Bilaspur News Update : बिलासपुर. गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) में डेटा और प्रश्नपत्र लीक होने की गंभीर आशंका सामने आई है. दावा किया जा रहा है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र कुछ विशेष छात्रों तक पहुंच चुके थे, जिसके पीछे यूनिवर्सिटी के ‘समर्थ पोर्टल’ के हैक होने की बात कही जा रही है. इस संवेदनशील मामले को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आनन-फानन में एक आपात बैठक बुलाई. मामले की गहन जांच के लिए एक 5 सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया है. इस कमेटी को पूरे मामले की पड़ताल कर 7 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं

हत्या का फरार आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

बिलासपुर. सिरगिट्टी पुलिस ने 19 मई को हुई एक बेरहम हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी प्रेमी सुगड टोप्पनो को झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि मृतक की पत्नी पूनम लोमदा और उसके प्रेमी सुगड ने मिलकर पैसा दिलाने के बहाने इस वारदात की साजिश रची थी. उन्होंने गमछे से गला घोंटने के बाद चाकू से गला रेतकर हत्या की और शव को रेलवे पटरी के किनारे कीचड़ वाले पानी में फेंक दिया था. इस मामले की मुख्य आरोपी पत्नी पहले ही जेल भेजी जा चुकी है, जबकि वारदात के बाद से ही फरार चल रहे प्रेमी को अब पुलिस ने दबोच लिया है.

सेंट्रल यूनिवर्सिटी के लैब में शोधार्थी छात्रा ने पिया केमिकल

बिलासपुर.गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) के परिसर से एक और चिंताजनक खबर आई है, जहां एक शोधार्थी (रिसर्च) छात्रा ने लैब से कोई संदिग्ध केमिकल पी लिया. केमिकल पीने के बाद जब वह सेंट्रल लाइब्रेरी पहुंची, तो वहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं. लाइब्रेरी में मौजूद अन्य छात्रों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. इस गंभीर घटना के बाद से विश्वविद्यालय प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं.

डाक विभाग में आधार कार्ड अपडेशन शिविर आज

बिलासपुर. डाक विभाग द्वारा आम नागरिकों की सुविधा के लिए कल 30 मई शनिवार को सुबह 10 बजे से विशेष आधार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर विभिन्न क्षेत्रों के सामुदायिक भवन सुखापाली डभरा, ग्राम मिरोनी लतेसरा चंद्रपुर, ग्राम पंचायत मदनपुर कटघोरा, ग्राम पंचायत भवन बगाबुडा भैसमा और बरखदान देवरीखुर्द बिलासपुर में आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में नागरिक अपना नया आधार कार्ड बनवा सकते हैं. साथ ही पुराने आधार कार्ड में किसी भी प्रकार का सुधार या अपडेशन जैसे पता, मोबाइल नंबर, जन्म तिथि, नाम, ईमेल और बायोमेट्रिक अपडेट आदि का कार्य आसानी से करवा सकते हैं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H