Bihar News: पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की टीएमसी को बुरी हार मिली थी, जिसके बाद अब उनकी पार्टी टूट के कगार पर पहुंच गई है। पार्टी के कई विधायक और सांसदों ने एनडीए का अपना समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। वहीं, पार्टी में भीतर ही भीतर एक अलग गुट बन गया है। खबर यह भी है कि टीएमसी कांग्रेस में अपना विलय कर सकती है। इन सभी खबरों के बीच बीजेपी नेता और बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने ममता बनर्जी और टीएमसी पर जमकर निशाना साधा है।

‘अभिषेक बनर्जी के अत्याचार से बर्बाद हुई TMC’

राम कृपाल यादव ने पटना में एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा कि, ममता बनर्जी की TMC बुरी तरह से हार गई है। जनता ने उन्हें नकार दिया। अब उनकी पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी को छोड़ने का मन बना लिया है और छोड़ भी रहे हैं। बड़े पैमाने पर विधायक और सांसद पार्टी को छोड़ रहे हैं, जब TMC का बंगाल में राज था, तो उस समय अभिषेक बनर्जी ने जो अत्याचार किया, इसके कारण पूरी TMC की छवि खराब हो गई और TMC बर्बाद हो गई।

तेजस्वी का बीजेपी पर हमला

कल गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कोलकाता पहुंचे, जहां मीडिया से बातचीत के दौरान टीएमसी में मचे भगदड़ को लेकर उन्होंने कहा कि, बीजेपी के काम करने का यही तरीका है… डराकर, लालच में, लोगों को धमकाना, तोड़ना, उनकी राजनीति रही है।

भाजपा में जाते ही धुल जाते हैं पाप- तेजस्वी

भाजपा पर हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि, बीजेपी ईडी, सीबीआई, एनआईए…इन सभी एजेंसियों का दुरुपयोग करती है। उन्होंने मौजूदा सीएम सुभेंदु अधिकारी पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के जो मुख्यमंत्री बने हैं, उन्हें तो पूरी दुनिया ने पैसा (घूस) लेते हुए देखा है। वो भी टीएमसी से आए हैं। भाजपा में आते ही लोगों के पाप और दाग धुल जाते हैं।

वहीं, जब उनसे यह पूछा गया की जितने भी टीएमसी के विधायक और सांसद पार्टी छोड़ रहे हैं या इस्तीफा दे रहे हैं, वो इसके लिए ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के खराब रवैये को जिम्मेदार बता रहे हैं। इसपर तेजस्वी ने कहा कि, ये सब तो एक बहाना है। कुछ लोग लालच में गए हैं और कुछ लोग बीजेपी से डरकर गए हैं।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय सड़क हादसे पर CM सम्राट ने जताया दुख, प्रशिक्षण लेकर लौट रहे 3 थानाध्यक्षों समेत 4 की मौत