Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर में एक रिटायर्ड कर्मचारी से 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि ओडिशा की एक कंपनी ने इंजन ऑयल एजेंसी दिलाने और 50 प्रतिशत मुनाफे के साथ चैनल पार्टनर बनाने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में रकम वसूली. मामले में कंपनी के डायरेक्टर और उसके सहयोगी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. भुवनेश्वर में दर्ज जीरो एफआईआर को सरकंडा थाने ट्रांसफर कर दिया गया है, जहां पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी खिलावन सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी खोरसी गांव का निवासी है. पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार दोनों के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे. आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर युवती को रायपुर ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से मुकर गया. मामले की जांच जारी है.

नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. बिलासपुर में मजदूरी करने आए एक मिस्त्री की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान ग्राम बिनेका निवासी रंजीत कुमार टंडन के रूप में हुई है. आरोप है कि उसने नाबालिग को पुणे घुमाने का झांसा देकर उसके साथ छेड़छाड़ की और उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था. पुलिस को आरोपी के खिलाफ पहले भी छेड़छाड़ से जुड़े मामलों में कार्रवाई की जानकारी मिली है. मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

narayana

खाद की कालाबाजारी पर दुकान सील

जांजगीर-चांपा. खाद की कालाबाजारी पर नकेल कसने शनिवार को कृषि विभाग की टीम ने उर्वरक दुकानों में छापामार कार्रवाई की. इस दौरान अनियमितता पाए जाने पर 3943 बोरी खाद जब्त की गई. वहीं एक दुकान को सील करने की कार्रवाई की गई.

जिले के उर्वरक निरीक्षकों द्वारा शनिवार 6 जून को निजी कृषि केन्द्रों का निरीक्षण किया गया. उर्वरक निरीक्षकों की 3 टीम ने निजी उर्वरक विक्रेताओं के यहां कुल 3943 बोरी उर्वरक की जब्ती एवं गोदाम सील की कारवाई की. विवेक ट्रेडर्स बम्हनीडीह में निरीक्षण के दौरान यूरिया 1786 बोरी, टी.एस.पी. 300 बोरी, सिंगल सुपर फास्फेट 300 बोरी, एन.पी.के. 105 बोरी, कुल 2491 बोरी उर्वरक का पॉस मशीन में दर्शित मात्रा का गोदाम में भण्डारित मात्रा से मिलान न होने पर उर्वरक विक्रेता के गोदाम में भण्डारित उर्वरक को जब्ती की कारवाई की गई. इसी प्रकार प्रकाश कृषि केन्द्र, खरौद में बिना पॉस के अवैध रूप से भण्डारित कुल 616 बोरी उर्वरक जब्त एवं विक्रय प्रतिबंध कर गोदाम को सील किया गया. मेसर्स रामगोपाल साहू कृषि केन्द्र ग्राम सिलादेही में निरीक्षण के दौरान गोदाम में भण्डारित कुल 836 बोरी उर्वरक का रिकार्ड संधारित न रखने, पॉस से मिलान न होने एवं सही रूप से बिल न काटने के कारण विक्रय प्रतिबंध की कारवाई की गई.

अवैध रेत खनन पर छापा, पोकलेन मशीन जब्त

रायगढ़. खनिज विभाग की टीम ने बड़े डूमरपाली में अवैध रेत उत्खनन के मामले में कार्रवाई करते हुए एक चैन माउंटेड पोकलेन मशीन जब्त कर सील कर दी. जानकारी के अनुसार बड़े डूमरपाली निवासी यशवंत डडसेना द्वारा चैन माउंटेड मशीन से अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी. शिकायत के आधार पर खनि निरीक्षक और खनिज

उड़नदस्ता दल ने ग्राम बड़े डूमरपाली में दबिश दी. जांच के दौरान अवैध रेत उत्खनन में लगी एक पोकलेन मशीन पकड़ी गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर सील कर दिया गया. जब्त मशीन को ग्राम सरपंच की सुपुर्दगी में रखा गया है. वाहन मालिक के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23, क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. विभाग द्वारा आगे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H