Bilaspur News Update : बिलासपुर. दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए एक युवक की डैम में डूबने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया. साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. मृतक की पहचान सरकंडा निवासी ऋषभ देव के रूप में हुई है, जो अपने दोस्तों अभिषेक जायसवाल, राकेश साहू, दीपक जायसवाल, कुशल टेक्नो और बिट्टू के साथ पिकनिक मनाने औंरापानी डैम गया था. सूचना पर पहुंची SDRF की टीम ने करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला. मामला कोटा थाना क्षेत्र का है.
अस्पताल जा रही गर्भवती महिला की कार रोकी, फाइनेंस कंपनी के 3 कर्मचारियों पर केस दर्ज
बिलासपुर. फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों की दबंगई का मामला सामने आया है. आरोप है कि कर्मचारियों ने अस्पताल जा रही एक गर्भवती महिला की कार को कलेक्ट्रेट और एसएसपी कार्यालय के सामने रोक लिया. उन्होंने बकाया किश्त जमा कराने का दबाव बनाया और वाहन को क्रेन से उठाकर ले जाने की कोशिश की. महिला का आरोप है कि किश्त जमा होने के बावजूद अतिरिक्त पैसे मांगे गए. इसके बाद महिला ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के तीन कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है.
7 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर रहेंगे शिक्षक
जांजगीर-चांपा. वेतन विसंगति, पूर्व सेवा गणना, टीईटी की अनिवार्यता खत्म करने जैसी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षक फेडरेशन के आह्वान पर सहायक शिक्षक एक दिनी हड़ताल में 15 जुलाई को रहेंगे. सहायक शिक्षकों की हड़ताल के चलते प्राथमिक शालाओं में तालाबंदी रहेगी. फेडरेशन द्वारा बताया गया कि शिक्षकों की पुरानी मांग वेतन विसंगति को लेकर अब तक कोई निर्णय नहीं होने के साथ पूर्व सेवा गणना तथा क्रमोन्नति का लाभ भी नहीं मिल रहा है, जिसे लेकर एक दिवसीय हड़ताल किया जा रहा है. जिले के शिक्षक रायपुर में होने वाले विधान सभा घेराव में शामिल होने जाएंगे. इसकी सूचना शिक्षकों द्वारा पूर्व में ही डीईओ को दी जा चुकी है.
रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई महिला, मौत
चांपा. नगर के सीताराम गली के समीप रेल्वे ट्रैक में महिला पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस और आरपीएफ को दी गई. तत्काल पुलिस घटना स्थल पहुंची और विवेचना में जुट गई. महिला की पहचान श्रीमती सावित्री देवांगन पति संतोष कुमार देवांगन उम्र 35 वर्ष निवासी सीताराम गली के रूप में हुई हैं. बताया जा रहा हैं कि महिला भोजपुर के किसी निजी संस्था में कार्य करती थी. सोमवार की सुबह वह अपने घर से कार्यस्थल जाने के लिए निकली थी. इसी बीच वह सीताराम गली के पास स्थित रेलवे ट्रैक को पार कर रही थी. अचानक ट्रेन की चपेट में आ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम जांच कार्य शुरू कर दी है.
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर विवाद, जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने के मामले में मल्हार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम बैटरी निवासी लेख राम कौशिक के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

तोरवा पुलिस का विशेष अभियान, 10 फरार वारंटी गिरफ्तार
बिलासपुर. तोरवा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर लंबे समय से फरार 10 वारंटियों को गिरफ्तार किया है. अभियान के दौरान कुल 12 गिरफ्तारी वारंटों की तामील की गई. पुलिस ने चिन्हित आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

