Bilaspur News Update : बिलासपुर. सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम दर्राभाठा में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों दिनेश सोनवानी और सनिता कौसले को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी दिनेश ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और पकड़े जाने के डर से चोरी के जेवर अपनी सहयोगी सनिता कौसले के पास छिपा दिए थे. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दिनेश को पकड़ा और पूछताछ के दौरान चोरी का राज खुला, जिसके बाद महिला सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है, जिसमें 7.66 ग्राम सोने और 361 ग्राम चांदी के जेवर शामिल हैं.

बिलासपुर में गौवंश के साथ क्रूरता, CCTV में कैद हुई पिटाई

बिलासपुर. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कुंदरापारा में गौवंश के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है. आरोप है कि फसल खाने पर गौवंश को बांधकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए धमकी भी दी. मामले में पशु सेवकों की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों प्रमोद गढ़वाल और अशोक गढ़वाल समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ईद मिलादुन्नबी पर आज निकलेगा जुलूस

बिलासपुर. जश्ने ईद मिलादुन्नबी के 1501वें अवसर पर शहर में विविध आयोजन होंगे. उसकी देन कमेटी की जेरे सदारत विगत 47 वर्षों से आयोजित किए जा रहे परंपरागत जुलूस की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा की सीरत, इंसानियत, अमन, मोहब्बत, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश लेकर निकलने वाला यह जुलूस आज दोपहर 2:30 बजे सत्यम चौक से रवाना होगा. जुलूस सत्यम चौक से लिंक रोड होते हुए तारबाहर चौक, पुराना हाईकोर्ट और गांधी चौक पहुंचेगा. इसके बाद जूना बिलासपुर होते हुए गोल बाजार पहुंचेगा, जहां नमाज-ए-असर अदा की जाएगी. नमाज के पश्चात जुलूस जूनी लाइन चौक, कंपनी गार्डन चौक होते हुए सिविल लाइन थाना के सामने से ईदगाह पहुंचेगा. ईदगाह में परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी. इसके पश्चात नमाज ए-मगरिब अदा होगी. नमाज के बाद पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की मुबारक जिंदगी, उनकी शिक्षाओं और इंसानियत, अमन और भाईचारे के संदेश पर तकरीर होगी. इसके बाद फातिहा और दरूद-ओ-सलाम के साथ जुलूस का समापन किया जाएगा. शेख नजरूद्दीन छोटे ने बताया कि जुलूस को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए कमेटी एवं जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. जुलूस में डीजे, पावर जोन, ऑटो, ई-रिक्शा और किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. आयोजकों ने सभी लोगों से प्रशासन एवं कमेटी के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है. जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मोहल्ला जूनी लाइन से बाइक जुलूस सुबह 8:30 बजे निकाला जाएगा, जो जूनी लाइन से खपरगंज, मध्यनगरी, मसानगंज, अग्रेसन चौक, खामोशगंज, कब्रिस्तान मरिमाई, भारत चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, लिंक रोड, तारबाहर, गिरजा चौक, रेलवे ऑटो स्टैंड, बुधवारी बाजार, गुरु नानक चौक, गांधी चौक, गोल बाजार, करोना चौक, देवकीनंदन चौक, राजेंद्र नगर, मंदिर चौक, महाराणा प्रताप चौक, भारतीनगर चौक, तैयबा चौक मगरपारा चौक से जुनी लाइन में 1 बजे आकर समाप्त होगा.

बिलासपुर दौरे पर रहेंगे भूपेश 

बिलासपुर. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बिलासपुर शहर प्रवास पर रहेंगे. भूपेश बिल्हा विधानसभा स्थित मंदिर में रुद्राभिषेक में शामिल होने दोपहर 12.40 बजे रायपुर से प्रस्थान कर 2.50 पर मोहभट्ठा शिव मंदिर पहुंचेंगे. जहां 3.30 तक रुद्राभिषेक और शिव पूजा में शामिल होंगे. रुद्राभिषेक के पश्चात पूर्व मुख्यमंत्री भिलाई निवास के लिए रवाना हो जाएंगे. इस अवसर पर विधायक अटल श्रीवास्तव, विधायक दिलीप लहरिया, राजेंद्र शुक्ला, प्रमोद नायक, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे. उक्त जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता अभय नारायण राय ने दी.

बिलासपुर-अलहंका ट्रेन को तोखन दिखाएंगे हरी झंडी

बिलासपुर. केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू आज बिलासपुर दौरे पर रहेंगे. इस दौरान क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात देते हुए बिलासपुर-अलहंका-बिलासपुर साप्ताहिक ट्रेन के नियमित परिचालन का लोकार्पण करेंगे. राज्य मंत्री दोपहर 1 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होकर वे बिलासपुर-अलहंका साप्ताहिक ट्रेन का लोकार्पण करेंगे. इस नई ट्रेन सेवा के नियमित परिचालन से यात्रियों को सहूलियत मिलेगी और दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो सकेगा.

मकान में पति-पत्नी की मिली लाश

लोरमी. लोरमी क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में एक मकान से पति-पत्नी की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई. दोनों के बेटे बिलासपुर से चार दिन से लगातार माता-पिता को फोन कर रहे थे, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने पर उन्होंने पड़ोसियों को घर जाकर पता लगाने के लिए भेजा. घर के बाहर ताला लगा होने और अंदर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और हत्या की आशंका जताई. जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त को मोहन पिता नंदकुमार कश्यप (25) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम नवलपुर स्थित उनके पैतृक मकान में उनके पिता नंदकुमार कश्यप (52), पिता श्याम कश्यप और माता गौरी कश्यप (50) मौजूद थे, लेकिन मकान के बाहर ताला लगा हुआ था और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी. सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव पुलिस टीम, साइबर सेल और एफएसएल टीम के साथ ग्राम नवलपुर पहुंचे. पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो एक खाट पर नंदकुमार और दूसरी खाट पर गौरी की सड़ी-गली अवस्था में लाश पड़ी मिली. शवों की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए. पति-पत्नी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है और घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की मदद ली गई है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स, बिलासपुर भेजा गया है. एसडीओपी माधुरी धिरही ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम का माहौल है.

बिजली बकायादारों के 293 कनेक्शन कटे

जांजगीर-चांपा. बिजली बिल के बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने मंगलवार को संभाग स्तर पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की. अधीक्षण अभियंता अमर चौधरी के निर्देश पर चांपा संभाग में मास डिस्कनेक्शन अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान 293 बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, जबकि 137 उपभोक्ताओं से करीब 60.97 लाख रुपए की बकाया राशि वसूल की गई. अभियान के लिए पूरे सर्कल के सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं को शामिल करते हुए कुल 18 टीमों का गठन किया गया था. टीमों ने चांपा उपसंभाग, जांजगीर उपसंभाग, चांपा एवं नैला जोन में कार्रवाई की. विद्युत विभाग के अनुसार, जिन 293 उपभोक्ताओं के खिलाफ लाइन विच्छेदन की कार्रवाई की गई, उन पर कुल 125.99 लाख रुपए की बकाया राशि थी. विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बकाया भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे. अभियान के दौरान 137 उपभोक्ताओं ने बकाया बिजली बिल की राशि जमा की. इनसे कुल 60.97 लाख रुपए की वसूली हुई. कार्रवाई के दौरान पूरे सर्कल के कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता भी मौके पर मौजूद रहे. विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.

छेड़छाड़ करने वाला व्यवसायी गिरफ्तार

कोरबा. कोतवाली पुलिस ने शारदा टेलीकॉम के संचालक चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. उस पर अपने ही नाबालिग कर्मचारी से छेड़छाड़ के मामले में प्रकरण पंजीबद्ध था. आरोपी अस्पताल से इलाज कर घर लौट रहा था. इसी दौरान पुलिस ने दबोच लिया. मामले में वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. कोतवाली क्षेत्र में चेतन कुमार चौधरी प्रतिष्ठान का संचालन करता है, जहां एक नाबालिग काम करती थी. उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि चेतन चौधरी ने उसके साथ मारपीट की. साथ ही छेड़छाड़ को अंजाम दिया है. मामला महिला संबंधी अपराध से जुड़ होने के कारण पुलिस ने तत्काल नाबालिग की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया. मामले में पुलिस आरोपी की तलाश में लगी हुई थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहा है. उसकी अस्पताल से छुट्टी होने वाली है. अस्पताल से निकलते ही वह फरार हो सकता है. यह खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. आला अफसरों ने पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रवाना कर दी. इस टीम ने आरोपी चेतन चौधरी को घर जाते समय रास्ते में ही दबोच लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने प्रकरण पंजीबद्ध होने की भनक लगते ही अग्रिम जमानत लेने का प्रयास तेज कर दिया था. उसने कोर्ट में जमानत के लिए आवेदन भी पेश किए थे, लेकिन कोर्ट से अग्रिम जमानत के आवेदन को खारिज कर दिया गया. पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से जमानत के अभाव में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H