Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर के बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड नरेंद्र कुमार खाण्डे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. वारदात के बाद फरार हुए चार आरोपियों में से एक आरोपी दिनेश राठिया को प्रयागराज से हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य तीन फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा. जानकारी के अनुसार, बाल संप्रेक्षण गृह में सहायक सह रात्रि चौकीदार के रूप में पदस्थ नरेंद्र कुमार खाण्डे 42 वर्ष की रविवार और सोमवार की रात हत्या कर दी गई थी. परिजन का आरोप है कि उनके हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से मारपीट की गई, गला दबाया गया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी

हत्या की गई. पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना को बाल संप्रेक्षण गृह में बंद चार बंदियों ने अंजाम दिया. इनमें तीन रायगढ़ और एक कोरबा जिले का निवासी बताया जा रहा है. हत्या के बाद चारों बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए थे. घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे. फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. वहीं अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब जांच और तेज कर दी गई है. फरार तीनों आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़कर हत्या की पूरी साजिश और वारदात के कारणों का खुलासा किया जाएगा.

बिलासपुर. शहर में रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी. सड़कों, निचली बस्तियों और कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया, जबकि कई घरों में पानी घुसने से लोगों को रातभर जागकर पानी बाहर निकालना पड़ा. मंगला के जेपी विहार, गंगानगर, शुभम विहार, सरकंडा के शक्ति विहार, विजयपुरम कॉलोनी समेत अधिकांश इलाके जलमग्न हो गए. कई जगह कार और बाइक पानी में डूब गईं, वहीं बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई. स्थानीय लोग जलभराव के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर निगम के दावों पर सवाल उठा रहे हैं.

नशीली टैबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार, नशीली दवा बेचते पकड़ा गया

बिलासपुर. सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अरपा नदी पचरी घाट क्षेत्र से नशीली दवा बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने टिकरापारा निवासी लक्की उर्फ लकेश्वर यादव को पकड़ा, जिसके कब्जे से 49 नाइट्राजेपाम टैबलेट और बिक्री से मिले 760 रुपये बरामद किए गए. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B), 22(B) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

फरार वारंटियों पर पुलिस की कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 वारंटियों को गिरफ्तार किया है. इनमें 2 स्थायी वारंट और 8 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए. लंबे समय से फरार आरोपियों को करबला, टिकरापारा, सदर बाजार, कुम्हारपारा और अटल आवास क्षेत्रों से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H