Bilaspur News Update : बिलासपुर. पचपेड़ी थाना क्षेत्र के मनवा गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान गंगोत्री पटेल के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

जमीन बिक्री में फर्जीवाड़ा, कारोबारी और तत्कालीन पटवारी पर FIR

बिलासपुर. शहर के कस्तूरबा नगर क्षेत्र में सामने आए करीब 15 साल पुराने जमीन फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने जूता कारोबारी किशोर दयालानी और तत्कालीन पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोप है कि 3 डिसमिल जमीन को राजस्व रिकॉर्ड में 6 डिसमिल दर्शाकर उसकी बिक्री कर दी गई. इतना ही नहीं, संबंधित जमीन को दो अलग-अलग लोगों को बेचने का भी आरोप लगाया गया है. प्रारंभिक जांच में राजस्व दस्तावेजों में कथित ओवरराइटिंग और अधिकारियों की मिलीभगत की बात सामने आई है. दस्तावेजों में जमीन का रकबा 0.024 हेक्टेयर यानी लगभग 6 डिसमिल दर्ज किया गया था. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.  

सूने मकान में चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. घर का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को सकरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान विकास चतुर्वेदी और अमन टंडन के रूप में हुई है. पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की मदद से मामले की जांच की. पुलिस डॉग ने घटनास्थल से सीधे आरोपियों के घर तक सुराग पहुंचाया, जिसके आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से करीब 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं. इनमें चांदी की पायल, कमरबंद, सोने के कान के जेवर और फुल्ली शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने कृष्णा अस्पताल में कार्यरत एक महिला के सूने मकान को निशाना बनाया था. महिला के रात की ड्यूटी पर जाने के दौरान घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया गया था. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.  

अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम दफईपारा में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को क्षेत्र में कच्ची महुआ शराब की बिक्री की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में रन्नू लाल मरावी को गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई. आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H