन मरीजों और उनके परिजनों के लिए चिंता का विषय है. इस घटना ने जिले की 108 एंबुलेंस सेवा, वाहनों के रखरखाव और पेंड्रा-बिलासपुर मार्ग की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

मौसम में बदलाव का फसलों पर असर

जांजगीर-चांपा. मौसम में बदलाव के साथ बढ़ी नमी का असर अब धान फसल पर दिखाई देने लगा है. खेतों में कीट और रोग का खतरा मंडराने लगा है. धान की फसल में तनाछेदक, शीथरॉट-शीथ ब्लाइट और रेड वर्म (लाल कीड़ा) के लक्षण सामने आ सकते हैं. कृषि जानकारी अवस्था में ही लक्षणों की पहचान कर नियंत्रण के उपाय करने की सलाह दी है. तनाछेदक कीट की इल्ली धान के तने में छेद कर अंदर चली जाती है. इससे तने का अंदरूनी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो जाता है और पौधा बाहर से सूखा दिखाई देने लगता है. इसके नियंत्रण के लिए दवा के का छिडकाव करने की सलाह दी जाती है. शीथरॉट और शीथ ब्लाइट के संक्रमण में पौधे के निचले हिस्से में हल्के भूरे रंग के धब्बे दिखाई देते हैं. संक्रमण बढ़ने पर पत्तियां सड़ने लगती हैं और इसका सीधा असर फसल की बढ़वार पर पड़ सकता है. रेड वर्म यानी लाल कीड़े के प्रकोप से धान की जड़ों की वृद्धि प्रभावित होती है. इससे पौधों की बढ़वार रुक सकती है. इसके नियंत्रण के लिए दवा को रेत में मिलाकर खेत में डालने की सलाह दी जाती है. कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को चेताया है कि बिना लक्षणा की पहचान किए भारी मात्रा में कीटनाशक और फफूंदनाशक इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. पहले फसल में का दिखाई दे रहे लक्षणों के आधार पर कीट या रोग की पहचान करना जरूरी है. नियंत्रण के उपाय करने के बाद भी प्रकोप बना रहता है तो करीब 10 दिन के अंतराल पर दोबारा छिडकाव या भुरकाव किया जा सकता है. कीटनाशकों की मात्रा फसल की अवस्था और स्थानीय कृषि विभाग की अनुशंसा के अनुसार ही तय की जानी चाहिए.

इंडियाज टॉप वन परसेंट में पहुंची छत्तीसगढ़ की शिक्षिका

अकलतरा. कड़ी मेहनत, लगन, प्रतिभा और निरंतर प्रयासों के बल शिक्षिका दीपमाला साहू स्टार प्लस गेम शो इंडियाज टॉप वन परसेंट में के छठे एपिसोड में बेहद शामिल हुई हैं. इस अनूठे गेम शो में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि अपनी बौद्धिक क्षमता और विवेकपूर्ण सोच के बल पर ग्रामीण परिवेश की प्रतिभाएँ भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं. शो के दौरान उनका गेमप्ले और निर्णय लेने का तरीका बेहद सराहनीय रहा. वे तिलई के प्रधान पाठक रामफल साहू, राधा साहू की पुत्री और अभिनव साहू की बहन है.

मरीन ड्राइव को मिलेगी नया लुक

रायगढ़. शनि मंदिर से खर्राघाट तक केलो नदी के किनारे बने मरीन ड्राइव को अब एक नया और शानदार लुक मिलने वाला है. इसका काम बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है. इस बड़े प्रोजेक्ट का जिम्मा हाउसिंग बोर्ड (एजेंसी) के पास है. निर्माण कार्य के लिए लागत 29 करोड़ 99 लाख रुपये का ठेका दिया गया है. आपको बता दें कि यह मरीन ड्राइव को पहले तीन पार्ट में अलग-अलग तरीके से बनाया गया था. जिसे अब दोबारा से बहुत ही शानदार तरीके से डेवलप किया जा रहा है. इतिहास पर नजर डालें तो रायगढ़ की पहचान मानी जाने वाली केलो नदी के किनारों को सजाने का काम पहले भी होता रहा है, लेकिन कई बार पाथ-वे और दूसरी चीजों की कमी रह गई थी. अब इस नए प्रोजेक्ट के जरिए नदी के किनारे की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी. इस पूरे काम को 02 साल में पूरा करने का टारगेट रखा गया है. ट्रैफिक और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां की सड़क को काफी चौड़ा किया जा रहा है. मरीन ड्राइव की नई सड़क की चौड़ाई 09 से 12 मीटर के बीच होने की बात कही जा रही है. हालांकि जरूरत के हिसाब से इसमें बदलाव किया जा सकता है. शनि मंदिर से खर्राघाट के बीच रास्ते में पड़ने वाले 03 घाटों को भी इस प्रोजेक्ट के तहत नया रूप दिया जाएगा. लोग नदी के किनारे आराम से टहल सकें और सुबह-शाम की सैर कर सकें, इसके लिए इन तीनों घाटों के बीच में एक सुंदर पाथ-वे (पैदल चलने का रास्ता) भी बनाया जाएगा. इस पूरे निर्माण काम की सबसे खास बात यह है कि खर्राघाट के पास 05 एकड़ जमीन पर एक बड़ा ऑक्सीजन पार्क डेवलप करने की प्लानिंग है. पेड़-पौधों से भरा यह पार्क शहर के लोगों को ताजी हवा और हरियाली के बीच सुकून से समय बिताने की एक बेहतरीन जगह देगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H