गिरिडीह। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, निष्पक्ष नियुक्ति और छात्रों पर दर्ज मामलों को लेकर भाजपा ने शनिवार को गिरिडीह में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा गिरिडीह महानगर और ग्रामीण इकाई के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्टेडियम से समाहरणालय तक पैदल मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के कई विधायक, नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा ने परीक्षा धांधली की CBI जांच, छात्रों के खिलाफ दर्ज कथित फर्जी मुकदमे वापस लेने और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया की मांग उठाई।

‘रिश्वत देकर नौकरी लेने वालों की हो जांच’

प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं में गड़बड़ी हुई है और कुछ लोगों ने रिश्वत देकर नौकरी हासिल की है।

मरांडी ने कहा कि दोनों मामलों की CBI जांच होनी चाहिए। उनके मुताबिक, केंद्रीय जांच होने पर नौकरी के नाम पर कथित लेनदेन करने वाले और रिश्वत देकर नियुक्ति पाने वाले लोगों की पहचान हो सकेगी।

छात्रों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग

भाजपा नेता ने शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को भी वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि अपने अधिकार और नौकरी की मांग को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है।

स्टेडियम से समाहरणालय तक निकला मार्च

प्रदर्शन की शुरुआत गिरिडीह स्टेडियम से हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय और महेंद्र वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता यहां जुटे। इसके बाद सभी पैदल मार्च करते हुए समाहरणालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

इस दौरान विधायक मंजू कुमारी, नागेंद्र महतो समेत लक्ष्मण स्वर्णकार, डॉ. रविंद्र राय, लक्ष्मण सिंह, दिनेश यादव, चुन्नूकांत, मुनिया देवी, विनय सिंह, संजीव, संदीप डंगाइच, नवीन सिन्हा, सुरेश मंडल सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।