लखनऊ. जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को रोकने वाले चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत को पार्टी ने नोटिस जारी किया है. पार्टी ने सात दिन के भीतर नोटिस का जवाब मांगा है. इधर बृजभूषण का कहना है कि उन्हें अब तक नोटिस नहीं मिला है. भाजपा विधायक का कहना है कि ‘हो सकता है कि नोटिस जारी हुआ हो, लेकिन मुझे अभी नहीं मिला है. मुझे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से बातचीत का समय जरूर मिला है. मैं शनिवार को उनसे मुलाकात करूंगा.’

बता दें कि बीते 30 जनवरी को महोबा जनपद के रामश्री महाविद्यालय के पास बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत (गुड्डू भैया) ने योगी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोक दिया था. विधायक ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर मंत्री का रास्ता रोका था. इस दौरान विधायक के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई थी.

इसे भी पढ़ें : ‘घूसखोर पंडित’ पर मायावती की आपत्ति : कहा- ’पंडत’ को घूसखोर बताकर पूरे देश में इनका अपमान और अनादर किया जा रहा, सीरीज को प्रतिबंधित करे सरकार

विधायक ने सड़कों की खराब हालत को लेकर ऐसा किया था. उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर नाराजगी जाहिर की थी. जानकारी के मुताबिक जल जीवन मिशन के तहत कई गांवों में पाइपलाइन डालने के लिए सड़कों को खोदा गया था, लेकिन मरम्मत ठीक से नहीं हुई. ग्रामीणों को इस वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. विधायक ने इसी समस्या पर मंत्री का ध्यान लाने के लिए काफिला रुकवा दिया.