Bilaspur News Update : बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक युवक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 11:30 बजे की है। पिपरतराई निवासी प्रकाश लहरे पिता कमल लहरे (21) और आयुष अनंत पिता अश्वनी अनंत (16) बाइक से बाड़क की ओर से कोटा आ रहे थे। अमने मोड़ के पास वाहन मोड़ते समय बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल कोटा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पार आईडी बनाने में लापरवाही पर 15 स्कूलों को नोटिस
बिलासपुर। समग्र शिक्षा के तहत जिले के शासकीय व अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का कार्य यूडाइस पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है, लेकिन कई निजी स्कूलों में यह प्रक्रिया बेहद धीमी पाई गई है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला प्रशासन ने 15 अशासकीय विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। जारी आदेश के अनुसार जिन स्कूलों में अपार आईडी निर्माण की संख्या कम है या विद्यार्थियों के आधार नंबर यूडाइस पोर्टल में दर्ज नहीं किए गए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नोटिस प्राप्त स्कूलों में लोयला उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बहतराई, चैतन्य टेक्नो तोरवा, जैन इंटरनेशनल स्कूल, विवेकानंद उच्च माध्यमिक बसहा समेत अन्य संस्थान शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संबंधित विद्यालय निर्धारित समयावधि में अपार आईडी और आधार प्रविष्टि का कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। यदि तय समय में संतोषजनक जवाब या प्रगति नहीं मिली, तो संबंधित स्कूलों की मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन के लिए अपार आईडी बनाना अनिवार्य है, इसलिए लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परीक्षा में डीजे-धुमाल पर प्रतिबंध
मुंगेली। जिले में बोर्ड एवं स्थानीय परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज ने डीजे एवं धुमाल संचालकों की बैठक ली। बैठक में परीक्षा अवधि के दौरान जिले में शांति एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान रात्रि 10 बजे से प्रातः 06 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र (डी.जे.) का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन द्वारा जारी निर्देशों एवं कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराया जाए। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के साउंड सिस्टम या ध्वनि विस्तारक उपकरण के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। बैठक में संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मूर्तियां खंडित करने वाला आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर। 16 फरवरी 2026 को नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खैरताल में शिव मंदिर की मूर्तियां खंडित करने के मामले की सूचना पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कार्रवाई में लिया गया है। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना पर खैरताल निवासी शेख अनवर उर्फ छोटा फोन (30 वर्ष) पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपी ने नशे की हालत में मूर्तियां खंडित करना जुर्म स्वीकार किए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दो छात्राओं ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
कोरबा। कोरबा जिले में दो छात्राओं ने फांसी लगा कर जान दे दी। एक छात्रा ने अपने ही घर के म्यांर तो दूसरी ने तालाब किनारे कोसम पेड़ में फांसी लगा ली। पुलिस ने दोनों ही मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पहली घटना कोतवाली अंतर्गत वार्ड क्रमांक 5 इंदिरा नगर दुरपा रोड में घटित हुई। बताया जा रहा है कि बस्ती में दिलीप केंवट निवास करता है। वह राजमिस्त्री का काम कर दो पुत्र और इकलौती पुत्री अंजली केंवट 17 वर्ष का पालन पोषण कर रहा था। अंजली एक निजी विद्यालय मे कक्षा दसवीं में अध्ययनरत थी। वह बीते पखवाड़े भर से घर में ही रहकर परीक्षा की तैयारी कर रही थी। मंगलवार की सुबह दिलीप अपनी पत्नी और बड़े पुत्र के साथ काम पर निकल गया, जबकि करीब 11 बजे छोटा पुत्र नहाने के लिए चला गया। घर में अंजली अकेली ही थी। जब छोटा पुत्र नहाकर लौटा तो उसकी नजर लोहे के एंगल से बने घर में म्यांर पर पड़ी। लोहे के म्यांर में फंदे पर अंजली लटक रही थी। अपनी बहन को भाई ने फंदे से नीचे उतारा। वह आनन फानन बहन को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी तरह दूसरी घटना उरगा थानांतर्गत ग्राम धमनागुड़ी मौहार की है। यहां रहने वाली गीता महंत 16 वर्ष स्थानीय विद्यालय में कक्षा नवमीं की पढ़ाई कर रही थी। वह सुबह करीब 11 बजे नहाने के लिए तालाब जाने के नाम पर निकली, इसके बाद घर नही लौटी। परिजन उसका इंतजार कर रहे थे, इसी बीच गीता के तालाब के समीप ही कोसम पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की जानकारी मिली। यह खबर मिलते ही परिजन मौके पर जा पहुंचे।
लकड़ी तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायगढ़। रायगढ़ वन विभाग ने खैर लकड़ी की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। 16 फरवरी को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद रायगढ़ वन मंडलाधिकारी के मार्गदर्शन पर उप वनमण्डलाधिकारी और उड़नदस्ते की टीम ने दबिश दी, तस्करों में हड़कंप मच गया और वे लकड़ी से लदा ट्रक लेकर भागने लगे। वन विभाग की सतर्कता के चलते चंद्रपुर मार्ग पर घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक सीजी-06 2022 को पकड़ लिया गया। गिरोह के सदस्यों की मदद से चालक एक बार फरार होने में सफल रहा, लेकिन बाद में छानबीन के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपी चालक और उसके साथी मेलाराम ने बताया कि गिरोह आसपास के जंगलों से खैर की बेशकीमती लकड़ी काटकर सहसपुरी में डंप करता था। इसके बाद लकड़ी को चांपा स्थित मनीष अग्रवाल के एक गुप्त गोदाम में भेजा जाता था। रात लगभग एक बजे रायगढ़ की टीम ने तस्करों का पीछा करते हुए चांपा के अकलतरा भांटा क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की। चांपा वन विभाग के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के तार अन्य राज्यों से जुड़े हुए हैं। रायगढ़ और चांपा को केंद्र बनाकर तस्कर लकड़ी को ऊंचे दामों पर पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में खपाते थे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


