Bilaspur News Update : बिलासपुर। बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से आज रात्रि उड़ान सेवा की ऐतिहासिक शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नाइट ऑपरेशन्स का लोकार्पण किया और इसी दौरान स्वयं रात में पहली उड़ान से रायपुर के लिए रवाना हुए। विधायक धर्मजीत सिंह भी मुख्यमंत्री के साथ रात्रिकालीन उड़ान में रायपुर गए। उल्लेखनीय है कि एयरपोर्ट को 3सी वीएफआर से 3सी आईएफआर श्रेणी में उन्नत करने के लिए कुल 31 करोड़ 1 लाख रुपए की लागत से कार्य किया गया है। इस उन्नयन के बाद डीजीसीए ने 6 फरवरी 2026 को 3सी आईएफआर एवं रात्रि संचालन की अनुमति प्रदान की थी। समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने की।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में इस उपलब्धि को योजनाकारों, तकनीकी टीम, एयरपोर्ट कर्मियों और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन उड़ान सेवा शुरू होने से बिलासपुर की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई है। इसके लिए यहां के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने काफी संघर्ष किया है। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा बिलासपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। रात्रि उड़ान सेवा शुरू होने से अब निर्धारित और अनिर्धारित उड़ानों के साथ-साथ आपातकालीन एवं मेडिकल फ्लाइट्स भी रात में संचालित हो सकेंगी, जिससे जीवनरक्षक सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी। बेहतर हवाई संपर्क से व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से इस नई सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुखद यात्रा की कामना की। यह ऐतिहासिक पहल बिलासपुर को प्रदेश के प्रमुख हवाई केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। समारोह को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी संबोधित किया। उन्होंने बिलासपुर की जनता को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। श्री साहू ने कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट में तमाम सुविधाएं विकसित हो रही हैं। रक्षा मंत्रालय से जमीन मिल चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा करेगा” का सपना साकार हो रहा है।
बहन की टंगिया से हत्या, आरोपी भाई को कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा
कोरबा। 4 साल पहले पत्नी को शराब पिलाने से नाराज पति ने अपनी बहन पर टंगिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। मामले में न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई। घटना 29 मई 2025 को पाली थाना के चैतमा चौकी अंतर्गत तेलसरा ललमटिया गांव में हुई थी, जहां निवासी चैतराम पंडो कुछ घंटे तक गांव में घूमता रहा, फिर वापस घर पहुंचा तो उसकी पत्नी शराब के नशे में बड़बड़ाती मिली। उसने बताया कि उसकी बहन गीता बाई ने ही उसे शराब पिलाई थी। इस बात पर चैतराम आक्रोशित हो गया। उसने विवाद कर बहन पर टंगिया से हमला कर दिया, जिससे गीता की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर विवेचना के बाद अभियोग न्यायालय में पेश किया था। मामले की सुनवाई प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा मधु तिवारी के न्यायालय में चल रही थी, जहां शासन की ओर से अतिरिक्त शासकीय अभिभाषक व अतिरिक्त लोक अभियोजक संजय जायसवाल ने पैरवी की। न्यायालय में साक्ष्य प्रस्तुत कर दोष सिद्ध होने पर आरोपी को आजीवन कारावास और 1000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई गई।
अस्पताल में भर्ती बाल संप्रेक्षण गृह का अपचारी बालक फरार
कोरबा। बाल संप्रेक्षण गृह से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया 17 वर्षीय अपचारी बालक सुरक्षा कर्मी को चकमा देकर फरार हो गया। उसे 18 घंटे पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दरअसल, शुक्रवार को उक्त अपचारी बालक ने बाल संप्रेक्षण गृह में रखा फिनाइल पी लिया था। आनन-फानन में प्रबंधन ने एक सुरक्षा कर्मी के साथ उसे अस्पताल भेजा था। आपातकालीन कक्ष में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रात में वार्ड में शिफ्ट किया गया था, जहां हाथ में कैनुला और शरीर में कैथेटर लगे होने के बाद भी वह सुबह होने से पहले भाग निकला। देर तक नजर नहीं आने पर सुरक्षा कर्मी ने खोजबीन की, नहीं मिलने पर उसके फरार होने की जानकारी मिली। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना अस्पताल चौकी में दी है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी है।
आदिवासी छात्रावास में छात्र पर रसोइए ने किया टांगी से हमला
कोरबा। छुरी प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में रसोइए ने छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया। शराब के नशे में धुत रसोइया केसर दुबे ने कक्षा 6वीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से वार कर दिया। हमले में छात्र की जान बच गई, लेकिन उसकी आंख के ऊपर गंभीर चोट आई है। उपचार के बाद छात्र के पिता उसे घर ले गए।
छात्र लंबे समय से रसोइए का टॉर्चर झेल रहा था। रसोइए पर छात्रों से मारपीट और अवैध वसूली के आरोप भी हैं। अधीक्षक की शिकायत पर कटघोरा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अधीक्षक के छुट्टी पर होने का फायदा उठाकर रसोइया बच्चों को प्रताड़ित कर रहा था। जनप्रतिनिधियों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मोर बिजली APK फाइल भेज शिक्षक से ठगी का प्रयास
रायगढ़। जिले के पुसौर क्षेत्र में एक शिक्षक से “मोर बिजली .APK” लिंक भेजकर ठगी करने का प्रयास किया गया, लेकिन शिक्षक की सतर्कता से ठगी टल गई। शिक्षक ने बिजली मीटर के लिए आवेदन किया था, जिसके बाद उनके मोबाइल पर इस तरह के लिंक भेजे गए।
संदेह होने पर शिक्षक ने बिजली विभाग से संपर्क किया, जहां बताया गया कि यह ठगों का नया तरीका है। किसी भी प्रकार का .APK लिंक विभाग द्वारा नहीं भेजा जाता। शिक्षक ने लिंक डिलीट कर दिया। विशेषज्ञों के अनुसार .APK फाइल इंस्टॉल करने पर मोबाइल हैक हो सकता है और डेटा ठगों तक पहुंच सकता है।
तालाब के पास मिला नवजात बच्ची का शव
बिलासपुर। बेलगहना चौकी अंतर्गत नगोई गांव के रानी सागर तालाब के पास नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया।
चौकी प्रभारी हेमंत सिंह ने बताया कि शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। फिलहाल पंचनामा कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

