Business Desk – Bitcoin Crash Latest Update : क्रिप्टो मार्केट में एक बार फिर बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. बिटकॉइन, जो दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी है, पिछले साल के अपने करीब 1,26,000 डॉलर के ऑलटाइम हाई से लगभग आधी कीमत गंवाने के बाद अब 60,000 डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर से भी नीचे फिसल गया है.

करीब दो सालों में यह पहली बार है जब बिटकॉइन इस निचले स्तर पर पहुंचा है. डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद जो तेजी क्रिप्टो मार्केट में देखी गई थी, वह अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ती नजर आ रही है. इस गिरावट ने निवेशकों के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि अब उन्हें Buy, Hold या Exit करना चाहिए.
भारी बिकवाली के पीछे क्या वजह है?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक बिटकॉइन में आई यह गिरावट मुख्य रूप से कैश की कमी और बड़े निवेशकों की मुनाफावसूली का नतीजा है.
WazirX के फाउंडर निश्चल शेट्टी के अनुसार, बड़े संस्थागत निवेशक अब क्रिप्टो से मुनाफा निकालकर AI, डिफेंस, एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सेक्टर्स में निवेश कर रहे हैं.
इसके अलावा, सोने की कीमतों में बदलाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों की नीतियों का भी क्रिप्टो मार्केट पर दबाव पड़ा है, जिससे बिकवाली और तेज हो गई है.
निवेशकों के लिए आने वाले दिन क्यों अहम हैं?
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले कुछ दिन क्रिप्टो मार्केट के लिए बेहद अहम रहेंगे. निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या बिटकॉइन 60,000 से 62,000 डॉलर के स्तर पर खुद को स्थिर कर पाता है या नहीं.
अगर यह स्तर कायम रहता है तो बाजार में दोबारा भरोसा लौट सकता है. CoinDCX के को-फाउंडर सुमित गुप्ता के अनुसार, क्रिप्टो मार्केट का अगला दौर इस बात पर निर्भर करेगा कि सरकारें इसके लिए कितने स्पष्ट नियम बनाती हैं और बड़ी कंपनियां इसमें कितना निवेश करती हैं.
अब निवेशक क्या करें?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस तरह की गिरावट बाजार का सामान्य हिस्सा होती है. ऐसे समय में घबराकर निवेश निकालना सही रणनीति नहीं मानी जाती.
Mudrex और अन्य विशेषज्ञों के अनुसार, SIP (Systematic Investment Plan) के जरिए धीरे-धीरे निवेश करना बेहतर विकल्प हो सकता है, जिससे खरीद की औसत कीमत संतुलित रहती है. नए निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने कुल पोर्टफोलियो का केवल 2% से 5% हिस्सा ही क्रिप्टो में लगाएं और मुख्य रूप से बिटकॉइन को ही प्राथमिक निवेश विकल्प मानें.

