Bilaspur News Update : बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कल 14 सितम्बर को रद्द की गई 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर का परिचालन पुनः बहाल कर दिया गया है. रायपुर मंडल के उरकुरा-रायपुर स्टोर डिपो के मध्य दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग/नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण उक्त गाड़ी को रद्द किया गया था. तीज त्यौहार के दौरान आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से अब 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर का परिचालन 14 सितम्बर 2026 को बहाल कर दिया गया है. वहीं रेलवे 58206 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-रायपुर पैसेंजर और 68745 गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर को बहाल नहीं है. जो रद्द रहेगी. ज्ञात हो कि रविवार को आठ लोकल ट्रेंने रद्द रही. जिससे तीज में जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

जेल से छूटे आरोपियों का भारी पड़ा फूल-माला से स्वागत

बिलासपुर. जेल से जमानत पर छूटे आरोपियों का फूल-माला से स्वागत कर हुल्लड़ करना एक युवक को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद सकरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी सकरी के समक्ष पेश किया. सकरी टीआई उमेश साहू ने बताया कि 6 सितंबर को इंस्टाग्राम पेज पर दो युवकों का चाकू लहराते हुए डांस करने का वीडियो सामने आया था. वीडियो के आधार पर सकरी पुलिस ने बजरंग मोहल्ला निवासी सुनील पाल उर्फ बुट्टी (20) और बंधवापारा निवासी ओम प्रकाश साकर उर्फ बिट्टू (20) को गिरफ्तार किया था. दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी. न्यायालय के आदेश पर दोनों को केंद्रीय जेल बिलासपुर भेजा गया था. बाद में न्यायालय से जमानत मिलने पर दोनों आरोपी जेल से बाहर आए. उनके समर्थकों ने उनका महिमामंडन करते हुए फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और हुल्लड़ किया. इस दौरान बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने बजरंग पारा निवासी हिमेश यादव (25) के खिलाफ कार्रवाई की. पुलिस ने 13 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर धारा 170, 126, 135 (3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और कार्यपालिक दंडाधिकारी सकरी के समक्ष पेश किया.

एथर एनर्जी की डीलरशिप के नाम पर लाखों की ठगी

पेंड्रा. इलेट्रिरक स्कूटी कंपनी एथर एनर्जी की डीलरशिप दिलाने के नाम पर पेंड्रारोड के एक ऑटो पार्ट्स कारोबारी से 3 लाख 60 हजार 500 रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है. आरोपियों ने खुद को कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि बताकर कारोबारी को डीलरशिप दिलाने का भरोसा दिया और पंजीयन, प्रक्रिया व अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई. रकम मिलने के बाद डीलरशिप नहीं दी गई और आरोपियों ने संपर्क करना बंद कर दिया. मामले में गौरेला पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार ग्राम अहिरानटोला, बांधामुड़ा निवासी 29 वर्षीय खुशीराम यादव रेस्ट हाउस रोड, डीपूपारा गौरेला में बाबा ऑटो पार्ट्स नाम से दुकान संचालित करते हैं. शिकायत के मुताबिक 24 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2:27 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया. कॉल करने वाले ने खुद को एथर एनर्जी कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए इलेट्रिक स्कूटी की डीलरशिप के संबंध में जानकारी दी. कारोबारी ने डीलरशिप लेने में रुचि दिखाई तो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कथित कंपनी प्रतिनिधियों ने उनसे संपर्क किया. उन्होंने खुद को डीलरशिप दिलाने के लिए अधिकृत व्यक्ति बताया और पूरी प्रक्रिया कराने का भरोसा दिया. कारोबारी ने 11 सितंबर को थाना गौरेला में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी में कितने लोग शामिल हैं और आरोपियों ने कंपनी के नाम का इस्तेमाल किस तरह किया. मामले में जांच जारी है.

झाड़ियों में मिला महिला का शव

पेंड्रा. औद्योगिक क्षेत्र अंजनी स्थित जेपी एग्रोटेक मिल के पीछे झाड़ियों में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है. वह अपने पति और दो बच्चों के साथ पिछले करीब सात वर्षों से मिल के लेबर रूम में रह रही थी. महिला के पति ने अज्ञात व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने की आशंका जताई है. पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारा 103 (1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली निवासी सुमित कुमार यादव जेपी एग्रोटेक मिल में ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है. रात करीब दो बजे वह परिवार के साथ कमरे में सो रहा था. इसी दौरान दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर वह उठा. बाहर उसका एक परिचित मिला. सुमित के अनुसार उसकी पत्नी लक्ष्मी ने दरवाजा खोला और इसके बाद वापस बिस्तर पर जाकर मोबाइल चलाने लगी. कुछ देर बाद सुमित काम के लिए मिल चला गया. सुबह करीब सात बजे मिल से लौटने पर एक सहकर्मी ने उसे बताया कि उसका बेटा आर्यन मां के घर में नहीं होने की बात कह रहा है. सुमित ने कमरे में जाकर देखा तो पत्नी वहां नहीं थी. उसने पहले समझा कि लक्ष्मी रोजाना की तरह सुबह फूल तोड़ने गई होगी और वापस आ जाएगी. करीब 10 बजे तक इंतजार करने के बाद भी जब वह नहीं लौटी तो उसने साथियों के साथ आसपास के गांवों और रेलवे स्टेशन में उसकी तलाश शुरू की. दोपहर करीब तीन बजे मवेशी चराने वाली एक महिला ने मिल के पास झाड़ियों में महिला का शव पड़े होने की जानकारी दी. मौके पर पहुंचकर सुमित ने शव की पहचान अपनी पत्नी लक्ष्मी के रूप में की. शिकायत के अनुसार महिला की गर्दन पर चोट के निशान थे और खून भी निकला हुआ था. वहीं कमर के नीचे का कपड़ा शव से कुछ दूरी पर पड़ा मिला. घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की. हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. मामले की जांच जारी है.

तलवार लेकर लोगों को जान से मारने की दी धमकी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोरबा. शहर में तलवार लहराकर लोगों में दशहत फैलाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. नशे की हालत में वह लोगों को गाली देकर जान से मारने की धमकी दे रहा था. सड़कों पर वह तलवार लेकर घूम रहा था, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोचा और तलवार जब्त कर लिया. घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुराना काशी नगर की है. सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि स्थानीय लोगों ने फोन कर घटना की सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक ने भागने का प्रयास किया. आरोपी को पकड़ाकर उसके कब्जे से तलवार जप्त किया गया. आोरपी के खिलाफ  आर्म्स एक्ट में कार्रवाई जारी

रेलवे स्टेशन में युवक की संदिग्ध मौत

सक्ती. रेलवे स्टेशन में युवक की संदिग्ध मौत हो गई. उसके जेब में रखे 60 हजार रुपये व मोबाइल गायब बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सोठी निवासी अधिवक्ता खिलेश्वर साहू के 29 वर्षीय पुत्र हेमंत साहू की सक्ती रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद सोठी गांव सहित क्षेत्र में शोक का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता खिलेश्वर साहू अपने पुत्र हेमंत को सक्ती रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौट गए थे. सुबह करीब 10 बजे परिजनों को स्टेशन परिसर में हेमंत की मौत की सूचना मिली. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां जीआरपी पुलिस जांच में जुटी हुई थी. मृतक के पिता के अनुसार हेमंत के बैग में करीब 60 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और पर्स था. पर्स में आधार कार्ड एवं पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज थे, जो घटना के बाद नहीं मिले. इससे परिजनों ने घटना को लेकर कई सवाल उठाए हैं. आशंका जताई जा रही है कि हेमंत की मौत सुबह 6 से 7 बजे के बीच रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज के पास हुई होगी. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. जीआरपी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस गायब हुए नगदी, मोबाइल एवं अन्य सामान के संबंध में भी जांच कर रही है.

बीजेपी पार्षद पर जानलेवा हमला

रायगढ़. वशहर के जूटमिल इलाके में शनिवार देर रात मीना बाजार से अपने घर लौट रहे वार्ड 36 के बीजेपी पार्षद विजय चौहान पर एक बदमाश ने मटन मार्केट के पास लोहे के रॉड से हमला कर दिया. इस हमले में पार्षद का सिर फट गया है और उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. पार्षद के सिर में 13 टांके लगे हैं. अभी भी पार्षद का इलाज जारी है. आरोपी की तलाश में पुलिस लगी हुई है. घटना रात करीब 9:45 बजे की है. पार्षद विजय चौहान मीना बाजार से अपने घर राजीव गांधी नगर लौट रहे थे. इसी पास उन्होंने देखा कि कमल सारथी नाम का एक युवक किसी व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहा है. पार्षद ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की. इस बात पर आरोपी कमल सारथी भड़क गया. उसने पार्षद को गालियां दी और वहां मौजूद लोहे के रॉड से उनके सिर पर सीधा वार कर दिया. सिर पर गहरी चोट लगने से पार्षद खून से लथपथ हो गए. इसके बाद वे किसी तरह अपनी जान बचाकर खुद बाइक चलाते हुए जूटमिल थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया.