Bilaspur News Update : बिलासपुर में रिटायर्ड टीआई ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

यह घटना सरकण्डा क्षेत्र के बंगालीपारा चटर्जी गली की है। रिटायर्ड टीआई सीताराम गुप्ता ने अपने ही कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त परिजन घर में मौजूद थे, जिससे हड़कंप मच गया। फिलहाल आत्महत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है और सरकंडा पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दो अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार

तारबाहर पुलिस ने रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के सूने बंगलों में रेकी कर चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद नासिर (नई दिल्ली) और हासिम (मेरठ, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जिन्हें दुर्ग जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है।

दोनों आरोपियों ने पिछले दिनों एक रेलवे अधिकारी के सूने बंगले का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की थी, लेकिन कीमती सामान न मिलने पर वे भाग निकले थे। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, भिलाई के अलावा दिल्ली, मेरठ और चंडीगढ़ में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

नशीली टैबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर की सिटी कोतवाली पुलिस ने नशे के बड़े नेटवर्क का भंडाभोड़ कर दिया है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 55 नग नाइट्राजेपाम नशीली टैबलेट जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी निकेश कौशिक उर्फ वासू को ज्वाली नाला के पास घेराबंदी कर दबोचा। आरोपी से नशे की बिक्री में इस्तेमाल पल्सर बाइक और 830 नकद जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं 21(B), 22(B) व 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने नशे के नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दी है।

लूट के 4 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

रतनपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए रतनपुर-कोटा मार्ग पर हुई लूट की वारदात का महज कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 6,300 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई 2 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। पकड़े गए आरोपी पहले भी लूट की कई वारदातों में शामिल रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, 14 और 15 जुलाई की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे पीड़ित भारत कुमार सूर्यवंशी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। भारत कुमार जब नेवरा से लौट रहा था, तभी भैंसाझार मोड़ के पास दो बाइक पर सवार बदमाशों ने उसकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया और उसकी जेब में रखे 5,000 रुपये लूटकर फरार हो गए।

इसी गिरोह ने उसी रात ग्राम खैरा के रहने वाले अरुण कुमार राज को भी अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने अरुण की बाइक रुकवाई और उससे 15,000 रुपये नकद व उसका मोबाइल फोन लूटकर चंपत हो गए।

लगातार हुई इन वारदातों के बाद पुलिस ने तफ्तीश शुरू की। संदेह के आधार पर पुलिस ने पूर्व में लूट के मामले में जेल जा चुके आरोपी राजा सारथी को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर राजा सारथी टूट गया और उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी के साथ उसके तीन अन्य साथियों—शिवप्रसाद यादव, अनवर खान और ओमप्रकाश पोर्ते को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई एक यामाहा R15 बाइक, एक बजाज पल्सर NS बाइक और 6,300 रुपये नकद बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

केंद्रीय टीम ने विकास कार्यों का लिया जायजा

भारत सरकार के संयुक्त सचिव (वित्त) पवनेश कुमार शर्मा और अवर सचिव राहुल कुमार श्रीवास्तव ने बिल्हा व कोटा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। केंद्रीय अधिकारियों ने इस दौरान वीबी-जीरामजी योजना, प्रोजेक्ट उन्नति और जल संरक्षण के कार्यों की प्रगति देखी।

अधिकारियों ने कार्यस्थलों पर लगे क्यूआर कोड (QR Code) को स्कैन कर डिजिटल रिकॉर्ड का जमीनी हकीकत से मिलान किया। उन्होंने एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के ‘प्रोजेक्ट उन्नति’ के तहत चल रहे राजमिस्त्री प्रशिक्षण का जायजा लिया और युवाओं से रोजगार के अवसरों पर चर्चा की।

इसके साथ ही टीम ने पटैता, धनरास और करगीकला में तालाब निर्माण, जीर्णोद्धार व मिनी परकोलेशन टैंक जैसे जल संरक्षण कार्यों को देखा। उन्होंने महिला श्रमिकों को वीबी-जीरामजी योजना के तहत मिलने वाले 125 दिन के सुनिश्चित रोजगार और 300 प्रतिदिन मजदूरी की जानकारी दी। दौरे के अंत में केंद्रीय और जिला पंचायत के अधिकारियों ने कार्यस्थल पर पौधरोपण भी किया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m