Bilaspur News Update : बिलासपुर. युवक की गर्दन पर ब्लेड से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी मो. समीर, जो बिलासपुर के तालापारा का निवासी है, घटना के बाद अपनी स्कूटी रेलवे स्टेशन पार्किंग में छोड़कर महाराष्ट्र के भंडारा भाग गया था. वारदात 15 जून को हुई थी. लगातार तलाश के बाद पुलिस ने उसे बिलासपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया. आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ब्लेड और स्कूटी भी बरामद कर ली गई है. सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है.
अपहरण कर फिरौती मांगने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र में अपहरण कर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी इशान सारथी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने घनश्याम पाटले को चाकू की नोक पर बाइक से जंगल ले जाकर उसकी गांजा के साथ फोटो खींची और उसकी मां को फोन कर पुलिस केस रफादफा कराने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की. फिरौती लेने के लिए महामाया बाईपास और हेलीपेड के पास बुलाया गया था. परिजनों को संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया गया. मामले में सोम रजक, निखिल उर्फ एलियन और यश की तलाश जारी है.
धारदार हथियार से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. बिल्हा थाना क्षेत्र में बारात के दौरान हुए मारपीट और चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने आरोपी पकलू बंजारे को गिरफ्तार किया है. 30 अप्रैल को बिटकुली गांव में डीजे पर नाचने के दौरान हाथ लगने की मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी ने तीन युवकों से मारपीट की और सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया, जिसमें सुजीत जोशी गंभीर रूप से घायल हो गया था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है.
डॉ. चन्द्रा को मिलेगा कम्मू राष्ट्र गौरव सम्मान
सारागांव. नगर के नवीन महाविद्यालय मे पदस्थ प्राध्यापक भौतिक विज्ञानी एवं वैज्ञानिक डॉ. अंगेश चन्द्रा का चयन राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित कम्मू राष्ट्र गौरव सम्मान 2026 के लिए किया गया है. यह सम्मान कमला देवी जनसेवा संस्थान, सीकर (राजस्थान) द्वारा प्रदान किया जाता है. संस्थान द्वारा जारी चयनित प्रतिभागियों की सूची में डॉ. चन्द्रा का नाम भी शामिल है. अनुसंधान तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके निरंतर एवं उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है. भौतिक शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डा. चन्द्रा शिक्षण के साथ-साथ वैज्ञानिक अनुसंधान गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक शोध पत्र प्रकाशित कर चुके हैं. डॉ. चन्द्रा का यह चयन न केवल उनके व्यक्तिगत शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक अवदान का सम्मान है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य तथा उनके गृह क्षेत्र चुरतेला, डभरा के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है. संस्थान द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर के ऑनलाइन सम्मान समारोह में देशभर से चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा.

