जुबैर अंसारी, सुपौल। बीरपुर थाना क्षेत्र के गोल चौक के समीप एक बार फिर बाइक चोर दिनदहाड़े एक शातिर चोर बड़ी सफाई से मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।

​गैराज के ठीक सामने से उड़ाई गाड़ी

​पीड़ित नूर आलम उर्फ छोटू, जो वार्ड संख्या 11 के निवासी और स्वर्गीय मूसा के पुत्र हैं, पेशे से बाइक मिस्त्री हैं। उनका गैराज गोल चौक के पास स्थित है। गत 5 सितंबर को शाम करीब 5:30 बजे उन्होंने अपनी काले और नारंगी रंग की हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-38-D5334) गैराज के ठीक सामने पूर्व की ओर खड़ी की थी और खुद अंदर काम में व्यस्त हो गए। इसी दौरान एक अज्ञात चोर मौके का फायदा उठाकर गाड़ी लेकर चंपत हो गया।

​सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ शातिर चोर

​चोरी की यह पूरी वारदात पास के एक सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दिखाई दे रहा संदिग्ध युवक काफी शातिर नजर आ रहा है। उसने शरीर पर उजले रंग का हाफ शर्ट पहन रखा है और उसके हाथ में मोबाइल फोन है। फुटेज में उसका चेहरा और हरकतें बिल्कुल साफ दिख रही हैं, जिससे उसकी पहचान करना पुलिस के लिए ज्यादा मुश्किल नहीं होना चाहिए था।

​एक हफ्ता बीता, पुलिस की कार्रवाई सिफर

​घटना के तुरंत बाद पीड़ित नूर आलम ने बीरपुर थाने में लिखित आवेदन देकर थानाध्यक्ष संजय कुमार दास को पूरी घटना से अवगत कराया। हालांकि, घटना को एक सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक चोर का सुराग लगाने में नाकाम रही है। जब इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय दास से दूरभाष पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने इस मामले पर चुप्पी साध ली। साफ सुथरे सुबूत और सीसीटीवी फुटेज हाथ में होने के बावजूद पुलिस की यह सुस्ती स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और भारत-नेपाल सीमा पर स्थित इस नगर पंचायत में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।