राकेश कथूरिया, कैथल। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार एवं प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन में “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान के अंतर्गत जिला कैथल में 5 जून से 21 जून 2026 तक विभिन्न जनहित एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

यह जानकारी भाजपा कैथल जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने जारी प्रेस बयान में दी।

भाजपा कैथल जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में केंद्र सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा संगठन द्वारा व्यापक स्तर पर जनसंपर्क एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 8 जून से 12 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।

इसके साथ ही 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत केंद्रीय मंत्रीगण, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी एवं विधायक विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इनमें विशेष जनसंपर्क अभियान, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान एवं प्रगति पथ यात्रा प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।

ज्योति सैनी ने बताया कि प्रत्येक लोकसभा एवं विधानसभा क्षेत्र में जनप्रतिनिधि एक दिन प्रवास कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। प्रत्येक जिले में कम से कम 500 प्रमुख व्यक्तियों से संपर्क स्थापित किया जाएगा तथा छोटे समूहों में बैठकें आयोजित कर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 12 जून से 20 जून तक जन कल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के पंजीकरण एवं लाभ पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। विशेष रूप से आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी एवं बीजी-राम जैसी योजनाओं पर फोकस रहेगा। शिविर तीन दिवसीय होंगे तथा प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त प्रत्येक जिले में प्रबुद्ध एवं पेशेवर वर्ग की सहभागिता के साथ सभागार बैठकें आयोजित की जाएंगी। वहीं मोदी सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने हेतु प्रत्येक जिले में तीन दिवसीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इन प्रदर्शनों के दौरान ऑन द स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिता, वॉल्स-पॉप वीडियो रिकॉर्डिंग, लाभार्थियों के अनुभव साझा करने एवं विभिन्न योजनाओं के पंजीकरण जैसे कार्यक्रम भी समानांतर रूप से आयोजित होंगे।

जिला अध्यक्ष ने बताया कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में कम से कम 1000 स्थानों पर विशेषज्ञों एवं अनुभवी व्यक्तियों द्वारा प्रदर्शन एवं व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक मंडल में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सामाजिक संगठनों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

इसके साथ ही 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रत्येक मंडल में स्थानीय योग समूहों के सहयोग से मनाया जाएगा। योग अभ्यास हेतु आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा तथा जहां संभव होगा वहां एक सप्ताह के योग प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

ज्योति सैनी ने जिला कैथल के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आमजन से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं विकास कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।