Bilaspur News Update : बिलासपुर. सरकंडा पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने ‘सशक्त’ ऐप की मदद से चोरी की एक एक्टिवा को ट्रेस किया, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई. पूछताछ में वर्ष 2025-26 के दौरान हुई कई वाहन चोरियों का खुलासा हुआ. आरोपियों के कब्जे से चोरी के पांच दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी का माल खरीदने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.
दुकान में चोरी मामले का खुलासा, 2 नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार
बिलासपुर. जिले की ग्राम मचखंडा स्थित मोबाइल और किराना दुकान में हुई 25 हजार रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मुख्य आरोपी सूर्यप्रकाश सूर्यवंशी के साथ दो विधि से संघर्षरत बालक भी वारदात में शामिल पाए गए. पुलिस ने चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है, जिसमें पांच नए कीपैड मोबाइल, एक रियलमी मोबाइल, ब्लूटूथ स्पीकर, ईयरबड्स, परफ्यूम और सिगरेट शामिल हैं. आरोपियों ने 26 जून की रात दुकान की खिड़की से अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया.
रिटायर्ड शिक्षक से 9 लाख की ठगी
बिलासपुर. कोटा थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड शिक्षक से 9 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपियों ने जमीन समतल कराने का झांसा देकर शिक्षक से नकदी ली और इसके बाद बाइक से फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

