राहुल शर्मा, भिंड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने और फिजूल खर्ची रोकने की अपील के बावजूद भिंड जिले में बीजेपी नेताओं के काफिलों का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है। किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव पर कार्रवाई के बाद अब बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार का काफिला भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पवन पाटीदार लहार विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ 8 से 10 गाड़ियों का लंबा काफिला चलता दिखाई दिया। प्रदेश अध्यक्ष समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते नजर आए। काफिले में पुलिस सुरक्षा के दो और वाहन भी शामिल रहे, जो पूरे दौरे के दौरान आगे-पीछे दौड़ते दिखाई दिए।

आलमपुर में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया, वहीं दो जेसीबी का डीजल बर्बाद कर मशीनों से फूलों की वर्षा कर शक्ति प्रदर्शन को और भव्य बनाने की कोशिश की गई। स्वागत कार्यक्रम के वीडियो और फोटो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल इसलिए खड़ा हो रहा है क्योंकि कल ही किसान मोर्चा के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव अपने प्रथम नगर आगमन पर करीब एक सैकड़ा गाड़ियों के काफिले के साथ भिंड पहुंचे थे। उस मामले ने तूल पकड़ा तो पार्टी संगठन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनसे किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष का पद वापस ले लिया था।
अब राजनीतिक चर्चाएं इस बात को लेकर तेज हैं कि क्या बीजेपी संगठन पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के मामले में भी उसी तरह सख्ती दिखाएगा या फिर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। विपक्ष भी इस मुद्दे को हाथों हाथ लेते हुए बीजेपी को घेरने में जुट गया है। विपक्ष का आरोप है कि एक ओर आम जनता को पेट्रोल-डीजल बचाने की सीख दी जा रही है।
वहीं दूसरी ओर सत्ता और संगठन से जुड़े नेता लगातार बड़े-बड़े काफिलों के जरिए शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर भाजपा संगठन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह मामला जमकर सुर्खियां बटोर रहा है।

