Bilaspur News Update : बिलासपुर. जिले के बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में 50 हजार रुपये के सामान की चोरी के मामले में पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी क्रेशर के उपकरण और अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे. मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोटा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजू शिकारी और राहुल शिकारी को गिरफ्तार किया है.

Bilaspur News Update : ट्रैक बदलने के दौरान मालगाड़ी हुई बेपटरी

रायगढ़. रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बिलासपुर छोर पर बुधवार शाम ट्रैक बदलने के दौरान एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई. जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी किरोड़ीमल स्टेशन से होते हुए रायगढ़ की गुड्स साइडिंग (माल गोदाम लाइन) में प्रवेश कर रही थी. इसी दौरान यार्ड में लाइन नंबर 8 से लाइन नंबर 9 पर जाने के लिए क्रॉस-ओवर (ट्रैक चेंज) करते समय ट्रेन की दो बोगियां पटरी से उतर गईं. यह डिरेलमेंट पटरियों के जॉइंट यानी ‘पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग’ (टर्नआउट/स्विच पॉइंट) पर हुआ था. बोगियों के पहिए ठीक उस जगह पर पटरी से उतरे जहां ट्रैक एक लाइन से दूसरी लाइन को जोड़ता है. चूंकि बोगियां जॉइंट पर फंसी थीं, इसलिए इसका असर आसपास के ट्रैक पर भी पड़ा और लाइन नंबर 7, 8 और 9, तीनों पूरी तरह से ब्लॉक हो गईं, जिससे यार्ड में ट्रेनों का मूवमेंट प्रभावित हुआ. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की दुर्घटना राहत टीम मौके पर पहुंची. पटरी से उतरी बोगियों को वापस ट्रैक पर लाने और क्षतिग्रस्त पॉइंट्स की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर किया गया. कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे तक तीनों लाइनों को क्लियर कर ट्रैक को बहाल कर लिया गया. डिरेलमेंट के वास्तविक तकनीकी कारणों का पता लगाने के लिए बिलासपुर से असिस्टेंट डिवीजन सेफ्टी ऑफिसर और उनकी टीम पिछले दो दिनों से रायगढ़ में मौजूद है. टीम द्वारा ट्रैक की ज्योमेट्री, पॉइंट्स की कार्यप्रणाली (पॉइंट में गैप या पॉइंट बर्स्ट तो नहीं हुआ) और मालगाड़ी के वैगन के तकनीकी पहलुओं (पहियों या सस्पेंशन में खराबी) की बारीकी से जांच की जा रही है. जांच की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी.

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी रायपुर से गिरफ्तार

बिलासपुर. जिले के तारबाहर थाना क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष को रायपुर से गिरफ्तार किया है. आरोपी पर नाबालिग को शादी का झांसा देने का आरोप है. पुलिस ने नाबालिग बालिका को किराए के मकान से बरामद किया है. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की. मामले में तारबाहर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है.

Bilaspur News Update : स्कूटी की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

बिलासपुर. सरकंडा के नूतन चौक पर शुक्रवार दोपहर ऑटो से उतर रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार स्कूटी सवार युवती ने टक्कर मार दी. हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास मौजूद लोग उन्हें उपचार के लिए सिम्स लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद स्कूटी सवार युवती वाहन लेकर मौके से फरार हो गई. सरकंडा पुलिस के अनुसार, अटल आवास निवासी धांधू कुर्मी (65) किसी काम से घर से निकले थे. वह ऑटो से नूतन चौक पहुंचे थे. शुक्रवार दोपहर करीब 2.30 बजे वह घर जाने के लिए ऑटो से उतर रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कूटी सवार युवती ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर लगने से बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास मौजूद लोग उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. सिम्स पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर शव को मरचुरी में रखवा दिया. साथ ही घटना की सूचना सरकंडा पुलिस को दी. सरकंडा पुलिस ने मामले में मर्ग जांच शुरू कर दी है.

कमीशन के लालच में साइबर ठगो को दे दिया बैंक खाता, आठ गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा. साइबर ठगी की रकम खपाने के लिए किराए पर बैंक खाता देने वाले गिरोह का जांजगीर-चांपा पुलिस ने पर्दाफाश किया है. साइबर थाना टीम ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बताया जाता है कि पकड़े गए आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता सौंप दिया था, जिसमें एक ही दिन में करोड़ों के ट्रांजैक्शन हुए हैं. सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है. इस संबंध में साइबर पुलिस के अनुसार आरोपी कलेशराम देवांगन उर्फ छोटू, श्यामलाल देवांगन उर्फ राजू निवासी भाठापारा सिवनी चांपा, लक्ष्मीनारायण पटेल निवासी कुम्हारी बलौदाबाजार, वेमेश आदित्य, ज्योति बाई यादव, अनिल राठौर, इश्तेखार अहमद निवासी जांजगीर और सुरेश गढ़वाल निवासी पाली नैला को कमीशन के लालच में खाता देने और करोड़ों का ट्रांजेक्शन होने के मामले में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार आरोपी ग्रामीण बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, इंडियन बैंक में खाता खुलवाकर नया सिम लेकर साइबर ठगों को देते थे. बदले में उन्हें 10 हजार से 1 लाख रुपए तक कमीशन मिलता था. इन म्यूल खातों में एक दिन में करोड़ों का ट्रांजेक्शन हुआ है. जांच में खुलासा हुआ है कि बंगाल, दिल्ली, इन खातों में कर्नाटक, पश्चिम हरियाणा, उत्तरप्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, असम, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों से ठगी की रकम आई थी. कुछ खातों में 14 से 15 बार शिकायत दर्ज है. लेयर-1 में सीधे ठगी की रकम इनके खातों में आई थी. पुलिस ने आरोपियों से पासबुक जब्त की है और खातों में लाखों रुपए होल्ड कराकर संबंधित राज्यों को सूचना भेज दी है. थाना साइबर में अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 61(2), 317(4), 317(5), 318(4), 323 बीएनएस और 66 डी आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. म्यूल अकाउंट से साइबर ठगी और करोड़ों के ट्रांजेक्शन मामले में जिले की साइबर पुलिस टीम ने स्थानीय 8 लोगो को पकड़ा है. पुलिस के मुताबिक साइबर ठगो के कहने पर इन्होंने बैंकों में अपने खाते खुलवाए और उन्हें अकाउंट नंबर दे दिया, जिसमें एक ही दिन में करोड़ों रुपए के ट्रांजैक्शन हुए. खाता धारकों ने रुपए निकलवाए और अपना कमीशन काटकर संबंधितों को रुपए भी लौटा दिए. इस मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध करके जांजगीर एवं आसपास गांव के आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, अब महत्वपूर्ण बात यह है कि खाताधारक स्थानीय लोगों को तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लेकिन जिनके कहने पर यह खाता खुला था और जिनके द्वारा या ट्रांजेक्शन कराया गया, उन मुख्य सरगना तक पुलिस अभी तक नहीं पहुंच पाई है. इसको लेकर साइबर टीम की सक्रियता और कार्यशैली पर सवाल भी उठने लगे हैं. हालांकि इस मामले में साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा का कहना है कि जांच जारी है. पकड़े गए आरोपियों के माध्यम से आगे सरगना को भी पकड़ेंगे.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H