संजय पाटीदार, भोपाल/ रवि रायकवार, दतिया। Datia BJP : मध्य प्रदेश के दतिया में उपचुनाव के लिए भाजपा ने पूर्व मंत्री का टिकट काटकर नए चेहरे आशुतोष तिवारी को मौका दिया है। लेकिन नरोत्तम मिश्रा की अनदेखी बीजेपी को भारी पड़ गई जिसके बाद पार्टी को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। नरोत्तम का टिकट कटने के विरोध में पूरी जिला इकाई बगावत पर उतर आई है। जिला अध्यक्ष रघुवीर सरण सहित समेत सभी पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में बूथ अध्यक्ष और पार्षद भी शामिल हैं।
आलाकमान को 24 घंटे का अल्टीमेटम, नरोत्तम मिश्रा को बनाएं प्रत्याशी
कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। दतिया भाजपा पदाधिकारियों ने आलाकमान को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर उन्होंने नरोत्तम मिश्रा को प्रत्याशी नहीं बनाया तो वे प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे देंगे।
कौन कौन देंगे इस्तीफ़ा?
– जिला अध्यक्ष भाजपा
– सभी जिला पदाधिकारी
– जिला पंचायत अध्यक्ष
– जनपद अध्यक्ष
– नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष
– बड़ौनी पंचायत के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष
– दतिया विधानसभा के 6 मंडलों के अध्यक्ष
– मोर्चा अध्यक्ष
– दतिया और बड़ौनी के सभी पार्षदगण
– दतिया विधानसभा की 291 बूथों के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी
टिकट की दौड़ में सबसे आगे थे नरोत्तम!
गौरतलब है कि राजेंद्र भारती को बैंक फ्रॉड केस में कोर्ट ने सजा सुनाई थी जिसके बाद उपचुनाव की सुगबुगाहट होने लगी थी। इस दौरान एक ही नाम चर्चा में था और वह था प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा का। माना जा रहा था कि भाजपा उन्हें चुनावी मैदान में उतार सकती है। लेकिन आज आशुतोष तिवारी के नाम का ऐलान होते ही उन्हें तगड़ा झटका लग गया।
टिकट की आस में खरीदा था नामांकन फॉर्म
बताया जा रहा है कि नरोत्तम मिश्रा को टिकट मिलने की उम्मीद थी। यही वजह थी कि उन्होंने नामांकन तक खरीद लिया था। लेकिन बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को टिकट देकर फिर चौंका दिया।
कौन है आशुतोष तिवारी ?
दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बने आशुतोष तिवारी संगठन के कद्दावर नेता हैं। वर्तमान में वह बीजेपी के प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी के पद पर हैं। साथ ही भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सक्रिय सदस्य हैं। आशुतोष मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। वह ग्वालियर, भोपाल संभाग के संगठन मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

