Bilaspur News Update : बिलासपुर. सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास साउंड सिस्टम को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. सोमवार शाम को हुई वारदात में आरोपी ने युवक के सीने पर चाकू से कई वार किए. गंभीर रूप से घायल युवक को ग्रामीण सिम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. दरअसल, संबलपुरी में राशन दुकान के सामने गणेश उत्सव का पंडाल लगाया गया है. सोमवार शाम पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी के बीच साउंड सिस्टम को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया. इसी दौरान अमन ने चाकू निकालकर आकाश के सीने पर तीन-चार वार कर दिए. हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए सिम्स पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्यूरी में रखा गया है.पुलिस ने घटना के बाद अमन सूर्यवंशी को हिरासत में ले लिया है. उससे पूछताछ कर विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. प्रारंभिक तौर पर साउंड सिस्टम को लेकर विवाद सामने आया है. वहीं स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है और वह पहले दो से तीन साल तक नशामुक्ति केंद्र में भी रह चुका है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.

घर में सो रही महिला से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. चकरभाठा थाना क्षेत्र में घर में सो रही महिला से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 सितंबर की सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच वह अपने घर के कमरे में सो रही थी. इसी दौरान आरोपी रमाकांत सूर्यवंशी (30), निवासी ग्राम सैदा थाना सकरी, उसके कमरे में घुस गया. और उससे छेड़छाड़ करने लगा महिला की नींद खुलने पर उसने आरोपी का विरोध किया. इस पर आरोपी ने घटना की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को देने पर जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी रमाकांत सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो ठेका श्रमिक पर हमला

बिलासपुर. सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम जांजी में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर ठेका श्रमिक से मारपीट कर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी और दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है. सीपत टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि प्रार्थी अखिलेश यादव ने सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. कि वह एनटीपीसी सीपत में आनंद कुमार सिंघानिया सिविल कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत है. कंपनी के श्रमिक ग्राम जांजी स्थित लेबर कॉलोनी में रहते हैं. 11 सितंबर को कंपनी का श्रमिक असहद अली काम खत्म होने के बाद सब्जी लेकर पैदल लेबर कॉलोनी लौट रहा था. इसी दौरान नहर रोड पर चार अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की. पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया.

गांजा पीने से मना किया तो चापड़ से हमला

बिलासपुर. सिटी कोतवाली क्षेत्र के जूनीलाइन में रहने वाले आदित्य रजक ने बताया कि उसके पिता राजेंद्र रजक राकेश ज्वेलर्स में गार्ड का काम करते हैं. उनके मोहल्ले में सत्येंद्र यादव अक्सर गांजा पीता था. इस पर राजेंद्र ने आपत्ति जताते हुए इसकी शिकायत की थी. इसी बात को लेकर सत्येंद्र राजेंद्र से नाराज था. रविवार रात करीब आठ बजे सत्येंद्र यादव राजेंद्र और आदित्य के घर के पास पहुंचा, लेकिन दोनों वहां नहीं मिले. इसके बाद वह सदर बाजार के करोना चौक स्थित राकेश ज्वेलर्स पहुंच गया. आरोपी दुकान के अंदर घुसा और वहां ड्यूटी कर रहे राजेंद्र पर चापड़ से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से राजेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. घटना के दौरान दुकान में मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया और किसी तरह उसे काबू में कर लिया.

धोखा और मर्डर

पेंड्रा. जिले में विगत दिनों झाड़ियों में मिले महिला के शव के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. जहां पुलिस ने मृतका के पति को ही हत्या का आरोपी पाया है और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. दरअसल थाना गौरेला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंजनी में विगत दिनों झाड़ियों में महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी पति सुमित कुमार यादव, निवासी रूपौली, थाना रूपौली, जिला पूर्णिया (बिहार) के रूप में हुई. जो हाल में जेपी एग्रोटेक मिल अंजनी में रह रही थी. वहीं पुलिस विवेचना में खुलासा हुआ कि घटना 9 सितंबर की रात करीब 2 बजे की है. आरोपी पति सुमित कुमार यादव पिता अरविंद प्रसाद यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी रूपौली यादव टोला, जिला पूर्णिया बिहार ने पत्नी को कमरे में नहीं पाया. वहीं पति के द्वारा तलाश करने पर उसने पत्नी को परिचित जितेंद्र मंडल के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. गुस्से में आरोपी जितेंद्र को मारने दौड़ा, तो वह भाग गया. इसी दौरान पत्नी से विवाद और झूमाझटकी होने पर आरोपी ने लोहे के चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और शव को झाड़ियों में फेंक दिया. आरोपी पति गिरफ्तारी से बचने और पुलिस को गुमराह करने के लिए गलत बयान दे रहा था. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए. जिस पर पुलिस ने अपराध दर्ज करते हुए धारा 103(1), 238 (ख) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस की प्रकरण में विवेचना जारी है और घटना से संबंधित अन्य तथ्यों एवं साक्ष्य का संकलन कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पुलिस के द्वारा की जा रही है.

सरकारी राशन दुकान में चोरी करने वाले 2 गिरफ्तार

लोरमी.  ग्राम साल्हेघोरी स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर 5 बोरी चावल चोरी करने के मामले का डिंडौरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए 5 बोरी चावल बरामद किया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार, राशन दुकान के विक्रेता जलेश्वर साहू ने चौकी डिंडौरी में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 27 अगस्त की शाम करीब 6 बजे राशन वितरण के बाद दुकान में ताला लगाकर घर चले गए थे. अगले दिन सुबह दुकान का ताला टूटा मिला. जांच करने पर 5 बोरी चावल गायब मिला, जिनकी कुल कीमत 13,724 रुपये बताई गई. मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में साइबर सेल और चौकी डिंडौरी की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई. पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर ग्राम सारधा निवासी रामानंद अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने साथी राजेश सारथी के साथ चोरी करना स्वीकार किया. चोरी किए गए चावल ग्राम गोंडखाम्ही निवासी अनिल साहू को बेचने की जानकारी भी सामने आई. पुलिस ने अनिल साहू के कब्जे से चोरी के 5 बोरी चावल बरामद किया. पुलिस ने आरोपी रामानंद अहिरवार (27) निवासी सारधा और खरीदार अनिल साहू (30) निवासी गोंडखाम्ही को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया. मामले में शामिल राजेश सारथी अन्य प्रकरण में बिलासपुर जेल में बंद है, जिसके खिलाफ पृथक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

स्वाइन फ्लू से मौत की पुष्टि

जांजगीर-चांपा. पिछले दिनों स्वाइन फ्लू के लक्षणों से मृत व्यक्ति की सैम्पल जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू से मौत की पुष्टि हो गई है. उधर रायपुर से बालपुर अपने ससुराल घूमने आये एक युवक की स्वाइन फ्लू जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है. युवक की कांटेक्ट हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है. बता दें कि 6 से ज्यादा संदिग्ध मरीज स्वाइन फ्लू के मिले हैं. इनमे से ज्यादातर को प्रायमरी उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय दो मरीज भर्ती है. जिनका जांच के लिए सैम्पल लेकर भेजा गया था लेकिन दोनो का जांच रिपोर्ट निगेटिव आया है. दूसरा मामला चांपा के एक निजी अस्पताल का है. जहां सर्दी खांसी के इलाज के लिए एक युवक आया था. 12 सितम्बर को उक्त युवक की स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सैम्पल भेजा गया था. शनिवार 13 सितम्बर को उक्त युवक की जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है. बताया जा रहा है कि युवक रायपुर से बालपुर अपने ससुराल आया था. जिसे सर्दी-खांसी होने पर वह चांपा के निजी अस्पताल में इलाज के लिए गया, जहां युवक सिम्टोमेटिक होने के कारण सैम्पल जांच के लिए भेजा गया. इसके अलावा जिला चिकित्सालय में 2 को आईसोलेशन पर रखा गया है. जिनका भी सैम्पल जांच के लिए भेजा गया था जहां दोनो की रिपोर्ट निगेटिव आई है. सीएमएचओ डॉ. अनिता श्रीवास्तव ने बताया कि चांपा के निजी अस्पताल में एक युवक इलाज के लिए आया था. जहां पर युवक का सैम्पल स्वाइन फ्लू जांच के लिए भेजा गया था. उक्त युवक की जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है. साथ ही कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है. डॉ. दीपक साहू, नोडल, जिला सर्विलांस अधिकारी ने कहा कि  3 सस्पेक्टेड लोगो की जांच के लिए सैम्पल भेजा गया था. जिनमें से एक युवक की जांच रिपोर्ट पाजीटिव आया है. सस्पेक्टेड लोगो का कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है.

शहर में अवारा कुत्तों का आतंक

रायगढ़. शहर में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है. गद्दी चौक इलाका इस समय शहर का सबसे बड़ा डेंजर जोन बन गया है. यहां कुत्तों का आतंक इतना ज्यादा है कि 13 सितंबर को एक ही दिन में कुत्तों ने 16 लोगों को अपना शिकार बना लिया. इसी दिन शहर के अलग-अलग हिस्सों में 24 लोगों को कुत्तों ने काटा. शहर के केजीएच अस्पताल में कुत्ते काटने के मामले अचानक से बढ़ गए हैं, जिससे पूरे शहर में दहशत का माहौल है. सितंबर के महीने में कुत्तों के इस तरह अचानक हमला करने के पीछे एक बड़ी वजह भी है. पशु चिकित्सकों का कहना है कि सावन और भादो का महीना कुत्तों के प्रजनन (ब्रीडिंग) का समय होता है. इस दौरान उनके शरीर में हार्मोनल इम्बैलेंस (बदलाव) होता है, जिसकी वजह से कुत्ते ज्यादा आक्रामक हो जाते हैं. यही कारण है कि इन दिनों सड़क पर चलने वाले राहगीरों और बच्चों पर कुत्तों के हमले अचानक बढ़ गए हैं. हर महीने 278 केस-अस्पताल के रिकॉर्ड बताते हैं कि इस साल कुत्ते काटने के मामले बहुत तेजी से बढ़े हैं. 2026 में जनवरी से लेकर अगस्त तक कुल 2225 केस सामने आ चुके हैं. इसका सीधा मतलब है कि शहर में हर महीने औसतन 278 लोगों को कुत्ते अपना शिकार बना रहे हैं. अगर हम सिर्फ शुरुआती 6 महीनों (जनवरी से जून) को देखें, तो 2026 में यह आंकड़ा सीधे 1816 तक पहुंच गया, जो पिछले सालों के मुकाबले काफी ज्यादा है. जुलाई में 192 और अगस्त में 217 मामले आए थे, जिससे लगा था कि शायद कुछ राहत मिलेगी. लेकिन सितंबर के 13 दिनों ने ही डरा दिया है. इन 13 दिनों में 174 केस आ चुके हैं. पूरे शहर में 13 सितंबर को कुल 24 केस आए, जिनमें से 16 मामले तो सिर्फ गद्दी चौक से ही थे. यह बताता है कि गद्दी चौक इलाके में कुत्तों का झुंड बहुत ज्यादा अग्रेसिव हो गया है और वहां संबंधित विभाग को तुरंत ठोस कार्रवाई करने की जरूरत है. डॉ दिनेश पटेल, सिविल सर्जन जिला अस्पताल ने कहा कि केजीएच अस्पताल पूरी तरह अलर्ट पर है. अस्पताल ने अपने पास 200 से ज्यादा एंटी-रेबीज वैक्सीन स्टॉक में रखी हैं, ताकि मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके. कुत्ते के काटने पर बिल्कुल भी लापरवाही न करें और तुरंत अस्पताल जाकर वैक्सीन लगवाएं, क्योंकि रेबीज जानलेवा हो सकता है. पशु चिकित्सक डॉ डी एन चौधरी ने बताया कि सावन भादो के माह कुत्तों के प्रजनन का होता है. इसलिए इस दौरान वह ज्यादा आक्रामक होते हैं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H