कुंदन कुमार/पटना। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और गाली-गलौज वाले वीडियो को लेकर बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। आरजेडी के सोशल मीडिया हैंडल पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा वाले वीडियो पोस्ट किए जाने के मामले में बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई है। इसी मामले को लेकर बीजेपी के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल अपनी लीगल टीम के साथ पटना के कोतवाली थाना पहुंचे और आरजेडी नेता एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। बीजेपी ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानें क्या लगाया आरोप
दानिश इकबाल ने आरोप लगाया कि गाली-गलौज करना आरजेडी की संस्कृति का हिस्सा रहा है और पार्टी की ओर से लगातार इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी कानूनी स्तर पर इसका विरोध करेगी।
मेटा को लिखा पत्र
बीजेपी ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा को भी पत्र लिखा है। पार्टी ने कथित आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने की मांग की है। बीजेपी का कहना है कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए किसी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। वहीं, बीजेपी के आरोपों पर आरजेडी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। माना जा रहा है कि इस विवाद को लेकर बिहार में सियासी बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है।

