Bilaspur News Update : बिलासपुर. सिरगिट्टी क्षेत्र में पेयजल संकट गंभीर रूप लेता जा रहा है. नगर निगम क्षेत्र के तीन वार्डों के रहवासी पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं. पीने के पानी और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लोगों की निर्भरता टैंकरों पर बढ़ गई है. घंटों इंतजार के बाद टैंकरों से पानी मिल पा रहा है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है. नगर निगम क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद क्षेत्रवासी मूलभूत सुविधा के लिए भटकने को मजबूर हैं. सुबह से रात तक लोग पानी की तलाश में जुटे रहते हैं. टैंकर पहुंचते ही पानी भरने के लिए भीड़ उमड़ पड़ती है. बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी पानी के लिए संघर्ष करते नजर आ रहे हैं.
प्रेशर होर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस की सख्ती
बिलासपुर. बिलासपुर यातायात पुलिस ने प्रेशर हॉर्न, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. अभियान के दौरान 20 बसों सहित कई वाहनों की जांच की गई, जिनमें नियमों के विपरीत लगे प्रेशर हॉर्न और अन्य उपकरण पाए गए. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जबकि गंभीर मामलों में प्रकरण तैयार कर न्यायालय भेजा गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले दुकान संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. यातायात पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
शांति भंग करने वाले 13 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. बिलासपुर की सकरी पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने वाले 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पुरानी रंजिश, मारपीट और विवाद से जुड़े मामले सामने आए थे. ईरानी मोहल्ला पांड और सैदा क्षेत्र के रहने वाले इन आरोपियों पर पहले भी मारपीट और धमकी के प्रकरण दर्ज हो चुके थे, लेकिन इसके बावजूद वे लगातार विवाद और झगड़े कर क्षेत्र की शांति व्यवस्था को प्रभावित कर रहे थे. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगाशा तैयार कर कार्रवाई की है. पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
फर्नीचर दुकान में लगी भीषण आग
कोरबा. बांकी मोंगरा अंतर्गत सोमवारी बाजार स्थित एक फर्नीचर दुकान में भीषण आग लग गई. जब तक आग पर काबू पाया जाता हजारों रुपए कीमती फर्नीचर जलकर खाक हो गए. प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है. आग की लपटें इतनी तेज थी कि दुकान की छत की सीटें भी टूटकर बाहर निकलने लगीं. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. बांकीमोंगरा थाना अंतर्गत सोमवारी बाजार में फर्नीचर दुकान संचालित है. जहां अचानक आग लग गई. दुकान के भीतर बड़ी मात्रा में लकड़ी, सोफा, कुर्सियां, टेबल और अन्य महंगे फर्नीचर रखे हुए थे. आग लगते ही लकड़ी के सामनों के कारण तेजी से फैल गई. कुछ ही देर में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया. लोगों को आशंका थी कि आग यदि आगे बढ़ती तो आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी. स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करवाई और आग को फैलने से रोकने के प्रयास शुरू किए. स्थानीय लोगों ने डायल 112 और दमकल विभाग को सूचना दी. स्थानीय लोगों ने बताया कि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची. ऐसे में लोगों ने बाल्टी, ड्रम और पाइप के जरिए पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. रहवासियों और व्यापारियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की. काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका, लेकिन तब तक दुकान के भीतर रखा अधिकांश फर्नीचर और लकड़ी का सामान पूरी तरह जल चुका था. घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने आग लगने के कारणों की विवेचना शुरू कर दी है. फिलहाल शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है. हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

