कुंदन कुमार, पटना। भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने बांकीपुर उपचुनाव में अपनी जीत का दावा किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, जनता हमारे साथ हैं और हम चुनाव जीत रहे हैं। वहीं, जनसुराज के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता के चुनाव लड़ने और चुनौती पेश करने पर नीरज सिन्हा ने कहा कि, लोकतंत्र है। लोकतंत्र में किसी को भी चुनाव लड़ने का अधिकार है।
मुझे अपने चैप्टर में आना है फर्स्ट- नीरज सिन्हा
नीरज सिन्हा ने यह भी कहा कि, मुझे अपने चैप्टर में फर्स्ट आना है। दूसरा कौन क्या पढ़ रहा है? मुझे उसमें ताकझांक नहीं करना है। विपक्ष के लोग क्या कर रहे हैं? वो समझे हम एक मंडल के कार्यकर्ता है और पार्टी के सभी कार्यकर्ता वरिष्ठ नेता का आशीर्वाद हमें प्राप्त है। जनता का भी आशीर्वाद जरूर हमें मिलेगा।
नाला-नली का काम विधायक का नहीं- नीरज सिन्हा
वहीं, जब उनसे यह पूछा गया कि बांकीपुर की जनता कह रही है कि यहां पर सड़क नहीं है। सड़क और नाला में लोगों को फर्क ही नहीं नजर आ रहा है। इसपर नीरज सिन्हा ने कहा कि, हर क्षेत्र में सबको अपना-अपना काम बांटा गया है। नाला-नली का काम नगर निकाय है। ना कि किसी विधायक और सांसद का। नगर निगम अपना काम करता है। विधायक अपना काम करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बांकीपुर में बीजेपी कि रिकॉर्ड तोड़ जीत होगी।
बांकीपुर के प्रति मेरी जवाबदेही- नितिन नबीन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज पटना प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बांकापुर उपुचनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। नितिन नबीन ने कहा कि, मैं अपने इलाके के लोगों के साथ खड़ा हूं। एक कार्यकर्ता और पूर्व विधायक तथा प्रतिनिधि होने के नाते मेरी जवाबदेही थी कि मैं अपने लोगों के बीच में निश्चित रूप आकर साथ खड़ा हूं। मुझे खुशी है कि बीजेपी ने बांकीपुर के लोगों की सेवा करने का मौका एक मंडल अध्यक्ष को दिया है। मुझे उम्मीद है कि हमारी पार्टी के जिस कार्यकर्ता को यहां से चुनाव लड़ने का मौका मिला है, उन्हें बांकीपुर के लोगों का आशीर्वाद मिलेगा और वे उनकी सेवा करेंगे।
वीणा मानवी समेत 18 का नामांकन रद्द
बांकीपुर उपचुनाव लड़ रही जजद की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन आज रद्द हो गया। चुनाव आयोग ने स्क्रूटनी के बाद वीणा मानवी के अलावा 18 अन्य उम्मीदवारों का नामांकन रद्द कर दिया है। ऐसें में अब 39 वैध उम्मीदवार बांकीपुर उपचुनाव के लिए मैदान में हैं।
तेज प्रताप यादव ने बताया साजिश, जाएंगे कोर्ट
पार्टी उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन खारिज होने की सूचना मिलते ही जजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे और निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। तेज प्रताप ने इसे अपने उम्मीदवार वीणा मानवी के खिलाफ षडयंत्र बताया। निर्वाचन पदाधिकारी से मिलने के बाद तेज प्रताप यादव ने कहा कि, उनकी पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी के साथ साजिश की गई है। जानबूझकर उनके उम्मीदवार का नामांकन रद्द कराया गया है। उन्होंने मामले को कोर्ट में ले जाने की बात कही है।
ये भी पढ़ें- सहयोग शिविर का शुभारंभ: CM सम्राट ने सुनीं लोगों की समस्याएं, 100 मामलों का किया निष्पादन

