भुवनेश्वर। बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक द्वारा आशुतोष रांका और सौरव दास की जेल से रिहाई की मांग किए जाने के बाद ओडिशा की राजनीति में गरमाहट आ गई है। इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला और उन पर राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने का आरोप लगाया।

इससे पहले नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर कहा था कि प्रतिबंधित क्षेत्र में ही सही, राष्ट्रीय ध्वज फहराने के आरोप में युवाओं को लंबे समय तक जेल में रखना अनुचित है। उन्होंने न्यायपालिका और कार्यपालिका से हस्तक्षेप की अपील करते हुए कहा था कि यह सुनिश्चित किया जाए कि देश के युवाओं का कानून के शासन और अपने संवैधानिक अधिकारों पर से विश्वास न उठे।

नवीन पटनायक के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा ने कहा कि 24 वर्षों तक ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे नेता का देशविरोधी और अवांछित तत्वों के पक्ष में खड़ा होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, “बांग्लादेश की तर्ज पर हिंसक तरीके से तख्तापलट की मंशा रखने वाले और विदेशी फंडिंग से चलने वाले अराजकतावादियों को आपका समर्थन हैरान नहीं करता। आपकी सरकार के दौरान हजारों अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को राज्य में बसने का मौका दिया गया था। आपने न केवल उन्हें मतदाता बनाया, बल्कि अब आप विशेष मतदाता सूची संशोधन (SIR) प्रक्रिया का भी विरोध कर रहे हैं।”

भाजपा ने स्पष्ट किया कि किसी भी राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर देश की सुरक्षा, शांति और अखंडता है। पार्टी ने कहा कि ओडिशा की शांतिप्रिय परंपरा और राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगामी दिनों में इस मुद्दे पर राज्य में राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m