Bilaspur News Update : बिलासपुर. ग्रामीण इलाकों में दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. एसीसीयू बिलासपुर और कोटा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, 1.30 लाख रुपए, गुल्लक के 1250 रुपए के सिक्के और चोरी की रकम से खरीदी गई कार समेत तीन वाहन जब्त किए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों से बिलासपुर जिले के 9 और कोरबा जिले के 1 मामले सहित कुल 10 चोरी की वारदातों का खुलासा किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव (33), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19) के रूप में हुई है. तीनों कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र के डिपरपारा के निवासी हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पूर्व में जांजगीर जिले में भी दिन में चोरी के 19 प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. पिछले कुछ महीनों से कोटा, रतनपुर, बेलगहना, बिल्हा और पचपेड़ी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में दिन के समय चोरी की घटनाएं हो रही थीं. ग्रामीणों के खेतों में जाने या दूसरे काम से घर से बाहर निकलने के दौरान आरोपी सूने मकानों की रेकी करते थे. इसके बाद मकान का ताला तोड़कर पेटी और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो जाते थे. लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसीसीयू के नोडल अधिकारी सुदीप सरकार और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की. संदेह के आधार पर कोरबा जिले के तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर और कोरबा जिले में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 1250 रुपये के सिक्के, कार, दो बाइक, बरामद आभूषणों में चांदी की पायल, अंगूठियां, बिछिया, करधन, बच्चों के कड़े, सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट, टॉप्स और अन्य जेवर बरामद किए हैं. मामले का खुलासा करते हुए एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि इस वारदात में भूपेंद्र सिंह राठौर जो है वह कोरबा के एक निजी स्कूल नर्मदा देवी हाईस्कूल में कुछ साल पहले प्रिसिंपल के पद पर था. वह स्कूली बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता था, जो कि इन वारदातों में शामिल रहा. जांच में सामने आया कि आरोपी दोपहिया वाहन से ग्रामीण क्षेत्रों में घूमते थे और मौका देखकर वारदात करते थे. चोरी की रकम से विनोद वासुदेव ने करीब 10 लाख रुपए की कार खरीदी थी और उसकी किस्तें भी चुकाई थीं. वहीं राज प्रजापति ने चोरी की रकम से अपने चाचा के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपए की बाइक खरीदी थी.
जिला अस्पताल का लैब होगा शिफ्ट
बिलासपुर. जिला अस्पताल का अटल लैब लंबे समय बाद शिफ्ट किया जा रहा है, ब्लड बैंक और लैब अब एक साथ काम करेंगे. लैब का निर्माण कार्य लगभग खत्म हो चुका है, साथ ही पैथोलैब के अलावा माइक्रोबायोलॉजी व हिस्टोपैथो की जांच भी लैब में अत्याधुनिक मशीनों के द्वारा की जाएगी. जल्द ही जिला अस्पताल में माइक्रोबायोलॉजी, हिस्टोपैथोलॉजी की लैब शुरू हो रही है. नई सुविधा शुरू होने से अस्पताल में संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया और फंगस की जांच के साथ टिश्यू एवं बायोप्सी जांच भी हो सकेगी. इससे मरीजों के सैंपल जांच के लिए सिम्स या निजी लैब जाने की जरूरत खत्म होगी. खास बात यह है कि जिला अस्पताल में पहले माइक्रोबायोलॉजी लैब की सुविधा अबतक नहीं थी, जिसके चलते लैब में यूरिन, बलगम और ब्लड सहित विभिन्न सैंपल की जांच कर बैक्टीरिया की पहचान करना मुश्किल था. लैब बनने के बाद संबंधित संक्रमण में कौन-सा एंटीबायोटिक प्रभावी हो सकेगा इसकी भी जांच की जा सकेगी. डाक्टरों का कहना है कि 2 माह के भीतर जांच शुरू हो सकती है, वर्तमान एजेंसी द्वारा अटल लैब के अत्याधुनिक मशीनों का इंस्टालेशन किया जा रहा है. जिला अस्पताल में ब्लड बैंक और पैथोलैब अलग-अलग जगह होने के कारण डाक्टर और कर्मचारियों को काम करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था, वहीं लैब रखरखाव भी समय पर नहीं हो रहा था. जिला अस्पताल प्रबंधन ने इस समस्या को देखते हुए ब्लड बैंक के समीप ही लैब बनाया है. जिससे मरीजों को जांच सुविधा मिलने में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा. लैब में त्वचा, नाखून और आंख सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में होने वाले फंगल संक्रमण की पहचान की सुविधा भी उपलब्ध होगी. हिस्टोपैथोलॉजी सेवा के तहत प्रभावित टिश्यू की बारीकी से जांच और बायोप्सी की सुविधा मिलेगी. कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की पहचान में मदद मिलेगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर डाक्टर मरीज के उपचार बेहतर तरीके से कर सकेंगे. सिविल सर्जन डॉ. एसके कुजुर ने कहा कि एचएचएल कंपनी द्वारा लैब बनाया गया है, पैथोलॉजी के सभी जांच यहां हो रही थी, लेकिन अब माइक्रोबॉयोलॉजी व हिस्टोपैथोलॉजी की जांच की सुविधा भी मरीजों को मिल सकेगी. पैथोलाजिस्ट डॉ अनुभव वर्मा ने बताया कि जांच के लिए मशीने आ चुकी है, शिफ्ट की प्रक्रिया धीरे- धीरे जारी है. लैब का काम पूरा होते ही शिफ्टिंग हो जाएगी. इसके बाद मशीनों को लगाया जाएगा. महीने दो महीने में जांच शुरू हो जाएगी.
मोबाइल टॉवर से बैटरी चुराने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार
सीपत. नवाडीह स्थित मोबाइल टावर के स्टोर रूम का ताला तोड़कर सात बैटरियां चोरी करने के मामले में सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में पांच चोरी के मामले में संलिप्त हैं, जबकि एक पर चोरी की बैटरियां खरीदने का आरोप है. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. सीपत टीआई राजेश मिश्रा के अनुसार, मध्यप्रदेश के रीवा जिले के मऊगंज निवासी अनुप पटेल (22) आईडिया कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि कंपनी का मोबाइल टावर नवाडीह स्थित तिवारी चाल में है. टावर परिसर के स्टोर रूम में अमर राजा कंपनी की सात बैटरियां रखी थीं. अज्ञात व्यक्ति रात में स्टोर रूम का ताला तोड़कर बैटरियां चोरी कर ले गए थे. शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में उन्होंने चोरी की सात बैटरियां झलमला निवासी अरमानुद्दीन को बेचने की बात बताई. इसके बाद पुलिस ने चोरी के मामले में प्रमोद पटेल, संतोष सिदार, मन्नू सिंह चौहान उर्फ लक्ष्मण सिंह, राजेंद्र यादव और देवी प्रसाद यादव के साथ कथित खरीदार अरमानुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. पुलिस ने नवाडीह, सीपत निवासी प्रमोद पटेल (45), संतोष सिदार (55), मन्नू सिंह चौहान उर्फ लक्ष्मण सिंह (50), राजेंद्र यादव उर्फ सुखदेव यादव (40), देवी प्रसाद यादव (30) और झलमला निवासी अरमानुद्दीन (42) को गिरफ्तार किया है.
मुंहबोली भांजी से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल कैद
कोरबा. रोजी-रोटी की तलाश में कोरबा आए युवक ने मुंहबोली बहन के घर शरण ली, लेकिन बाद में उसकी भांजी के साथ दुष्कर्म किया. मामले में करीब नौ माह तक चली सुनवाई के बाद अपर सत्र न्यायाधीश सीमा प्रताप चंद्रा की फास्ट ट्रैक अदालत ने आरोपी को 10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. अतिरिक्त लोक अभियोजक मोहन सोनी के अनुसार, सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम चिस्दा निवासी सुशील केंवट (40) सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाली मुंहबोली बहन के घर रहता था. वह नशे की हालत में घर पहुंचकर बहन और भांजी से मारपीट करता था. 14 जनवरी की रात उसने नशे में भांजी के साथ दुष्कर्म किया. सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराया. उसे धारा 64 (1) में 10 साल का सश्रम कारावास और 2 हजार रुपये जुर्माना, जबकि धारा 74 और 75(2) में तीन-तीन साल की सजा तथा 500-500 रुपये जुर्माने से दंडित किया गया.

थाना में हंगामा मचाते पुलिस कर्मियों से अभद्रता
कोरबा. नशे की हालत में वाहन चलाते हुए युवक ने एक बच्ची को ठोकर मार दिया. पुलिस युवक को पकड़कर थाना ले आई. यह खबर मिलते ही युवक की मां थाना जा धमकी. उसने हंगामा मचाते हुए पुलिस कर्मियों से ही अभद्रता शुरू कर दी. मामले में पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. मामला बालको थाना का है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात अजय यादव नामक नशे की हालत में वाहन चला रहा था. उसने अपनी बाइक से एक बच्ची को ठोकर मार दिया. घटना में बच्ची घायल हो गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस की टीम आरोपी अजय यादव को थाना ले आई. थाना में तैनात महिला आरक्षक ईश्वरी राज सहकर्मियों के साथ काम कर रही थी. इसी बीच अजय की मां रानी यादव थाना जा पहुंची. उसने अपने बेटे को पकड़े जाने की बात पर हंगामा मचाना शुरू कर दिया. पुलिस कर्मियों ने उसे समझाईश देने की कोशिश की, लेकिन वह अभद्रता पर उतारू हो गई. उसने पुलिस कर्मियों के साथ गाली गलौच व मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान महिला आरक्षक के हाथ में चोटें आई. महिला की हरकत से थाने में काफी देर तक कामकाज बाधित रहा. मामले से आला अफसरों को अवगत कराया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए अफसरों ने कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए. मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था. पुलिस ने मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

