Bilaspur News Update : बिलासपुर. हाईकोर्ट की अवमानना मामले में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है. शहीद भवन, गरियाबंद निवासी दायसिंह ध्रुव कार्यालय सीएमएचओ गरियाबंद में ड्राइवर के पद पर पदस्थ थे, कलेक्टर गरियाबंद द्वारा दायसिंह ध्रुव का स्थानांतरण मैनपुर कर दिया गया, उक्त स्थानांतरण आदेश के विरूद्ध उच्च न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष रिट याचिका दायर करने पर उच्च न्यायालय द्वारा सचिव, स्वास्थ्य विभाग को यह निर्देश दिया गया कि, वे सुप्रीम कोर्ट द्वारा एसके नौशाद रहमान विरूद्ध युनियन ऑफ इण्डिया में पारित न्यायदृष्टांत के आधार पर 6 माह में याचिकाकर्ता के मामले का निराकरण करें. अमित कटारिया, सचिव स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित 6 माह की समयावधी में याचिकाकर्ता के अभ्यावेदन का निराकरण कर स्थानांतरण आदेश निरस्त ना किए जाने से क्षुब्ध होकर याचिकाकर्ता द्वारा अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय एवं ऋषभदेव साहू के माध्यम से अवमानना याचिका दायर की गई. अधिवक्ता पाण्डेय एवं साहू ने हाईकोर्ट के समक्ष यह तर्क प्रस्तुत किया कि उच्च न्यायालय, बिलासपुर द्वारा सुप्रीम कोर्ट के एसके नौशाद रहमान मामले में पारित न्याया दृष्टांत के आधार पर याचिकाकर्ता के मामले का 6 माह में निराकरण करने का निर्देश दिए जाने के बावजूद भी अमित कटारिया, सचिव स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले का निराकरण नहीं किया गया. न्यायालय अवमानना अधिनियम, 1971 के नियम 12 (1) का हवाला देते हुए यह तर्क प्रस्तुत किया गया कि नियम 12 (1) में यह प्रावधान है कि उच्च न्यायालय या अन्य न्यायालयों के आदेशों की अवहेलना करने पर अवमाननाकर्ता अधिकारी को छह माह के कारावास और 2,000 रुपए जुर्माना राशि से दंडित किए जाने का प्रावधान है, उच्च न्यायालय में अवमानना याचिकाओं की संख्या लगातार बढ़ने से न्यायालय का अत्यन्त कीमती और महत्वपूर्ण समय व्यर्थ होता है और पीड़ति पक्षकारों के अन्य महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई नहीं हो पाती है. हाईकोर्ट ने याचिका को अत्यन्त गंभीरता से लेते हुए अमित कटारिया, सचिव, स्वास्थ्य विभाग, रायपुर को अवमानना नोटिस जारी कर पूछा है कि कोर्ट की अवमानना किये जाने के कारण क्यों ना आपके विरूद्ध न्यायालय अवमानना की कार्यवाही प्रारंभ की जाए.

कांग्रेस की हत्या के लिए 5 लाख की सुपारी, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. बिलासपुर में रेलवे अस्पताल के पास कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला करने के मामले में तारबाहर पुलिस और साइबर टीम ने फरार आरोपी आंचल साहिल बोले उर्फ साहिल सोनकर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, मार्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता पर हत्या की नीयत से डंडे और नुकीली वस्तु से हमला किया गया था. मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची.

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हमला करना कबूल किया है. उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया गया है. इससे पहले पुलिस एक आरोपी नितिन टेकाम और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस के अनुसार, गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी ने कांग्रेस नेता की हत्या के लिए आरोपियों को 5-5 लाख रुपये देने का लालच दिया था. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.

 कबाड़ की गाड़ी से 5 जिंदा कारतूस और पिस्टल बरामद

कोरबा. पुलिस ने कबाड़ की एक गाड़ी से पांच जिंदा कारतूस और एक पुरानी जंग लगी पिस्टल बरामद की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि कबाड़ी प्रहलाद साहू के पास मौजूद कबाड़ की गाड़ी में हथियार और जिंदा कारतूस हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी की जांच की. तलाशी के दौरान पुलिस को पांच जिंदा राउंड और एक पुरानी जंग लगी पिस्टल मिली, जिसे जब्त कर लिया गया है. मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. वहीं, कबाड़ सामग्री को लेकर भी संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस कार्रवाई के बाद कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है.

घोंघा नदी में बहे तीन मासूम, SDRF ने शवों को किया बरामद

तखतपुर. तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में स्कूल से घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए. हादसे के बाद पुलिस प्रशासन, ग्रामीणों और एसडीआरएफ की टीम ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया. लगातार रेस्क्यू के बाद तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं. जानकारी के मुताबिक, ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे. बताया गया कि नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की. एसडीआरएफ की टीम ने सुबह से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. सबसे पहले अनमोल जायसवाल का शव नदी में पुल के नीचे से बरामद किया गया. इसके बाद तीसरे बच्चे की तलाश के दौरान 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल का शव एनीकट के पास मिला. हादसे में 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल का शव भी सर्च ऑपरेशन के दौरान बरामद कर लिया गया. तीनों बच्चों की मौत से समडील गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौजूद रही. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और तखतपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मालगाड़ी के फेर में पैसेंजर को रोकने से यात्रियों का जमकर हंगामा, तब छूटी ट्रेन

बिलासपुर. कटनी रेल मार्ग पर यात्री सुविधाओं की अनदेखी और मालगाड़ियों को लगातार दी जा रही प्राथमिकता से आम जनता का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है. शनिवार सुबह 9.12 बजे टेंगनमाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंची बिलासपुर-कटनी लोकल ट्रेन को जब मालगाड़ी को आगे निकालने के लिए रोक दिया गया, तो यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा. परेशान यात्रियों ने स्टेशन परिसर में जमकर हंगामा किया. इसके बाद लोकल को रवाना किया गया. रेल मंडल का परिचालन विभाग सुव्यवस्थित ढंग से काम नहीं कर रहा है. टेंगनमाड़ा से आगे का ट्रैक चढ़ाई वाला (ग्रेडिएंट) सेक्शन है. इसके बावजूद लोकल ट्रेन के ठीक पहले मालगाड़ी को रवाना कर दिया जाता है. जब तक भारी-भरकम मालगाड़ी चढ़ाई पार नहीं कर लेती, तब तक पीछे आ रही पैसेंजर ट्रेन को सिग्नल नहीं दिया जाता. इसी मिस-मैनेजमेंट के कारण टेंगनमाड़ा, बेलगहना, लोकल ट्रेन में यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों ने पहले इंतजार किया. काफी समय बाद भी ट्रेन के रवाना नहीं होने पर यात्रियों ने प्लेटफार्म में उतकर हंगामा शुरू कर दिया. इसके बाद यात्री स्टेशन मास्टर के पास पहुंच गए हो-हल्ला करने लगे. रेल यात्रियों के भारी विरोध और दबाव के बाद कंट्रोल रूम से क्लियरेंस मिला और ट्रेन करीब आधे घंटे बाद आगे बढ़ सकी. दैनिक यात्रियों ने बताया कि इस रूट पर काम करने वाले ड्राइवर, गार्ड और स्टेशन मास्टर खुद इस लचर व्यवस्था से बेहद त्रस्त हैं. इसके बाद भी रेलवे उक्त व्यवस्था में सुधार नहीं कर रही है. दैनिक यात्रियों ने समय-सारणी का पालन कर ट्रेन को पेंड्रारोड तक यात्रा करने वाले शासकीय कर्मचारियों, छात्रों और दैनिक यात्रियों के समय का ध्यान रखते हुए ट्रेन को समय पर चलाए जाने की मांग की है. यह ट्रेन इस अंचल की लाइफलाइन मानी जाती है. इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और अन्य शासकीय विभागों के सैकड़ों कर्मचारी रोजाना यात्रा करते हैं. लोकल ट्रेन का पेंड्रारोड पहुंचने का निर्धारित समय सुबह करीब 9 बजे है, लेकिन यह 2 घंटे की देरी से 11 बजे के आसपास पहुंच रही है. वापसी में कटनी से आने वाली ट्रेन शाम 7 बजे की जगह रात 9 से 11 बजे के बीच पेंड्रारोड पहुंच पा रही है, जिससे यात्रियों का घर लौटने में देर रात हो जा रही है. इसकी लगातर शिकायत के बाद भी लेट-लतीफी में रेल मण्डल द्वारा सुधार नहीं किया जा रहा है.

बिलासपुर से हावड़ा और टाटानगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलेगी

बिलासपुर . दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल से नए रेल मार्गों को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है. सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी के जवाब में रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिलासपुर से हावड़ा और बिलासपुर से टाटानगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार कर उच्च कार्यालय को भेजा जा चुका है. दो नए वंदे भारत चेयरकार चलने से यात्रियों को एक बड़ी राहत मिलेगी. जिसका इंतजार काफी समय से किया जा रहा है. स्थानीय अज्ञेय नगर निवासी अजय कुमार द्वारा दायर एक आरटीई आवेदन के जवाब में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं डी-फेक्टो जन सूचना अधिकारी अनुराग कुमार सिंह ने यह जानकारी प्रदान की है. इसके अनुसार रेल मंडल ने विगत 27 जून को ही बिलासपुर-हावड़ा और बिलासपुर-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने का प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय एसईसीआर को प्रेषित कर दिया है. आरटीई के जवाब में दी गई जानकारी के अनुसार बिलासपुर-हावड़ा (पश्चिम बंगाल) वंदे भारत एक्सप्रेस इस व्यस्ततम रूट पर यात्रियों के दबाव और समय की बचत को देखते हुए वंदे भारत चलाने का प्रस्ताव भेजा गया है. इसी तरह बिलासपुर-टाटानगर (झारखंड) के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस औद्योगिक नगरी जमशेदपुर को बिलासपुर से सीधे और तेज नेटवर्क से जोड़ने के लिए इस ट्रेन का प्रस्ताव भी रेलवे मुख्यालय प्रेषित किया गया है. अब उक्त संबंध में रेलवे मुख्यालय को निर्णय लिया है. वहां से वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा. जहां से हरी झंडी मिलने के साथ दोनों नई वंदे भारत पटरी पर दौड़ने लगेगी. आवेदक ने आरटीई में रेल मंडल से कुल 15 बिंदुओं पर नई ट्रेनों, रूट विस्तार और फेरे बढ़ाने को लेकर सवाल पूछे गए थे. रेलवे द्वारा सिर्फ दो बिन्दुओं वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने के प्रस्ताव को मुख्यालय भेजे जाने की जानकारी दी. इसके अलावा अन्य तेरह मांगों बिलासपुर से पुरी, विशाखापट्टनम, दिल्ली, जबलपुर और सिकंदराबाद के लिए नई ट्रेनें या वंदे भारत, अमृत भारत एक्सप्रेस, रायपुर-सिकंदराबाद, रायपुर-जबलपुर व महाराष्ट्र एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के बिलासपुर तक विस्तार से जुड़ी जानकारी वर्तमान में उपलब्ध नहीं बताई गई है. रेलवे प्रशासन ने अपने जवाब में कहा कि मांगी गई जानकारी वर्तमान में उपलब्ध नहीं है.

15 करोड़ की सड़क, एक साल में बेहाल

सकरी. करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से बनी उसलापुर ओवरब्रिज से सकरी बाईपास चौक तक की मुख्य सड़क की बदहाली ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. निर्माण के कुछ समय बाद ही सड़क उखड़ने लगी और बारिश के बाद जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं. इनमें पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है. जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में सड़क निर्माण का काम दो हिस्सों में स्वीकृत हुआ था. पहला हिस्सा उसलापुर ओवरब्रिज से फोर्ड शो-रूम तक करीब 8 करोड़ रुपये डीएमएफ मद से और दूसरा हिस्सा फोर्ड शो-रूम से सकरी बाईपास चौक तक करीब 6 करोड़ 89 लाख रुपये 15वें वित्त मद से स्वीकृत किया गया था. दोनों हिस्सों का निर्माण अलग-अलग ठेकेदारों ने किया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण के दौरान सड़क की गुणवत्ता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया. इसके चलते पहली बारिश के बाद ही कई हिस्सों में सड़क धंसने और डामर उखड़ने की शिकायत सामने आई. गायत्री मंदिर के सामने, बचन बाई हायर सेकेंडरी स्कूल के पास, हांफा बटालियन मोड़, महामाया गेट, अग्रवाल मेडिकल स्टोर के सामने, आसमा सिटी, फोर्ड शो-रूम के पास और रामा लाइफ कॉलोनी से पहले सड़क की स्थिति खराब बताई जा रही है. गहरे गड्ढों के कारण इन स्थानों पर वाहन चालकों को परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है. सड़क खराब होने की शिकायत पर निगम अधिकारियों ने गारंटी पीरियड का हवाला देते हुए ठेकेदार से मरम्मत कराने की बात कही थी. आरोप है कि कई स्थानों पर उखड़े डामर की मरम्मत के बजाय सीमेंट डालकर काम चलाऊ सुधार किया गया. इस साल की बारिश में यह मरम्मत भी बेअसर हो गई और सड़क फिर बदहाल हो गई. नगर निगम बिलासपुर के मुख्य अभियंता राजकुमार मिश्रा ने कहा कि ठेकेदार को नोटिस जारी कर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि परफॉर्मेंस गारंटी जमा होगी और मरम्मत नहीं करने पर पीजी राशि जब्त कर कार्रवाई की जाएगी.

दशगात्र में मिठाई खाने के बाद 10 लोगों की बिगड़ी तबियत

जांजगीर-चांपा. जिले के स्थानीय गादी दाई पारा वार्ड 6 में शुक्रवार को दशगात्र के भोज में मीठा खाने के बाद अचानक लोगों को उल्टी दस्त होने लगी. एक एक कर 10 लोग प्रभावित हुए. जिसमे बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं भी है. प्रभावितों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राहौद ले जाया गया. जिनकी हालत ज्यादा खराब थी ऐसे दो लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ रेफर किया गया. जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार 21 अगस्त की है. जानकारी के अनुसार नगर के गादी दाई पारा वार्ड 6 निवासी सेवक राम निर्मलकर का 11 अगस्त को निधन हो गया था जिनका दशगात्र शुक्रवार 21 अगस्त को था. दशगात्र भोज में कई खाद्य सामाग्री थी जिसमें मिठाई भी शामिल थी. बताया जा रहा है कि मिठाई व भोज का सेवन करने के बाद श्रीमती मानकी बाई पति रामचरण उम्र 65 वर्ष, स्वाति पिता विनोद उम्र साढ़े 5 साल, कार्तिक पिता हेमलाल उम्र ढाई वर्ष, धनी पिता रामनारायण उम्र 79 वर्ष, परमेश्वर पिता बादशाह उम्र 45 साल, कुनाल पिता विनोद उम्र 11 वर्ष, खुश पिता वीरेंद्र उम्र 13 वर्ष, आशी पिता राकेश उम्र 11 वर्ष, सुनीता पिता अशोक, चेस पिता रामनारायण की तबियत बिगड़ गई. दशगात्र कार्यक्रम में भोजन करने के पश्चात लोगों को उल्टी व दस्त होने लगी. और देखते ही देखते धीरे धीरे उनकी संख्या बढ़ते हुए 10 हो गई. जिन्हें अस्पताल भेजा गया. आनन फानन में नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार दिनकर के विशेष देखरेख में उपचार किया गया. कुछ लोगों को इलाज के लिए सीएचसी पामगढ़ भी भेजा गया. एसडीएम पामगढ़ आर.के. तंबोली ने बताया कि सभी प्रभावितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बीएमओ पामगढ़, तहसीलदार के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया गया. उचित उपचार के बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कराया गया. प्रभावित परिवार के घर का स्थल निरीक्षण किया गया है. होटल में आवश्यक जांच हेतु पामगढ़ फूड इंस्पेक्टर व एसडीओ पीएचई पामगढ़ को प्रभावित परिवार के उपयोग किए जा रहे जल का निरीक्षण कर क्लोरिनेशन का निर्देश दिया गया है. वर्तमान में स्थिति सामान्य है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H