कुंदन कुमार/ पटना। ​बिहार की राजनीति में इन दिनों आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने बिहारशरीफ स्थित सर्किट हाउस में एक प्रेस वार्ता के दौरान विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने विपक्ष पर राज्य के युवाओं और छात्रों को मोहरा बनाकर सरकार की छवि धूमिल करने का कुत्सित प्रयास करने का आरोप लगाया।

​राबड़ी देवी के बंगले का खजाना और सरकारी आवास पर सियासत

​पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस मिलने के बाद भाजपा ने तंज कसा है। प्रेम रंजन पटेल ने सवाल उठाया कि आखिर सरकारी बंगले के प्रति इतना मोह क्यों है? उन्होंने कहा कि उन्हें नियमानुसार आवंटित आवास में शिफ्ट हो जाना चाहिए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए पूछा कि आखिर उस बंगले में ऐसा कौन सा खजाना छिपा है जिसे छोड़ने में इतनी परेशानी हो रही है। भाजपा का स्पष्ट मानना है कि कानून का पालन सभी के लिए समान है।

​संतोष डॉन की तस्वीर पर भाजपा की सफाई

​कुख्यात संतोष डॉन के ठिकानों पर EOU और STF की हालिया छापेमारी के बाद मंत्री श्रवण कुमार के साथ उसकी वायरल हुई तस्वीरों पर छिड़े विवाद पर भी पार्टी ने रुख स्पष्ट किया। भाजपा प्रवक्ता ने बचाव करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में कोई भी व्यक्ति मंत्री से मिल सकता है। महज एक तस्वीर के आधार पर मंत्री का अपराधी से संबंध जोड़ना गलत है। उन्होंने दोहराया कि एनडीए सरकार की नीति अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की है और जांच एजेंसियां पूरी निष्पक्षता से अपना काम कर रही हैं।

​नीतीश-सम्राट मॉडल और विपक्ष को नसीहत

​नीतीश मॉडल और सम्राट चौधरी मॉडल की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए उन्होंने कहा कि बिहार का विकास बिहार मॉडल पर आधारित है और नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में राज्य प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
​अंत में छात्र आंदोलन को लेकर उन्होंने विपक्ष को नसीहत दी कि युवाओं को बहकाकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना बंद करें। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और अपनी मांगों को शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के समक्ष रखें। स्पष्ट है कि भाजपा आगामी समय में विपक्ष के हर हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह कमर कस चुकी है।