Odisha Desk, भुवनेश्वर: महाप्रभु श्री जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा और बाहुड़ा यात्रा के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं और भगदड़ जनित मौतों को लेकर बीजू जनता दल (बीजेडी) ने राज्य सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोला है। इस मुद्दे पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बीजेडी ने पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच कराने की मांग की है और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
बीजेडी का आरोप है कि भगदड़ में श्रद्धालुओं की जान जाने के बावजूद स्वास्थ्य मंत्री असत्य बयानबाजी कर ओडिशा की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
बाहुड़ा यात्रा के दौरान हुआ हादसा
पार्टी की ओर से कहा गया कि बाहुड़ा यात्रा के दौरान मची भगदड़ के कारण एक और श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 130 से अधिक लोग घायल हुए हैं। आरोप है कि सरकार इस दुखद घटना की जिम्मेदारी लेने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। इससे पहले रथयात्रा के मुख्य दिन भी भगदड़ के चलते 3 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी, लेकिन तब भी प्रशासनिक स्तर पर सच्चाई को छिपाने की कोशिश की गई। बीजेडी ने कहा कि रथयात्रा की शुरुआत से लेकर बाहुड़ा यात्रा तक हर चरण में अव्यवस्था देखने को मिली, जिसने दुनिया भर के जगन्नाथ भक्तों की आस्था को गहरा आघात पहुंचाया है।
स्वास्थ्य मंत्री को तुरंत देना चाहिए इस्तीफा
स्वास्थ्य मंत्री पर निशाना साधते हुए बीजेडी ने कहा कि भगदड़ में हुई मौतों से इनकार कर मंत्री झूठे आंकड़े पेश कर रहे हैं। यदि सरकार पारदर्शिता में विश्वास रखती है, तो उसे तुरंत इस मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच का आदेश देना चाहिए।
नैतिकता के आधार पर बीजेडी ने मांग की है कि स्वास्थ्य मंत्री को अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि महाप्रभु के पावन उत्सव में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में हुई इतनी बड़ी लापरवाही को ओडिशा की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


