लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी अपने मौजूदा विधायकों के टिकट को लेकर बड़े बदलाव की तैयारी में जुटी है. सूत्रों और राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, पार्टी इस बार करीब 50 फीसदी मौजूदा विधायकों के टिकट काटने पर विचार कर सकती है.
हालांकि, यह अभी पार्टी का आधिकारिक फैसला नहीं है. टिकट का अंतिम फैसला सर्वे, संगठनात्मक फीडबैक और जीतने की क्षमता के आकलन के आधार पर होगा. हालिया रिपोर्टों के मुताबिक, बीजेपी सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बहुस्तरीय फीडबैक जुटा रही है.
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी का कर्मचारी ने खोला राज, चंपत राय को भेजा वीडियो; 73,480 पन्नों की चार्जशीट में 105 घटनाएं
युवाओं और महिलाओं को मिल सकता है ज्यादा मौका
बताया जा रहा है कि टिकटों में बड़े फेरबदल का मकसद समर्पित युवा कार्यकर्ताओं, महिलाओं और सामान्य कैडर से जुड़े नेताओं को ज्यादा प्रतिनिधित्व देना है. पार्टी के भीतर लंबे समय से काम कर रहे कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में उतारने पर भी विचार किया जा रहा है.
मौजूदा विधायकों पर सर्वे से तय होगी स्थिति
बीजेपी हर विधानसभा क्षेत्र में मौजूदा विधायक की पकड़, क्षेत्र में सक्रियता, संगठन से संबंध और जनता के बीच स्वीकार्यता का फीडबैक ले रही है. रिपोर्टों के अनुसार, संगठन, सरकार, केंद्रीय स्तर और आरएसएस से जुड़े फीडबैक को मिलाकर उम्मीदवारों के नाम पर फैसला करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
दो या उससे ज्यादा बार चुनाव जीत चुके विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को भी इस आकलन से बाहर नहीं रखा जाएगा. अगर सर्वे में उनके खिलाफ असंतोष सामने आता है तो टिकट बदलने पर विचार किया जा सकता है.
2022 में भी बदले गए थे कई चेहरे
2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बड़ी संख्या में मौजूदा विधायकों के टिकट बदले थे. पार्टी ने पहली सूची में ही 20 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए थे. इस बार संभावित बदलाव को इससे भी बड़ा बताया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश का रेड अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद, सीएम योगी ने कहा- बेवजह घर से न निकलें
2024 के लोकसभा नतीजों से लिया सबक
2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी की सीटें 2019 की 62 से घटकर 33 रह गई थीं. इसके बाद पार्टी ने उम्मीदवार चयन और संगठन की रणनीति की समीक्षा की. अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी मौजूदा विधायकों की जमीनी स्थिति का दोबारा आकलन कर रही है. 2022 में बीजेपी ने 403 में से 255 विधानसभा सीटें जीती थीं.


