Bilaspur News Update : बिलासपुर. छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक सरेराह एक-दूसरे के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं. वायरल वीडियो में युवकों द्वारा लात-मुक्कों से जमकर मारपीट की जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.

SECL के रिटायर्ड अधिकारी से 4.5 लाख की ठगी

बिलासपुर. बिलासपुर में SECL के सेवानिवृत्त अधिकारी से सोलर पैनल लगाने के नाम पर करीब साढ़े 4 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि रिटायर्ड अधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने के लिए आवेदन किया था. आरोप है कि इसके लिए भुगतान किए जाने के बावजूद सोलर पैनल नहीं लगाया गया. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है और ठगी से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.

स्वतंत्रता दिवस से पहले बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग

बिलासपुर. स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. तोरवा थाना, GRP और RPF की संयुक्त टीम ने साउथ बिहार एक्सप्रेस में सघन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान यात्रियों और उनके सामान की जांच की गई. जांच के दौरान खतरनाक धारदार हथियार बरामद किए गए. बाबा धाम, देवघर से हथियार लाकर आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने की सूचना के बाद पुलिस पहले से अलर्ट है. रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की लगातार जांच की जा रही है. स्वतंत्रता दिवस को लेकर बिलासपुर पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी है. बस स्टैंड समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान जारी है. पुलिस का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा.

चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार

बिलासपुर. शहर के पचरी घाट के पास चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी की पहचान दीपक लहरे के रूप में की है. आरोप है कि युवक आने-जाने वाले लोगों को धारदार चाकू दिखाकर डरा-धमका रहा था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया है. मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की जा रही है.

7 आरोपी प्रतिबंधात्मक धाराओं में गिरफ्तार

बिलासपुर. शहर में अशांति फैलाने, अड्डेबाजी और नशाखोरी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस ने अभियान के दौरान 7 आरोपियों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई राम मंदिर चौक तिफरा, शिव विहार कॉलोनी, चुचुहियापारा और शांति नगर समेत अन्य क्षेत्रों में की गई. पुलिस की सतत चेकिंग के दौरान चिन्हांकित अड्डेबाजी वाले स्थानों पर कार्रवाई की गई. SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस ने यह कार्रवाई की. पुलिस की ओर से असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है.

कोयला गुणवत्ता में गड़बड़ी मामले में फरार वाहन मालिक गिरफ्तार

बिलासपुर. कोयले की गुणवत्ता में गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने तीन महीने से फरार चल रहे वाहन मालिक सहदेव साहू को गिरफ्तार किया है. मामला संदिग्ध गुणवत्ता वाले कोयले की सप्लाई से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार, SECL रामपुर खदान से G-6 उच्च गुणवत्ता का कोयला ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड, डिघोरा भेजा गया था. प्लांट में जांच के दौरान कोयले की GCV गुणवत्ता 4203 और 4220 पाई गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई. जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 04 HX 4888 के मालिक सहदेव साहू की कथित संलिप्तता सामने आई. इसके बाद हिर्री पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में धारा 316(3), 317(2), 317(4) और 3(5) BNS के तहत कार्रवाई की जा रही है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H