Bilaspur News Update : बिलासपुर. लिंगियडीह एफसीआई गोदाम नाला में बहने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई. शुक्रवार की सुबह शीला पार्क टावर के बीच नाले के किनारे झाड़ियों के बीच महिला का शव मिला. बहरहाल वह नाले में कैसे डूबी यह स्पष्ट नहीं हो सका है. बहरहाल सरकंडा पुलिस मामले की जांच कर रही है. सरकंडा पुलिस के अनुसार लिंगियाडीह अटल आवास में रहने वाली प्रमिला बाई 65 वर्ष बीती रात तेज बारिश के दौरान बसंत विहार से एएफसीआई गोदाम जाने वाले नाले में बह गई. लेकिन यह कैसे बही यह स्पष्ट नहीं हो पाया. आज सुबह उसका शव शीला पार्क टावर के पास नाले किनारे झाड़ियों में मिली. उसकी पहचान लोगों ने प्रमिला बाई अटल आवास निवासी के रूप में की. पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह कैसे और कब बही. बहरहाल मामले की जांच की जा रही है. और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का पुलिस को इंतजार है.  

रेलवे स्टेशन और यार्ड जलमग्न, 7 मेमू ट्रेनें रद्द

बिलासपुर . दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में मानसून ने भारी तबाही मचाई है. रेलवे स्टेशन और यार्ड पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं. रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने की वजह से ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कई लोकल मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त या शुरू किया जा रहा है. बारिश का पानी रेलवे ट्रैक पर भर गया जिसके कारण रेलवे को कई मेमू पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करनी पड़ी. साथ ही कुछ ट्रेनों को गंतव्य के पहले समाप्त कर वापस भेजा गया. भारी जलभराव के कारण रलवे ने 68734 बिलासपुर-कोरबा मेमू, 68733 कोरबा-बिलासपुर मेमू, बिलासपुर-रायपुर मेमू, रायपुर-बिलासपुर मेमू, 68745 बिलासपुर-रायपुर मेमू, 68737 रायगढ़-बिलासपुर मेमू और 58214 बिलासपुर टिटलागढ़ पैसेंजर को रद्द कर दिया गया. वहीं यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए रेलवे ने कुछ ट्रेनों के रूट में बदलाव कर उन्हें आंशिक रूप से चला कर बीच में गंतव्य के पहले समाप्त किया गया. इसमें 68735 रायगढ़-बिलासपुर मेमू ट्रेन बिलासपुर न आकर चांपा स्टेशन में ही समाप्त कर दी गई. 68738 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू ट्रेन बिलासपुर के बजाय चांपा स्टेशन से रायगढ़ के लिए रवाना होगी. 68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू ट्रेन को बिलासपुर से पहले दाधापारा स्टेशन से ही वापस रायपुर के लिए रवाना किया गया. इसी तरह 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू चांपा में स्टेशन समाप्त हुई एवं यह गाड़ी चांपा एवं दगोरी के बीच रद्द रही अर्थात यह गाड़ी चांपा से 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू बन कर झारसुगुड़ा के लिए रवाना हुई.

एक्सप्रेस ट्रेनें चलती रही आउटर में रोके गए ट्रेन

बिलासपुर रेलवे स्टेशन एवं यार्ड के कई रेल ट्रैकों पर जलभराव हो गया. इसके कारण रेलवे ने सात मेमू पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दी. साथ ही पांच मेमू को बीच में समाप्त कर वापस भेज दिया गया. इसके बाद भी एक्सप्रेस ट्रेनें चलती रही. रेलवे ने एक भी एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द नहीं किया है. उसको सावधानी से रेलवे स्टेशन लाकर रवाना किया गया. वहीं रेलवे स्टेशन के ट्रक में पानी भर जाने के कारण रेलवे को हावड़ा-मुम्बई मेल, हावड़ा-पुणे आजाद हिन्द एक्सप्रेस नागपुर-बिलासपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को जलभराव के कारण आउटर में काफी देर तक खड़ा कर रखा गया. 

रिस्दी में कल निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा

कोरबा. रिस्दी में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन 19 जुलाई को किया गया है. रथयात्रा समय शाम शाम बजे, श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ निकाली जाएगी. यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों शामिल होंगे. रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के रथ का नगर भ्रमण कराया जाएगा.

चेक बाउंस मामले के लिए विशेष लोक अदालत आज

जांजगीर-चांपा. जिला एवं सत्र न्यायालय जांजगीर, तालुका न्यायालय, चांपा, अकलतरा, पामगढ़, नवागढ़, सक्ती, मालखरौदा, डभरा एवं जैजैपुर में विशेष लोक अदालत का आयोजन शनिवार 18 जुलाई को किया जावेगा. उक्त लोक अदालत में उन पक्षकारों जिसका परक्राम्य लिखत अधिनियम एवं चेक बाउंस के मामले न्यायालय में लंबित हैं उन्हें राजीनामा के माध्यम से निराकृत कराना चाहते हैं वे निराकृत करा सकते हैं. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं सहअध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर द्वारा समस्त लोगों को आवाह्न किया गया है कि जिनके भी चेक बाउंस के मामले न्यायालय में लंबित हैं वह अधिक से अधिक संख्या में अपने मामलों को आयोजित विशेष चेक बाउंस लोक अदालत के माध्यम से निराकृत कर सरल एवं सुलभ न्याय प्राप्त करें और उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से यह भी संदेश जारी किया है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य एवं लक्ष्य न्याय सबके लिए है.

आकाशीय बिजली की चपेट में आकर महिला की मौत

रायगढ़. गुरूवार की सुबह पुटू लेने जंगल गई महिला की आकाशीय गाज की चपेट में आकर मौत हो गई. इस घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है. मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है. मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी महिला प्रभा एक्का 55 साल, आज सुबह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पुटु (मशरूम) लेने संगरा जंगल गई थी. बताया जा रहा है कि इस दौरान अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ा और फिर बारिश के साथ तेज गर्जना के दौरान आकाशीय गाज की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई. परिजनों ने प्रभा एक्का को इलाज के लिये सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां मौके पर मौजूद चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच के दौरान ही उसे मृत घोषित कर दिया.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H