कुंदन कुमार, पटना। बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने आज सोमवार (13, जुलाई) को बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नीरज सिन्हा के नामांकन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सीएम सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी समेत एनडीए दल के कई नेता मौजूद रहे। नामांकन के बाद नीरज सिन्हा ने बीजेपी की जीत का दावा किया।

‘राजद को 51 हजार से अधिक वोट से हराएंगे’

नामांकन में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि, इस बार राजद को 51 हजार से ज्यादा वोट से हराएंगे। ये आप लोग देखिएगा। उन्होंने कहा कि, जनता हमारे साथ है। नामांकन में सभी घटक दल के नेता पहुंचे थे। हमारे उम्मीदवार नीरज सिन्हा को सभी का आशिर्वाद प्राप्त हुआ है।

जंगलराज के खिलाफ वोट करेगा बांकीपुर- रविशंकर प्रसाद

वहीं, बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, बांकीपुर की जनता शुरू से भाजपा के साथ रही है। जंगलराज के खिलाफ उन्होंने हमेशा वोट किया है। इस बार हमारे प्रामाणिक और मजबूत कार्यकर्ता मैदान में हैं। हमें विश्वास है कि जनता का पूर्ण समर्थन हमारे उम्मीदवार को मिलेगा और भाजपा की यहां जीत होगी।

जनसुराज से प्रशांत किशोर ने भी भरा नामांकन

जन सुराज के सूत्रधार और प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने भी आज बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, किसी का कोई गढ़ नहीं होता है। सबकुछ जनता का होता है, जनता जिसको चाहेगी उसकी जीत होगी।

प्रशांत किशोर ने कहा कि, किसी पार्टी और नेता का कोई गढ़ नहीं होता है। जनता का गढ़ है। उन्होंने कहा कि, बांकीपुर विधानसभा का जो उप चुनाव हो रहा है। वह चुनाव नहीं है। यह बिहार में नेतृत्व बदलने का चुनाव है। बिहार में बीजेपी की अहंकार को मिटाने का चुनाव है।

15 उम्मीदवारों ने भरा है नामांकन

बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन का आज (13, जुलाई 2026) आखिरी दिन था। आज अंतिम दिन बीजेपी के नीरज सिन्हा समेत कुल 4 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया, जिनमें जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर, जजद की प्रत्याशी वीणा मानवी और एक किन्नर ने भी नामांकन भरा है। इससे पहले शनिवार तक राजद की रेखा गुप्ता समेत कुल 11 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन भरा था। नामांकन भरने का समय अब समाप्त हो चुका है। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव के लिए मैदान में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके बीच मुकाबला होना है।

ये भी पढ़ें- कोर्ट में विधायक अनंत सिंह और अभिनेता गुंजन सिंह का सरेंडर, मिली जमानत