Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील, आपत्तिजनक और धमकी भरे मैसेज भेजने के मामले में युवती को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी प्रीति सूर्यवंशी ने प्रार्थी संजय रात्रे के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था और उसके माध्यम से संदेश भेजे जा रहे थे. साइबर तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया.
जांच में सामने आया कि फर्जी अकाउंट का संचालन स्वयं आरोपी युवती कर रही थी. पुलिस को यह भी पता चला कि युवती ने पहले तोरवा थाने में ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन जांच के दौरान शिकायत में प्रस्तुत स्क्रीनशॉट और संदेशों के स्वयं तैयार किए जाने के संकेत मिले. पुलिस के मुताबिक युवती ने खुद को संदेश भेजकर कथित सबूत तैयार किए थे.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि प्रार्थी और आरोपी के बीच पहले से परिचय और प्रेम संबंध थे. आरोप है कि प्रार्थी को बदनाम करने की नीयत से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर यह गतिविधियां संचालित की गईं. मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3), 356, 308(1) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत कार्रवाई की है.
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक का कान दांत से काटा
बिलासपुर. शादी में शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने युवक का कान दांत से काटकर अलग कर दिया. मल्हार पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी मनिकेश पाटले (26 वर्ष) निवासी धनगवां मल्हार ने चौकी मल्हार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जून को वह भारत पाटले के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल हुआ था. इसी दौरान वहां मौजूद मोहित कुर्रे ने उससे शराब पीने के लिए पैसे की मांग की. प्रार्थी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ने पर मारपीट करने लगा. आरोप है कि मारपीट के दौरान मोहित कुर्रे ने मनिकेश के कान को दांत से काटकर अलग कर दिया. घटना के बाद घायल युवक ने परिजनों को जानकारी दी और अगले दिन सुबह चौकी मल्हार पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मल्हार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में ग्राम धनगवां से उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया. उक्त कार्रवाई मल्हार पुलिस द्वारा की गई.
शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने19 जून को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि जून 2025 में उसकी पहचान सूरज यादव से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत एवं मेल-मिलाप बढ़ने के दौरान आरोपी द्वारा पीड़िता को शादी करने का विश्वास दिलाया गया. आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाएं. और बाद में विवाह करने से इंकार कर दिया. पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी सूरज यादव 34 साल निवासी अशोक नगर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
जांजगीर में आज लगेगा रोजगार मेला
जांजगीर-चांपा. जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र जांजगीर-चांपा द्वारा जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार 22 जून को आईटीआई कुलीपोटा जांजगीर में 11 बजे से 3 बजे तक एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन किया जायेगा. जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि शिविर में निजी क्षेत्र के 3 नियोजक पुस्कल एग्रीटेक लिमिटेड बिलासपुर, स्पंदना स्फूर्ति फाईनेंस लिमिटेड एवं चैतन्य इंडिया फाईनेंस क्रेडिट लिमिटेड रायगढ़ उपस्थित रहेगें. पुस्कल एग्रीटेक लिमिटेड बिलासपुर द्वारा अकाउंटेण्ट 4 पद एग्रीकल्चर आफिसर 4 पद, सेल्स आफिसर 20 पद सेल्स रिप्रजेंटेटिव 20 पद, स्पंदना स्फूर्ति फाईनेंस लिमिटेड द्वारा क्रेडिट असिस्टेंट के 10 पद, कस्टमर रिलेशनशीप एसोसियेट के 10 पद तथा चैतन्य इंडिया फाईनेंस क्रेडिट लिमिटेड रायगढ़ द्वारा कस्टमर रिलेशनशीप एक्जिकिटिव 20 पद पर भर्ती की जाएगी.
6 दिन बाद कब्र खोदकर निकाली गई लाश
कोरबा. ग्रामीण की मौत के 6 दिन बाद कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया. पत्नी की मांग पर शव को बाहर निकाल जांच की गई. परिजनों ने करंट से मौत का आरोप लगाया है. मामले में पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है.
दरअसल, मामला विकासखंड पाली अन्तर्गत ग्राम पंचायत नगोई का है. यहां निवासरत ग्रामीण के मकान की छत का ढलाई कार्य चल रहा था. जिसमें ग्राम पोड़ी मढ़वा महुआ निवासी नवीन कुमार काम कर रहा था. परिजनों का आरोप है कि काम के दौरान लिफ्ट मशीन विद्युत तार की चपेट में आ गया था. नवीन कुमार भी करंट की संपर्क में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था. जिसे प्राथमिक उपचार के लिए पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया. जहां उसकी मौत हो गई. आरोप है कि बिना पुलिस की सूचना व पोस्टमार्टम के ही शव को परिजनों को सौंप दिया गया था. जिसके बाद परिजनों ने 16 जून को सामाजिक रिति रिवाज से मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया. परिजनों का कहना है कि उन्हें शव देते समय पोस्टमार्टम होने की जानकारी दी गई थी. मौत को सामान्य बताया गया था. मृतक की पत्नी ने पाली थाना में लिखित आवेदन कर शव का परीक्षण व पोस्टमार्टम की मांग रखी. जिसके बाद उच्च अधिकारिया के अनुमति से ग्राम सरपंच, मृतक के परिजनों को सूचना देते हुए टीम गठित की गई. टीम के द्वारा कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया. जिसके बाद शव का परीक्षण किया गया. साथ ही घटना स्थल का निरीक्षण कर आगे की जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया करंट के साक्ष्य मिलने की बात कही जा रही है. साक्ष्य संरक्षित करने निर्देशित किया गया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

