Bilaspur News Update : बिलासपुर. रतनपुर के नर्सिंग होम में महिला की मौत का मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित किया जा रहा था. गंभीर लापरवाही के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल डायरेक्टर और संबंधित डॉक्टर को नोटिस जारी कर दिया है.
दरअसल, रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी नवागांव निवासी 50 वर्षीय कुमारी बाई साहू को लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्या से परेशान थी. वह पति ईश्वर साहू के साथ उपचार के लिए पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी. परिजनों का आरोप है कि वहां जांच के दौरान डॉक्टर नेहल झा ने महिला को बच्चेदानी में समस्या बताते हुए ऑपरेशन कराने की सलाह दी. इसके साथ ही कथित तौर पर डॉक्टर ने अपने निजी अस्पताल मातृका नर्सिंग होम में ऑपरेशन कराने की बात कही.
परिजनों के मुताबिक, महिला को बाद में निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन की तैयारी शुरू की गई. आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा ऑपरेशन के लिए 15 हजार रुपये भी जमा कराए गए. इसके बाद महिला को ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर एनस्थीसिया दिया गया. परिजनों का कहना है कि एनस्थीसिया दिए जाने के कुछ ही समय बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. महिला की हालत गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति संभालने के बजाय उसे जल्दबाजी में दूसरे अस्पताल रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी. बिना उचित रेफरल दस्तावेज और चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी किए महिला को निजी कार से सिम्स भेजा गया. लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मृतका के बेटे मुकेश साहू ने रतनपुर थाने में लिखित शिकायत देकर डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
तेज रफ्तार पर लगाम कस रही पुलिस
बिलासपुर. यातायात पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है. जनवरी से मई 2026 के बीच कुल 14,372 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई. इनमें निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने वाले 4,809 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 112/183 के तहत चालान काटे गए, जबकि 9,567 मामलों में जल्दबाजी और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर धारा 184 के तहत कार्रवाई की गई.
यातायात पुलिस के अनुसार शहर में स्थापित 550 से अधिक अत्याधुनिक ITMS और ANPR कैमरों के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है. वहीं नेशनल हाईवे पर इंटरसेप्टर वाहन, स्पीड राडार गन और स्पीडोमीटर की मदद से वाहनों की गति पर नजर रखी जा रही है. तय सीमा से अधिक रफ्तार पाए जाने पर ऑनलाइन चालान और नोटिस जारी किए जा रहे हैं. स्टंटबाजी, रील बनाते हुए ड्राइविंग करने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर है. साथ ही यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन और निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
सेंट्रल यूनिवर्सिटी पोर्टल हैकिंग जांच पूरी, रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी गई
बिलासुपर. गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल से जुड़े कथित हैकिंग मामले में गठित फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने अपनी जांच पूरी कर ली है. जांच रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी गई है. सूत्रों के मुताबिक, कमेटी ने मामले की विस्तृत जांच के बाद पुलिस से भी जांच कराने की अनुशंसा की है.
यह मामला 32 विभागों के प्रश्नपत्र लीक होने और लाखों छात्रों के व्यक्तिगत डेटा के संभावित रूप से प्रभावित होने से जुड़ा हुआ है. हालांकि सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान पोर्टल हैकिंग के कोई प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिले हैं. प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि किसी व्यक्ति द्वारा लॉगिन डिटेल्स और गोपनीय डेटा साझा किए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई. अब पूरे मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन के अगले फैसले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं.
सरेराह चाकू हमले में घायल युवक की मौत, आरोपी रायपुर से गिरफ्तार
बिलासपुर. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में हुए सरेराह चाकू हमले के मामले में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. मृतक की पहचान मनीष गोस्वामी के रूप में हुई है, जिस पर तिफरा बाजार चौक में बीच बाजार चाकू से हमला किया गया था. मामले में पुलिस ने आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सर्किट को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना पारिवारिक विवाद के चलते हुई. पुलिस के मुताबिक आरोपी के परिवार की एक महिला और मृतक के बीच कथित अवैध संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया. सिरगिट्टी थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है. मामले को लेकर एएसपी पंकज कुमार पटेल ने भी जानकारी दी है.
युवक ने पहाड़ पर फांसी लगाकर की आत्महत्या
कोरबा. घरेलू विवाद के बाद 4 साल के बच्चे को लेकर पत्नी के मायके जाने की वजह से तनाव में चल रहे एक युवक ने मड़वारानी पहाड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी पहाड़ पर रविवार सुबह मंदिर में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं ने एक पेड़ पर युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकता हुआ देखा. पास ही बाइक खड़ी थी. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. उरगा थाना से मौके पर पुलिस टीम पहुंची. मृतक के शव को फंदे से नीचे उतारकर आसपास गांव में मुनादी कराई गई. इस दौरान मृतक की शिनाख्त समीपस्थ ग्राम जर्वे निवासी 32 वर्षीय सिमरन कुमार सांडे के रूप में हुई. वह शनिवार शाम 7 बजे घर से बाइक लेकर निकला था, जिसके बाद रातभर नहीं लौटा था. जानकारी मिलने पर परिजन घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने बताया कि सिमरन का कुछ दिन पहले पत्नी के साथ घरेलू विवाद हो गया था, जिसके बाद पत्नी अपने साथ 4 साल के बेटे को लेकर मायके चली गई, जो नहीं लौट रही थी. इसकी वजह से सिमरन मानसिक तनाव में था.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

