Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर की एक छात्रा को हैदराबाद के प्रतिष्ठित कॉलेज में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 12 लाख रुपए की ठगी कर ली. तारबाहर थाना क्षेत्र के विनोबा नगर निवासी ऋषिका तिवारी 12वीं के बाद अच्छे कॉलेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन सर्च कर रही थीं. इसी दौरान सोशल मीडिया और गूगल सर्च पर मिले एक मोबाइल नंबर पर संपर्क हुआ. कॉल के दौरान ठगों ने खुद को एडमिशन से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए IIIT हैदराबाद में शॉर्ट एग्जाम के जरिए प्रवेश दिलाने और 12 लाख रुपए डोनेशन देने की बात कही. ठगों के झांसे  में आकर छात्रा के परिजनों ने बताए गए बैंक खाते में दो किस्तों में कुल 12 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए. 6 जून को आरटीजीएस के जरिए 4 लाख रुपए और 7 जुलाई को दोबारा 8 लाख रुपए भेजे गए. पूरी रकम लेने के बाद भी छात्रा का एडमिशन नहीं कराया गया. जब परिजनों ने पैसे वापस मांगे तो ठगों ने रकम लौटाने से भी इनकार कर दिया. पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने अज्ञात मोबाइलधारक के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 3 और 5 के तहत अपराध दर्ज किया है. पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है.

मेडिकल क्लेम में फर्जीवाड़ा, शिक्षक पर 9 लाख के गबन का केस

बिलासपुर. मेडिकल क्लेम के नाम पर फर्जीवाड़ा कर करीब 9 लाख रुपए के गबन का मामला सामने आया है. शिक्षा विभाग में पदस्थ एलबी शिक्षक साधेलाल पटेल पर वर्ष 2022 से 2024 के बीच कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मेडिकल प्रतिपूर्ति की राशि निकालने का आरोप है. विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाबू सौरभ मजुमदार ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने विभागीय जांच कराई, जिसमें फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मेडिकल क्लेम लेने की पुष्टि हुई. जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षक ने 3 से 4 अन्य मेडिकल क्लेम भी लगाए थे, लेकिन उनकी राशि जारी नहीं हो सकी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है. सिटी कोतवाली पुलिस मेडिकल क्लेम और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है.

विवाद बना हत्या की वजह, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र में ग्रामीण की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. घटना 29 जुलाई की रात ग्राम खुरदुर में हुई थी, जहां किराना दुकान के सामने सामान और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि सिदेशी बघेल की बाँस के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी निखिल यादव और अंकुश रजक को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सना बाँस का डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

एएआई को बिलासपुर एयरपोर्ट सौंपने की तैयारी का विरोध शुरू

बिलासपुर. हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने राज्य सरकार द्वारा बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट का प्रबंधन, ऑपरेशन और विकास एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) को सौंपने के प्रस्ताव पर एक मिश्रित प्रतिक्रिया व्यक्त की है. समिति का मानना है कि जहां एक ओर इस फैसले से एयरपोर्ट के जल्द विकास और गुणवत्तापूर्ण कार्य की गारंटी मिलेगी. वहीं दूसरी ओर एयरपोर्ट के पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर पर राज्य सरकार को अपना मालिकाना हक बरकरार रखना चाहिए. समिति ने राज्य सरकार को आगाह करते हुए कहा कि एयरपोर्ट की 400 एकड़ पुरानी जमीन, 290 एकड़ नई जमीन और वर्तमान में बने-बनाए एयरपोर्ट को पूरी तरह से मुफ्त में एएआई को सौंप देना राज्य के हितों के खिलाफ होगा. समिति को आशंका है कि यदि राज्य सरकार ने अपना मालिकाना हक छोड़ दिया, तो भविष्य में एएआई द्वारा इसका निजीकरण किया जा सकता है, जिससे राज्य सरकार को मिलने वाले राजस्व का भारी नुकसान होगा. हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने इस समस्या का एक व्यावहारिक समाधान सुझाते हुए नागपुर के बाबा साहब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उदाहरण दिया है. समिति के अनुसार 50-50 प्रतिशत की भागीदारी छत्तीसगढ़ सरकार और एएआई को मिलाकर एक संयुक्त उपक्रम बनाया जाना चाहिए. नागपुर मॉडल की तरह इस उपक्रम में भी छत्तीसगढ़ शासन का मालिकाना हक पूरी तरह सुरक्षित रहना चाहिए. राज्य सरकार की लगभग 700 एकड़ जमीन और वर्तमान इंफ्रास्ट्रक्चर की जो कुल कीमत है, उतनी ही राशि एएआई से विकास कार्यों के लिए लगवाई जानी चाहिए. समिति ने अपना रूख स्पष्ट करते हुए कहा कि हम विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन राज्य की संपत्ति को इस तरह गंवाना सही नहीं है. प्रबंधन और विकास की जिम्मेदारी संयुक्त उपक्रम के माध्यम से दी जाए ताकि भविष्य में निजीकरण होने पर भी राज्य के राजस्व और अधिकारों की रक्षा हो सके.

अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक, हेल्पर की मौत 

सरगांव . सरगांव-पथरिया मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे ग्राम धरदाई के पास लोहे के एंगल से लदा एक ट्रक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि ट्रक सड़क किनारे पलट गया और उसमें लदा भारी लोहे का एंगल चारों ओर बिखर गया. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं ट्रक का हेल्पर ट्रक और भारी लोहे के एंगल के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई. ट्रक और लोहे के भारी वजन के कारण देर रात तक उसका शव बाहर नहीं निकाला जा सका. शव निकालने के लिए क्रेन और अन्य भारी मशीनों की सहायता से राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. ट्रक के नीचे दबे हेल्पर तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहे, लेकिन ट्रक में लदे भारी लोहे के एंगल और वाहन के पूरी तरह पलट जाने के कारण बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण बना रहा. दुर्घटना के चलते सरगांव पथरिया मार्ग पर कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. पुलिस एवं प्रशासन की टीम देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही.

मानव श्रृंखला बनाकर बचाई गई युवक की जान

सारंगढ़-बिलाईगढ़. जिले के माधोपाली स्थित लातनाला में कार सहित बह जाने से दंपती की दर्दनाक मौत ने पूरे जिले को शोक में डुबो दिया है, वहीं दूसरी ओर लोग अब भी अपनी जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं. जिले में हुए इतने बड़े हादसे के कुछ ही समय बाद बरमकेला क्षेत्र के सहजपाली में एक युवक ने उफनते नाले को पार करने की कोशिश कर न केवल अपनी जान खतरे में डाल दी, बल्कि उसे बचाने के लिए कई अन्य लोगों को भी अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी. गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ के चलते युवक की जान बच गई, हालांकि उसकी बाइक पानी के तेज बहाव में बह गई. जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण सहजपाली का नाला उफान पर था और पानी पुलिया के ऊपर से तेज बहाव के साथ गुजर रहा था. नाले का बहाव इतना अधिक था कि सामान्य रूप से उसे पार करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता था. इसके बावजूद एक युवक अपनी बाइक लेकर नाले को पार करने पहुंच गया. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे कई बार समझाने और रोकने का प्रयास किया. स्थानीय लोगों ने उसे बताया कि नाले में पानी का बहाव काफी तेज है और उसे पार करना जानलेवा साबित हो सकता है, लेकिन युवक ने किसी की बात को गंभीरता से नहीं लिया.

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस प्रकार उफनते नाले में युवक की बाइक बहने लगती है और स्थानीय लोग मानव श्रृंखला बनाकर उसे बचाने के लिए संघर्ष करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने युवक की लापरवाही की जमकर आलोचना की है. लोगों का कहना है कि हाल ही में जिले में हुए दर्दनाक हादसे के बाद भी यदि लोग ऐसी लापरवाही करेंगे, तो भविष्य में ऐसे हादसों को रोक पाना मुश्किल हो जाएगा.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों के मना करने के बावजूद युवक अपनी बाइक लेकर नाले में उतर गया. कुछ ही दूरी तय करने के बाद पानी के तेज बहाव ने बाइक का संतुलन बिगाड़ दिया. देखते ही देखते युवक और उसकी बाइक बहाव की चपेट में आ गए. यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सभी को इस बात का डर सताने लगा कि कहीं यह घटना भी किसी बड़े हादसे में न बदल जाए. इसके बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए युवक को बचाने के लिए बचाव अभियान शुरू किया. लोगों ने मानव श्रृंखला (ह्यूमन चेन) बनाकर युवक तक पहुंचने का प्रयास किया. कई लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की. काफी मशक्कत के बाद युवक को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उसकी बाइक पानी के तेज बहाव में बह गई. यदि स्थानीय लोग समय रहते सक्रियता नहीं दिखाते, तो यह घटना भी एक दुखद हादसे में बदल सकती थी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H