बिलासपुर। सोमवार शाम आए तेज आंधी-तूफान से जिले की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई. शाम करीब 4 बजे से कई इलाकों में बिजली कट गई, जो कुछ जगहों पर रात 9 बजे के बाद ही बहाल हो सकी. कई स्थानों पर रात 10 बजे तक भी सप्लाई सामान्य नहीं हो पाई.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : सीएम साय 375 नई एंबुलेंस को दिखाएंगे हरी झंडी, तीन दिवसीय कुंवरगढ़ महोत्सव का होगा आगाज, नए बोर खनन पर पूर्ण प्रतिबंध, जेलों में शुरू होगी वीडियो-ऑडियो कॉलिंग सुविधा, अब नियमित चलेगी रक्सौल-तिरुपति स्पेशल ट्रेन

पुराना बस स्टैंड के पास बिजली खंभे पर पेड़ गिरने से जिला अस्पताल और मातृ शिशु अस्पताल की बिजली बाधित हो गई. देर रात तक सुधार कार्य चलते रहने से अस्पतालों में अंधेरा रहा. इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हुई.

तूफान के कारण बरतोरी, तिफरा, सिरगिट्टी, तोरवा, राजकिशोर नगर, दयालबंद, सरकंडा और कोनी क्षेत्रों में बार-बार ट्रिपिंग होती रही. सकरी फीडर के नेचर सिटी और आसमा कॉलोनी में 11 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से करीब 6 घंटे तक बिजली बंद रही. तार उलझ जाने के कारण सुधार कार्य में समय लगा.

सकरी सिंचाई कॉलोनी, पेंडारी और हांफा क्षेत्र में लगभग 5 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही. तिफरा क्षेत्र में 11 केवी ब्रेकडाउन और एलटी लाइन फेल होने से शाम 4 बजे से रात करीब पौने 10 बजे तक बिजली बंद रही. बरतोरी के 11 केवी लाइन में खराबी के कारण करीब 54 गांवों में 6 घंटे तक बिजली नहीं रही.

मैग्नेटो मॉल और श्रीकांत वर्मा मार्ग में बिजली तार पर फ्लेक्स गिरने से भी सप्लाई बाधित हुई. दीनदयाल कॉलोनी में केबल खराब होने से करीब 4 घंटे तक बिजली बंद रही. बिजली विभाग के कर्मचारी देर रात तक सुधार कार्य में जुटे रहे, जिसके बाद कई क्षेत्रों में धीरे-धीरे सप्लाई बहाल की गई.

रिजल्ट से बिफरे एलएलबी के छात्रों ने किया प्रदर्शन

बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी ने विधि के छात्रों का परीक्षा परिणाम जारी किया है. परिणाम से नाखुश छात्रों ने प्रदर्शन किया.

इसमें बीकॉम एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के छात्रों का 25.86 प्रतिशत रिजल्ट है. इसी तरह एलएलएम प्रथम सेमेस्टर में का परिणाम 50.35 प्रतिशत रहा. वहीं बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर का परिणाम 47.87 प्रतिशत दर्ज किया गया.

इसके विपरीत बीए एलएलबी तृतीय सेमेस्टर में 78.57 प्रतिशत और नवम सेमेस्टर में 84.34 प्रतिशत छात्र पास हुए. एलएलबी पार्ट थ्री (पुराना कोर्स) का परिणाम मात्र 44.12 प्रतिशत रहा, जबकि बीकॉम एलएलबी प्रथम सेमेस्टर (न्यू कोर्स) में स्थिति और भी चिंताजनक रही, जहां केवल 25.86 प्रतिशत छात्र ही उत्तीर्ण हो सके.

इसके अलावा इसी कोर्स के थर्ड सेमेस्टर में 66.67 प्रतिशत, फिफ्थ सेमेस्टर में 86.61 प्रतिशत और नाइंथ सेमेस्टर में 91.67 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया है. नए कोर्स के एलएलबी पार्ट वन में 52.66 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं. वहीं एलएलबी पार्ट टू में 88.68 प्रतिशत और पार्ट थ्री में 84.37 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया.

परिणाम से नाखुश लॉ के छात्रों ने सोमवार को यूनिवर्सिटी में तीन घंटे प्रदर्शन किया. छात्रों ने कहा कि जो छात्र परीक्षा दिए हैं, उन्हें भी अनुपस्थित बता दिया गया है. जो छात्र 4-4 सप्लीमेंट्री लेकर लिखा है, उसे 5 नंबर मिला है. कई छात्रों को एक विषय में समान नंबर मिले हैं.

छात्रों ने कहा कि निशुल्क छात्रों की उत्तरपुस्तिका की जांच कराई जाए. अगर मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा. प्रदर्शन करने में अखिलेश साहू, महेश साहू, भूपेंद्र साहू, विक्की यादव, लव साहू, संजय साहू, चंद्रेश बंजारे, आदित्य जोशी, सुजल खरे, अवनीश पाण्डेय, सुनील कुमार साहू, राहुल दिव्य, राहुल जांगड़े सहित अन्य शामिल रहे.

कुलसचिव डॉ. तारणीश गौतम ने कहा कि छात्रहित के लिए यूनिवर्सिटी कार्य कर रही है. छात्रों काे परेशानी है तो बताएं, उसमें सुधार किया जाएगा. आंदोलन सही तरीका नहीं है. छात्रों को उनके रिजल्ट में परेशानी है तो 7 दिन के अंदर अपने कॉलेज में आवेदन करें. काॅलेज यूनिवर्सिटी आवेदन भेजेगा. इसके लिए तीन ​सदस्यीय कमेटी बना दी गई है. 7 अप्रैल तक दोबारा जांच कर रिजल्ट दे दिया जाएगा.

प्रेमी ने साथियों के साथ मिलकर किशोरी पर किया जानलेवा हमला

कोरबा। एक 15 वर्षीय किशोरी के पूर्व प्रेमी ने उसे पैसे लेने के बहाने उसके गांव के समीप हाईवे पर बुलाया था. जहां पहले से मौजूद पूर्व प्रेमी सहित उसके चार अन्य साथियों ने मिलकर किशोरी के गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस दौरान किशोरी गंभीर रुप से घायल हो गई.

किशोरी को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए मेडिकल हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है. जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. चाकूबाजी की घटना सामने आते ही पुलिस की टीम हरकत में आई और चंद घंटे के बाद ही पुलिस ने वारदात में शामिल तीन नाबालिकों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि मामले में फरार दो आरोपियों की सरगर्मी से खोजबीन की जा रही है. मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है बताया जाता है.

उरगा थाना क्षेत्र में अंतर्गत ग्राम जुनवानी में निवासरत एक 15 वर्षीय किशोरी का ग्राम सालियाभाटा सोहागपुर में रहने वाले एक नाबालिक युवक से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था और पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया था. बताया जाता है कि नाबालिग युवक अपने चार अन्य साथियों के साथ सोमवार की दोपहर लगभग 1:30 बजे जून का पहुंचा था और 5 लेन-देन की रकम लेने के लिए उसने अपनी पूर्व प्रेमिका को घटना स्थल पर बुलाया था.

नाबालिग किशोरी के आते ही पुरानी बातों को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई और नाबालिक किशोरी पर उसके पूर्व प्रेमी उसके साथियों ने गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए. वारदात होती ही नाबालिक किशोरी मौके पर गिर गई और खून से लहु लुहान हो गई. वारदात होते ही मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.

चाकूबाजी की सूचना पाते ही नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक्षा चतुर्वेदी एवं उरगा राजेश तिवारी दलबल सहित मौके पर पहुंचे और स्थानीय राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल नाबालिक किशोरी को उपचार के लिए शहर के मेडिकल हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया और वारदात में शामिल आरोपियों की पुलिस द्वारा सरगर्मी से खोजबीन की गई और चंद घंटे के बाद पुलिस ने चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जबकि दो आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.

रिसार्ट में चीतल का मांस पकाने का मामला, छह आरोपियों को नहीं मिली जमानत

बिलासपुर। रिसार्ट कुरदर में चीतल का मांस पकाने एवं काटने के मामले में गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया. विभाग की ओर से गंभीर आपत्ति के साथ विद्वान लोक अभियोजक दाऊ चंद्रवंशी द्वारा आपत्ति प्रस्तुत किया गया. जिस पर सुनवाई उपरांत उक्त 6 आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी गई है.

वनमण्डल अधिकारी बिलासपुर नीरज के निर्देशानुसार एवं उपवनमंडल अनिल भास्करन के मार्गदर्शन में तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी बेलगहना देव सिंह मरावी के नेतृत्व में 27 मार्च को मुखबिर की सूचना पर वन विभाग वन परिक्षेत्र बेलगहना के अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा 1 नग नर चीतल के मांस को ईको जोहार रिसार्ट कुरदर में पकाने एवं काटने वाले 6 आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण 27 मार्च 2026 दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया था.

आरोपियों को 28 मार्च को न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बिलासपुर में प्रस्तुत किया गया, जहां से उक्त आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल दाखिल किया गया. जिसकी प्रथम जमानत याचिका पर सुनवाई 30 मार्च को केश डायरीमय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बिलासपुर के समक्ष पेश की गई. इसमें विभाग की ओर से गंभीर आपत्ति के साथ विद्वान लोक अभियोजक दाऊ चंद्रवंशी द्वारा आपत्ति प्रस्तुत की. सुनवाई उपरांत उक्त 6 आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी गई है.

छात्रों से दुर्व्यवहार पर रसोइया को काम से हटाया

कोरबा। जिला प्रशासन द्वारा शासकीय संस्थानों में अनुशासन बनाए रखने और छात्रावासों में अध्ययनरत छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई की गई है. विकासखण्ड कटघोरा के अंतर्गत संचालित प्री. मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास छुरी में कार्यरत दैनिक मजदूर केसर दुबे को उनके अशोभनीय व्यवहार और गंभीर लापरवाही के चलते तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया है. संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध पूर्व में भी शराब का सेवन कर छात्रावास परिसर में प्रवेश करने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिस पर उन्हें कड़ी समझाइश देते हुए लिखित माफीनामा भी लिया गया था.

तत्पश्चात भी 27 मार्च को उक्त कर्मचारी ने पुनः शराब के नशे में छात्रावास पहुंचकर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया. इस अप्रिय स्थिति के कारण भयभीत होकर भागने के दौरान कक्षा छठवीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर के आंख के ऊपरी हिस्से में चोट लग गई.

जिला प्रशासन ने घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए घायल छात्र का तत्काल प्राथमिक उपचार सुनिश्चित कराया. सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कोरबा द्वारा जारी आदेश के तहत, शासकीय नियमों के उल्लंघन और छात्रों की सुरक्षा के प्रति बरती गई इस गंभीर लापरवाही को अक्षम्य मानते हुए केसर दुबे की सेवाएँ तत्काल समाप्त की गई हैं. छात्रों के हितो एवं शिक्षण संस्थानों में अनुशासन बनाए रखने हेतु लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध भविष्य में इसी प्रकार की कठोरतम कार्रवाई की जाएगी.

शालीमार और ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस का परिचायन बहाल

बिलासपुर। एसईसीआर जोन ने नागपुर रेल मंडल के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है. गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर चल रहे मेंटेनेंस कार्य के कारण अस्थायी रूप से रद्द की गई शालीमार और ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण गाड़ियों को तत्काल प्रभाव से बहाल कर दिया गया है. अब ये ट्रेनें अपने पुराने निर्धारित समय के अनुसार ही संचालित होंगी. रेलवे ने गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 व लाइन नंबर-5 पर वॉशेबल एप्रन को हटाकर उसे बैलस्टेड ट्रैक में बदलने का काम चल रहा था. बहरहाल रेलवे ने दोनों ट्रेनों को फिर वापस चलाने का निर्णय लिया है.

-बहाल की गई ट्रेनों का पूरा शेड्यूल:–

18030 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस शालीमार से 4 अप्रैल से 24 अप्रैल तक बहाल रहेगी. 18029 एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस लोकमान्य तिलक टर्मिनल से 6 से 26 अप्रैल तक चलेगी. 12101 एलटीटी-शालीमार ज्ञानेश्वरी सुपरफास्ट अप्रैल महीने में 4, 5, 7, 8, 11, 12, 14, 15, 18, 19, 21 और 22 तारीख को चलेगी. 12102 शालीमार-एलटीटी ज्ञानेश्वरी सुपरफास्ट शालीमार से 6, 7, 9, 10, 13, 14, 16, 17, 20, 21, 23 और 24 अप्रैल को बहाल रहेगी.

तालाब में डूबने से मौत युवक की मौत

बिलासपुर। कोनी के ग्राम घुटकू में तालाब में नहाने गए एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई. आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिसके कारण पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई.

ग्राम घुटकू निवासी अमित कुमार लोनिया (36) सोमवार सुबह 10 बजे गांव के लिम्हा तालाब में नहाने गया था. जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा, तो परिजन ने उसकी तलाश शुरू की. तालाब के किनारे उसके कपड़े और चप्पल रखे मिले, जिसके बाद अनहोनी की आशंका स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया.

पुलिस के मुताबिक, तालाब की सीढ़ियों पर जमी काई के कारण युवक का पैर फिसला होगा. चूंकि उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, इसलिए उसे समय पर मदद नहीं मिल सकी. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

रेप पीड़िता को जान से मारने की धमकी, दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज

रायगढ़। एक युवती द्वारा महिला थाने में आवेदन देकर दुष्कर्म के आरोपी बादल सिंह राजपूत और उसके साथी अनमोल अग्रवाल पर केस वापस लेने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 351, 3 ए, 232, 1 एवं 3, 5 के तहत अपराध दर्ज किया गया है, दोनों आरोपी फरार हैं.

पीड़िता ने बताया कि उसने पूर्व में 3 फरवरी को महिला थाना में आरोपी बादल सिंह राजपूत के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि अक्टूबर 2022 से जनवरी तक बादल सिंह राजपूत ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया तथा उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया. शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध धारा 69, 115, 3 ए, 351, 2 एवं 308, 2 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. वर्तमान में आरोपी जमानत पर बाहर है.

पीड़िता के अनुसार, 18 मार्च को उसे यह कहकर बुलाया गया कि कोर्ट में उसका बयान होना है. जब वह कोर्ट पहुंची, तब कोर्ट परिसर के बाहर अनमोल अग्रवाल, बादल के पिता और कुछ अन्य लोग मौजूद थे. वहां अनमोल अग्रवाल ने उससे कहा कि बादल की जमानत हो गई है, इसलिए केस वापस ले लो और पैसे ले लो, नहीं तो तुम केस हार जाओगी. पीड़िता का आरोप है कि उसी दौरान अनमोल अग्रवाल ने उसे धमकी दी कि यदि उसने केस वापस नहीं लिया तो उसे जान से मरवा दिया जाएगा.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m