Bilaspur News Update : बिलासपुर. तोरवा थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके घर में रह रही एक महिला ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके दाहिने हाथ और बाएं पैर में चोटें आई हैं. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी अपनी पत्नी के निधन के बाद घरेलू कामकाज के लिए करीब दो वर्ष पहले उक्त महिला को अपने घर लेकर आया था. किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने कथित तौर पर मारपीट कर दी. फिलहाल तोरवा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बिलासपुर-पेंड्रा मार्ग पर गिरा विशाल पेड़
बिलासपुर. बिलासपुर-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर बांसाझाल के पास एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया. घटना के समय सड़क से गुजर रहे राहगीर और वाहन चालक बाल-बाल बच गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया. पेड़ गिरने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. लगातार बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ होने से कई वाहन फंस गए और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोग भी पेड़ हटाने और यातायात सुचारु कराने के प्रयास में जुट गए. इसी दौरान कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव मौके से गुजर रहे थे. उन्होंने तत्काल अपना वाहन रोककर हालात का जायजा लिया और राहत कार्य में सहयोग किया. कीचड़ में फंसे एक पिकअप वाहन को रस्सी की मदद से अपने वाहन से खिंचवाकर बाहर निकलवाया, जिससे वाहन चालक और अन्य यात्रियों को राहत मिली. विधायक ने मौके पर मौजूद लोगों का हौसला बढ़ाया और प्रशासन को भी स्थिति की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का काम शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद मार्ग को आंशिक रूप से चालू कराया गया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो सकी.
कोनी रोड पर कार में स्टंट हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान
बिलासपुर. हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद चलते वाहन में स्टंट बाजी थमने का नाम नहीं ले रही है. कोनी रोड में कार का सनरूफ खोलकर स्टंट करने का वीडियो वायरल होने पर हाईकोर्ट ने एसएसपी बिलासपुर को नोटिस जारी कर पूछा है कि, स्टंट में शामिल लोगों पर क्या कार्रवाई की गई. मामले में कल बुधवार को चीफ जस्टिस की डीबी में सुनवाई होगी. कोनी रोड में एक कार के सनरूफ खोलकर युवाओं के स्टंट करने का वीडियो वायरल हुआ है. इस मामले को हाईकोर्ट ने संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था. मामले की सुनवाई के दौरान शासन की ओर से कहा गया कि पुलिस अधिकारियों ने कानून के मुताबिक सही कार्रवाई की है. यह भी कहा गया है कि 4. अगस्त की इस घटना में भी, पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई निश्चित की है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. कोर्ट ने कहा कि पहले बताए गए मामले के तथ्यों और हालात को देखते हुए, और सरकारी वकील की इस बात पर ध्यान देते हुए कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अखबार में छपी घटना के संबंध में तुरंत कार्रवाई तय की है, बिलासपुर के एसएसपी को अपना पर्सनल एफिडेविट फाइल करने का निर्देश दिया जाता है, जिसमें यह बताया गया हो कि बताई गई खबर के आधार पर क्या कार्रवाई की गई,. इसमें शामिल लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए इस कोर्ट द्वारा जारी आदेश का असरदार तरीके से पालन सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदम शामिल हों. इस मामले को कल, 5. अगस्त के लिए निर्धारित किया गया है.
करंट की चपेट में आने से 2 मजदूरों की मौत
बिलासपुर. शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र रिंग रोड नंबर-2 अंतर्गत स्वर्ण जयंती नगर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई. निर्माणाधीन मकान की छत पर काम के दौरान दोनों युवक ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची. मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 4 बजे कस्तूरबा नगर स्थित अनुप सिंह के निर्माणाधीन मकान में छत पर काम चल रहा था. इसी दौरान वहां मजदूरी कर रहे दो युवक अचानक मकान के बेहद करीब से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए. तेज करंट लगते ही दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने पाया कि एक युवक का शव मकान की छत पर पड़ा था, जबकि दूसरा युवक करंट लगने के बाद दीवार के सहारे बिजली लाइन के पास लटका हुआ था. दोनों की स्थिति देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए. पुलिस ने मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू 45 वर्ष पिता लखन लाल साहू तथा रवि बंजारे 40 वर्ष निवासी अशोक नगर, डीएलएस कॉलेज के पास सरकंडा के रूप में की है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मजदूर निर्माण कार्य के लिए मौके पर पहुंचे थे और काम के दौरान हादसे का शिकार हो गए. घटना के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
वित्तीय अनियमितता मामले में ग्राम पंचायत सचिव निलंबित
बिलासपुर. जनपद पंचायत तखतपुर की ग्राम पंचायत नगोई में निर्माण कार्यों और विभिन्न योजनाओं के तहत राशि खर्च करने में सामने आई कथित वित्तीय अनियमितताओं पर जिला पंचायत ने बड़ी कार्रवाई की है. जिला स्तरीय जांच दल की रिपोर्ट और सचिव के जवाब के परीक्षण के बाद ग्राम पंचायत सचिव तुलसी ध्रुव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत मस्तूरी निर्धारित किया गया है. जला पंचायत कार्यालय से 3 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार, जांच दल ने ग्राम पंचायत नगोई के अभिलेखों की जांच और विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया था. जांच में पाया गया कि रोकड़ पंजी लेखा नियम 1999 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए 10 हजार रुपये या उससे अधिक के भुगतान को खाते में देय चेक के माध्यम से करने के बजाय 12 लाख 14 हजार 701 रुपये की राशि नकद आहरित कर सामग्री खरीदी में खर्च की गई. जांच में नाली सफाई, चबूतरा निर्माण और प्राथमिक शाला अतिरिक्त कक्ष निर्माण जैसे कार्यों में मजदूरी भुगतान के बिल-वाउचर में कार्य दिवस और तिथि दर्ज नहीं होने से 1 लाख 88 हजार 328 रुपये की वित्तीय अनियमितता भी सामने आई. वहीं भवन निर्माण की 30 हजार रुपये की मजदूरी तथा सीसी रोड और सामुदायिक भवन निर्माण में ट्रेडर्स की पावती पर हस्ताक्षर के बिना 4 लाख 81 हजार 782 रुपये खर्च किए जाने का उल्लेख जांच रिपोर्ट में है. इसके अलावा मूलभूत मद से 36 हजार रुपये का पंप सेट और जनपद विकास निधि से 80 हजार रुपये की स्ट्रीट लाइट खरीदी गई, लेकिन सामग्री क्रय नियमों का पालन नहीं किया गया और इन्हें स्टॉक पंजी में दर्ज भी नहीं किया गया. 15 वें वित्त योजना से खरीदे गए 1 लाख 16 हजार 200 रुपये के मोटर पंप और पाइप को भी स्टॉक पंजी में दर्ज नहीं किए जाने की बात सामने आई.
वित्तीय अनियमितता के आधार पर कार्रवाई
जांच में यह भी पाया गया कि पंचायत लेखा नियम के तहत निर्धारित 16 पंजी में से रोकड़ पंजी और रसीद बुक के अलावा अन्य 12 पंजी संधारित नहीं की गई थीं. स्थल निरीक्षण में 14 निर्माण कार्य पूर्ण मिले, लेकिन 15वें वित्त मद से दो पंपों के संधारण कार्य का प्राक्कलन तैयार किए बिना काम कराए जाने की अनियमितता भी दर्ज की गई. इन मामलों में सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. उनका जवाब जांच में संतोषप्रद नहीं पाया गया. इसके बाद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने पंचायत सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन और वित्तीय अनियमितताओं के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की है.
तैर कर पार करने की लगाई शर्त, डूबने से युवक की मौत
अकलतरा. ग्राम पंडरिया के तालाब में कटघरी निवासी युवक की डूबने से मौत हो गई है. पंडरिया के जिस तालाब में दीपक कंवर पिता शिवनंदन सिंह कंवर उम्र लगभग 25 वर्ष सुबह नहाने गया था उस तालाब में कुछ माह पहले गहरीकरण किया गया था. बताया जा रहा है कि दीपक कंवर और उसका दोस्त दोनों तालाब नहाने गए थे और दोनों तालाब में बैठ कर शराब पी. उसके बाद दोनों दोस्तों ने तालाब को इस पार से उस पार तैरकर पार करने की शर्त लगाई तब दीपक कंवर ने तालाब में छलांग लगायी और तैर कर आगे बढ़ने लगा लेकिन तालाब में गहरीकरण और खुद भी नशे में होने की वजह से वो आगे तैर नहीं पाया और डूबने लगा. उसे डूबते देखकर उसका दोस्त उसे बचाने लगा लेकिन तब तक वह डूब गया था तब उसके दोस्त ने घटना की सूचना घरवालों और सरपंच को दी, फिर सरपंच ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस प्रशासन ने तैराक बुलाकर दीपक कंवर का शव ढूंढवाया. दीपक कंवर का शव मिल गया. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया तथा पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंपा गया.
रेलवे ट्रैक पर युवक की लाश मिली
अकलतरा. रेलवे स्टेशन से लटिया फाटक के बीच अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान करने का प्रयास किया तथा इसके लिए सोशल मीडिया का भी सहयोग लिया. ऐसा माना जा रहा है कि उक्त व्यक्ति आत्महत्या करने के लिए ही ट्रेन के सामने कूदा हो जिससे ट्रेन से लगी गंभीर चोट के कारण मृतक के सिर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ हिस्सा बाहर निकल आया है. अकलतरा पुलिस को सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंचकर मृतक की पहचान का प्रयास किया तथा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करवाकर शव मरच्यूरी में रखवाया है. मृतक की जेब से किसी तरह का कोई पहचान का चिन्ह या आधार कार्ड नहीं मिलने से पहचान में परेशानी हुई. वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान पोड़ी भाटा में रहने वाले शिवदास मानिकपुरी पिता नैनदास मानिकपुरी उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप में हुई. शिवदास मानिकपुरी कुछ दिनों से परेशान बताया जा रहा है अचानक कल रात्रि वह घर से निकला और उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली. घरवाले उसे अपने रिश्तेदारो में ढूंढ रहे थे. पुलिस ने शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया.

महिला पंचायत सचिव हत्याकांड के दोषी को उम्रकैद
कोरबा. तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार नंदे के न्यायालय ने चर्चित महिला पंचायत सचिव की कत्ल के मामले में फैसला दे दिया है. मामले में दोषी पंचायत सचिव को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है. दोषी ने मृतिका से मंदिर में शादी की थी. उसने संतान को लेकर हुए विवाद पर गर्भवती पत्नि के मुंह व नाक को तकिया से दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद शव का कागज के ढेर में रख आग के हवाले कर दिया. उसने पुलिस को गुमराह करने आत्महत्या का झूठी कहानी सुनाई थी, लेकिन पुलिस जांच में वह खुद को नहीं बचा सका.
अतिरिक्त लोक अभियोजक कृष्ण कुमार द्विवेदी के मुताबिक घटना सिविल लाइन थानांतर्गत हाऊसिंग बोर्ड कालोनी गोकुल नगर में घटित हुई थी. हरदीबाजार थानांतर्गत ग्राम छुईया पारा निवासी अभिनेक लदेर पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत था. उसने महिला पंचायत सचिव सुषमा खुसरो से बिलासपुर के एक मंदिर में शादी की थी. वे शादी के बाद हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में किराए के मकान पर रह रहे थे. अभिनेक ने 22 जुलाई 2025 को सिविल लाइन थाना पहुंचकर सुषमा के अग्निस्नान कर आत्महत्या की सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तो मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ. मामले में वैधानिक कार्रवाई उपरांत तत्कालिन थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने एएसआई दुर्गेश राठौर के साथ मिलकर जांच पड़ताल शुरू की. इस दौरान अभिनेक की कहानी झूठी निकली. दरअसल सुषमा डेढ़ माह की गर्भ में थी, जबकि अभिनेक संतान नही चाहता था. जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान अभिनेक ने तकिया से मुंह व नाक को दबाकर सुषमा की हत्या कर दी. उसके शव को कागज के ढेर में रख आग के हवाले कर दिया. वह खुद वारदात को अंजाम देने के बाद अपने काम पर चला गया. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने भी गुनाह कबूल कर लिया. मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की थी. मामले की सुनवाई तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार नंदे के न्यायालय में चल रही थी. सुनवाई के दौरान आरोपी के खिलाफ तमाम साक्ष्य व सबूत पेश किए गए. कोर्ट में चार मर्तबा गवाहों का बयान कराया गया. पुलिस की बेहतर विवेचना और प्रस्तुत साक्ष्य के आधार पर आरोप सिद्ध हो गया. कोर्ट ने दोषी को आजीवन कारावास व अर्थदंड से दंडित किया है. यदि दोषी अर्थदंड अदा नही करता है, तो उसे अतिरिक्त कारावास भुगतनी होगी.
सोची समझी साजिश के तहत दिया अंजाम
दोषी अभिनेक ने महिला पंचायत सचिव के हत्या सोची समझी साजिश के साथ की थी. उसने हत्या के बाद शव को कागज के ढेर में रख आग के हवाले कर दिया. इसके बाद टीपी नगर स्थित बैंक चला गया. वह बैंक से निकलकर बालकों क्षेत्र में घूमता रहा, ताकि उस पर किसी को संदेह न हो. वह खिड़की के रास्ते मकान के भीतर पहुंचा था, लेकिन उसकी चालाकी उस समय धरी की धरी रह गई, जब पुलिस ने तमाम साक्ष्य एकत्रित कर लिए.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


