प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के कथित ‘ठोकने’ वाले बयान पर बीजेपी ने तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केजरीवाल का एक वीडियो साझा करते हुए उनके बयान को लेकर सवाल उठाए और इसे उनकी ‘घटिया सोच’ करार दिया।
केजरीवाल के बयान पर बीजेपी का हमला
बीजेपी की ओर से साझा किए गए वीडियो में अरविंद केजरीवाल को कथित तौर पर CJP प्रोटेस्ट का जिक्र करते हुए यह कहते हुए सुना जा सकता है कि प्रदर्शन में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘ठोकने’ आए थे। इस बयान को लेकर बीजेपी नेताओं ने केजरीवाल पर निशाना साधा है।
दिल्ली के मंत्री और बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि देश के तीन बार चुने गए प्रधानमंत्री के बारे में केजरीवाल जिस तरह की ‘माओवादी भाषा’ का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनकी ‘विद्रोह क्रांति’ नहीं, बल्कि नैतिक और भाषाई दिवालियापन की अंतिम चीख है।
मिश्रा ने आगे कहा कि जिस व्यक्ति को दिल्ली की जनता ने ‘ठोक’ कर पंजाब भेज दिया और जिसे अब पंजाब की जनता भी ‘ठोकने’ जा रही है, वही कुंठा में प्रधानमंत्री को ‘ठोकने’ की बात कर रहा है।
‘देश की जनता नरेंद्र मोदी के साथ’
कपिल मिश्रा ने कहा कि देश की जनता ‘ठोकने’ की लंपटता के लिए नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी के साथ विकास और राष्ट्रनीति के लिए खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री के साथ जनता का समर्थन आगे भी और मजबूती से बना रहेगा।
दिल्ली बीजेपी ने भी साधा निशाना
दिल्ली बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि CJP के प्रोटेस्ट के ‘असली मालिक’ केजरीवाल ने आखिरकार खुद ही कथित तौर पर स्वीकार कर लिया कि प्रदर्शन में शामिल लोग प्रधानमंत्री मोदी को ‘ठोकने’ आए थे।
वीरेंद्र सचदेवा बोले- ‘पंजाब की जनता जवाब देगी’
बीजेपी के पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी केजरीवाल की भाषा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री संवैधानिक पद पर हैं और उनके बारे में इस तरह की भाषा सभ्य समाज में स्वीकार नहीं की जा सकती। सचदेवा ने दावा किया कि दिल्ली की जनता पहले ही जवाब दे चुकी है और अब पंजाब की जनता भी इसका जवाब देगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


