Bilaspur News Update : बिलासपुर. जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दर्रीकापा में गौवंश का वध कर मांस बेचने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों राकेश अनंत और राहुल अनंत के मकान पर छापेमारी कर 35.40 किलोग्राम गोमांस, हड्डियां और अन्य सामग्री बरामद की. मौके से गौवध में इस्तेमाल किए गए 2 खुरपा, 2 टंगिया और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. प्रारंभिक जांच में आरोप है कि दोनों आरोपी घर में ही गौवंश का वध कर उसका मांस बेच रहे थे. मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299(3) एवं 5 तथा छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 5 और 10 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

शराब दुकान में लगी आग…

बिलासपुर. शहर के व्यापार विहार स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में रविवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल की दो गाड़यिों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग रात करीब दो बजे लगी. कुछ ही देर में दुकान के भीतर रखा शराब का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामग्री आग की चपेट में आ गई. अधिकांश सामान जलकर राख हो गया. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों के साथ राहत कार्य शुरू कराया गया.

प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि अभी तक शराब दुकान के प्रबंधन की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. आग से हुए नुकसान का आकलन संबंधित विभाग और आबकारी विभाग द्वारा किया जाएगा. जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक नुकसान और आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी. पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं तथा फॉरेंसिक एवं तकनीकी जांच भी कराई जाएगी.

धुआं फैला, एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद

देर रात आग लगने के बाद धुआं आसपास के क्षेत्रों में फैल गया, जिससे लोग घबरा गए. सुरक्षा की दृष्टि से व्यापार विहार और आसपास के कुछ इलाकों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई. आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई. आग की चपेट में आने से दुकान में रखा शराब का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया. नुकसान का अंतिम आकलन जांच और विभागीय सर्वे के बाद किया जाएगा.

घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि आग केवल दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई साजिश है. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे. तारबाहर टीआई रविंद्र अनंत ने बताया कि रात करीब दो बजे आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. दमकल की दो गाड़ियों ने लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है, लेकिन मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

जान से मारने की धमकी दी और हड़पे सोने-चांदी के जेवर, कैश

बिलासपुर. सरकंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में ब्लैकमेल और जान से मारने की धमकी देकर एक परिवार से 14.50 लाख रुपए और करीब 450 ग्राम सोने के जेवर हड़पने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपए, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन तथा अपराध की रकम से खरीदी गई एक एक्टिवा जब्त की है. मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार राजीव विहार निवासी प्रार्थी ने थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई थी कि अस्वस्थ होने के कारण उन्होंने घरेलू कार्य, बैंक लेन-देन और लॉकर की जिम्मेदारी अपनी नातिन को सौंप रखी थी. जनवरी 2025 से आरोपी आयुष यादव और उसके साथियों ने उनकी नातिन को परिवार के अन्य सदस्यों तथा छोटे बच्चों की हत्या और सड़क दुर्घटना कराने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. भय के कारण आरोपियों ने एसबीआई और सहकारी बैंक खातों से एटीएम एवं फोन-पे के माध्यम से किश्तों में कुल 14.50 लाख रुपए वसूल लिए. इसके अलावा आरआर रिसॉर्ट के पास बुलाकर घर के लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. वहीं फरार आरोपी प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस ने आयुष यादव 22 वर्ष, निवासी मोपका विवेकानंद नगर, आदर्श शर्मा 19 वर्ष, निवासी दीनदयाल कालोनी बहतराई, प्रिंस साहू 18 वर्ष 03 माह, निवासी दीनदयाल कालोनी बहतराई, आदित्य पांडे 19 वर्ष, निवासी बजरंग चौक के पीछे, आरके नगर, थाना सरकंडा को गिरफ्तार किया.

38 दिन बाद लौटे तीन हाथी, वन अमला अलर्ट

अमरपुर. मध्यप्रदेश के जैतहरी और अनूपपुर क्षेत्र में लगातार 38 दिनों तक विचरण करने के बाद तीन हाथियों का दल एक बार फिर छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश कर गया है. हाथियों की वापसी के साथ ही मरवाही वन परिक्षेत्र का वन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है. वन अमला लगातार हाथियों की निगरानी कर उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है. वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों हाथी रविवार तड़के गूजरटोला स्थित गूजर नाला पार कर मरवाही वन परिक्षेत्र की सिवनी वन बीट अंतर्गत मालाडांड गांव के समीप बांस प्लांटेशन के कक्ष क्रमांक 2085 में पहुंचे, जहां वे विश्राम कर रहे हैं. वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और हाथियों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. हाथियों की वापसी से मालाडांड, सिवनी तथा आसपास के गांवों के लोगों में दहशत का माहौल है. एहतियात के तौर पर वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने, हाथियों के नजदीक न पहुंचने तथा उनकी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की है. वन विभाग का कहना है कि हाथियों और ग्रामीणों, दोनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है.

राजस्व पटवारी आज रहेंगे हड़ताल पर

लोरमी. राजस्व पटवारी संघ, छत्तीसगढ़ के प्रांतीय आह्वान पर प्रदेशभर के पटवारी 3 अगस्त को अपनी लंबित मांगों के समर्थन में एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे. इसी क्रम में तहसील पटवारी संघ, लोरमी द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लोरमी को सामूहिक अवकाश एवं धरना-प्रदर्शन की पूर्व सूचना प्रदान की गई है. संघ ने सभी पटवारी साथियों से निर्धारित कार्यक्रम में अनुशासन एवं एकजुटता के साथ सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है. संघ का कहना है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा.

बिलासपुर में तैयार हुआ ‘ग्रेन एटीएम’

बिलासपुर. सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में ग्रेन एटीएम स्थापित कर दिया गया है. पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के समीप स्थापित यह सीमा 31 जुलाई से पहले तैयार हो गई है. शासन स्तर पर किसी मंत्री के हाथों ग्रेन एटीएम का शुभारंभ कराने की योजना है. इसके लिए बिलासपुर में मशीन उद्घाटन के लिए तैयार खड़ी है. अब सिर्फ फीता कटने और औपचारिक शुभारंभ का इंतजार है. सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में बिलासपुर जिले में एक नई पहल आकार ले चुकी है. राशन वितरण की पारंपरिक व्यवस्था से आगे बढ़ते हुए अब जिले में ‘ग्रेन एटीएम’ की शुरुआत होने जा रही है. इसके लिए पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के समीप मशीन की स्थापना पूरी कर ली गई है. लगभग 30 लाख कीमत की मशीन अब पूरी तरह तैयार है और लोगों को राशन उपलब्ध कराने के लिए उद्घाटन की औपचारिकता पूरी होने का इंतजार कर रही है. जिला प्रशासन की पहल पर खाद्य विभाग ने तय समय सीमा 31 जुलाई से पहले निर्धारित स्थान पर ग्रेन एटीएम की स्थापना कर दी है. माना जा रहा है कि यह व्यवस्था सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ ही राशन वितरण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगी. मशीन के माध्यम से राशन वितरण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की योजना है. खास बात यह है कि ग्रेन एटीएम की सुविधा केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं रहेगी. बिलासपुर के साथ रायपुर और दुर्ग में भी इस अत्याधुनिक व्यवस्था को शुरू करने की तैयारी है.

स्टील प्लांट ब्लास्ट में दो घायल की मौत

रायगढ़ . बीते दिनों मां शिवा स्टील प्लांट में इंडक्शन फर्नेस में बायलिंग होने से पांच श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिससे दो श्रमिकों की स्थिति गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान दो श्रमिकों की मौत हो गई है. वहीं तीन श्रमिकों की अभी उपचार चल रहा है. जानकारी के अनुसार विगत चार दिन पहले पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में स्थित मां शिव स्टील प्लांट में प्रतिदिन की तरह काम में लगे हुए थे, इसी दौरान अचानक इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग हो गया, जिससे वहां पर काम कर रहे प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, गुड्डू कुमार चतूर यादव और शनिराम राठिया गंभीर रूप से झुलस गए. वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही अन्य श्रमिकों ने इसकी सूचना प्लंट मालिक को देते हुए सभी पांचों घायलों को उपचार के लिए जिंदल फोर्टिस लेकर आए, जहां भर्ती कर उपचार किया जा रहा था, लेकिन इस दौरान प्रमोद सोनी और चौखट सिंह की स्थिति गंभीर होने पर उसी दिन रायपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था. ऐसे में बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान प्रमोद सोनी और चौखट सिंह की मौत हो गई. वहीं जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती श्रमिक गुड्डू कुमार, चतुर यादव और शनिराम राठिया की भी स्थिति गंभीर बनी हुई है, इससे उनका इलाज चल रहा है. उल्लेखनीय है कि उक्त घटना होने के बाद पूंजीपथरा पुलिस और औद्योगि स्वास्थ्य, सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची थी, जहां घटना स्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच में अनियमितता पाए जाने पर प्लांट मालिक पर और मैनेजर पर मामला भी दर्ज किया है.

JCB की ठोकर से संजीवनी एक्सप्रेस क्षतिग्रस्त

कोरबा. मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उस वक्त बड़ी अनहोनी टल गई, जब जेसीबी के चालक ने बेक करते समय संजीवनी एक्सप्रेस को ठोकर मार दिया. जेसीबी की ठोकर से कोई हताहत तो नही हुआ, लेकिन एम्बुलेंस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के वक्त पायलट इमरजेंसी इवेंट मिलने पर मौके के लिए निकला था. लिहाजा आनन फानन एक अन्य एम्बुलेंस को रवाना किया गया. इस दुर्घटना ने ठेकेदार द्वारा निर्माण स्थल पर सुरक्षा को लेकर बरती जा रही लापरवाही को उजागर कर दिया है.

यह वाक्या रविवार की दोपहर करीब 1.30 बजे की है. बताया जा रहा है कि बालको थानांतर्गत लालघाट चेकपोस्ट स्थित शराब दुकान के सामने एक व्यक्ति पड़ा हुआ था. उसके मुंह से झाग निकल रहा था. जिससे लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. किसी ने उस व्यक्ति को अस्पताल ले जाने संजीवनी एक्सप्रेस के कंट्रोल रूम को सूचना दे दी. रायपुर स्थित कंट्रोल रूम से इवेंट मिलने पर ड्यूटी में तैनात पायलट हिमांशु साहू मौके के लिए रवाना होने से पहले संजीवनी एक्सप्रेस क्रमांक सीजी 04 क्यूएक्स 7018 में सायरन सहित कुछ अन्य जरूरी सिग्नल को सेट कर रहा था. इसी दौरान निर्माणाधीन क्रिटिकल यूनिट के समीप रेत व गिट्टी को हटाने के काम में लगे जेसीबी के चालक ने अचानक गाड़ी को पीछे करते हुए संजीवनी एक्सप्रेस को ठोकर मार दिया. घटना में पायलट तो सुरक्षित बच निकला, लेकिन संजीवनी एक्सप्रेस का सामने वाला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. घटना की जानकारी पायलट ने कंपनी के जिला प्रभारी को दी. जिला प्रभारी ने तत्काल एक अन्य एम्बुलेंस को गंतव्य के लिए रवाना किया, ताकि मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके. घटना को लेकर मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में क्रिटिकल यूनिट के अलावा कुछ अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं. चूंकि अस्पताल अति संवेदनशील क्षेत्र है. यहां चौबीस घंटे लोगों की आवाजाही लगी रहती है. ऐसे में सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए निर्माण स्थलों में सूचना बोर्ड लगाया जाना चाहिए. इसके विपरीत ठेकेदार सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर रहे हैं. यह अनदेखी किसी दिन बड़ी अनहोनी में बदल सकती है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H