Bilaspur News Update : बिलासपुर. रतनपुर थाना क्षेत्र में सिल्ली मोड़ के पास पुल के नीचे एक नवजात मिलने से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि अज्ञात व्यक्ति नवजात को वहां छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिम्स रेफर किया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. पुलिस नवजात को छोड़कर जाने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है.
बिजली बिल बकाया पर बड़ी कार्रवाई, 5 हजार स्ट्रीट लाइटें बंद
बिलासपुर. शहर में बिजली बिल के बकाये को लेकर बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. 15 से ज्यादा जगहों की स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काटे गए हैं, जिससे करीब 5 हजार स्ट्रीट लाइटें बंद हो गई हैं. विनोबा नगर, विद्या नगर और सरकंडा समेत कई इलाकों में इसका असर देखने को मिला है. विभाग सोमवार से सरकारी दफ्तरों पर भी कार्रवाई की तैयारी में है. बिलासपुर संभाग के 100 सरकारी कार्यालयों के 20,577 कनेक्शन बकाया सूची में हैं. पुराना बकाया और तीन महीने की अग्रिम राशि जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई होगी. नगर निगम पर करीब 309.94 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया बताया गया है. रायपुर के बाद बिलासपुर प्रदेश में बकाया राशि के मामले में दूसरे नंबर पर है.
पर्वों को लेकर प्रशासन सख्त, सड़क पर पंडाल लगाने पर रोक
बिलासपुर. आगामी पर्वों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है. सड़क पर पूजा पंडाल लगाने पर रोक लगाई गई है, जबकि सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी लगाना अनिवार्य किया गया है. गणेश विसर्जन के लिए पचरीघाट, सरकंडा और छठ घाट तोरवा को निर्धारित किया गया है. विसर्जन से पहले संबंधित थाना प्रभारी को जानकारी देना अनिवार्य होगा. वहीं, 26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं. जुलूस में डीजे, आतिशबाजी और हथियारों पर रोक रहेगी. गणेशोत्सव और मिलादुन्नबी के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.
जैतपुरी गौधाम में गोवंश की मौत का आरोप
बिलासपुर. मस्तूरी के जैतपुरी गौधाम में लगातार गोवंश की मौत होने का आरोप लगाते हुए गौसेवकों ने जांच और कार्रवाई की मांग की है. गौसेवकों ने पशुपालन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा शहर से पकड़े गए गोवंश को गौधाम में क्षमता से अधिक संख्या में रखा जा रहा है. गौधाम में कई गोवंश कीचड़ में फंसे मिले और उनकी हालत गंभीर बताई गई. मरणासन्न गोवंश को उपचार के लिए बिलासपुर गौ सेवा धाम शिफ्ट किया गया है. गौसेवकों ने जैतपुरी की घटना को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के साथ गौधाम में नियमित पशु चिकित्सा जांच और अधिकारियों के निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
चोरी का माल खरीदने वाला सोनार गिरफ्तार
बिलासपुर. रतनपुर पुलिस ने महिला झपटमारी गैंग से चोरी किया गया सोना खरीदने के आरोप में कटघोरा निवासी सोनार गौतम दुबे को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गैंग द्वारा चोरी की गई सोने की चैन और मंगलसूत्र खरीदे थे. उसके कब्जे से करीब 67 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया गया है. पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को गौतम दुबे के बारे में जानकारी मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया.
जुए के फड़ पर पुलिस की रेड, 7 गिरफ्तार
बिलासपुर. शहर के कोनी क्षेत्र में छोटी कोनी स्थित SBI बैंक के पीछे जुआ खेलते हुए पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार बिजली की रोशनी में मौके पर जुए का फड़ चल रहा था. घेराबंदी कर कोनी पुलिस ने जुआरियों को पकड़ा. आरोपियों के कब्जे से 12,100 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद की गई है. पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और धारा 112 BNS के तहत कार्रवाई की है.
तिफरा-महाराणा प्रताप ओवरब्रिज के बीच युवक से मारपीट
बिलासपुर. तिफरा से महाराणा प्रताप ओवरब्रिज के बीच एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ लोगों ने लूट की नीयत से युवक का पीछा किया और रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की. इस दौरान चाकू या लोहे के पंच से हमला किए जाने की बात सामने आई है. हमले में युवक के कान के पीछे गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

