परवेज खान, शिवपुरी। अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर अपनी विवादित शब्दावली को लेकर बैकफुट पर आ गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर विधायक ने अहिल्याबाई होल्कर की जयंती कार्यक्रम के दौरान दिए गए अपने बयान पर खेद प्रकट किया है। लोधी ने वीडियो में सफाई देते हुए सभी समाजों को साथ लेकर चलने की बात कही है।
क्या था पूरा विवाद?
हाल ही में अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के एक कार्यक्रम में विधायक प्रीतम लोधी ने मंच से 15 लाख रुपये के इनामी रहे खूंखार डकैत रामबाबू गड़रिया का जमकर महिमामंडन किया था। विधायक ने डकैत को सरेआम अपना “भाई” बताया था। अपने बयान में उन्होंने कहा था कि “कुछ सामंतवादियों के अत्याचारों के कारण रामबाबू गड़रिया डकैत बना था।”
गुर्जर समाज ने खोला मोर्चा
विधायक के इस बयान के बाद गुर्जर समाज में भारी आक्रोश फैल गया। गौरतलब है कि डकैत रामबाबू गड़रिया ने अपने आतंक के दिनों में सबसे ज्यादा गुर्जर समाज के लोगों को निशाना बनाया था और उनकी हत्याओं को अंजाम दिया था। गड़रिया की गुर्जर समाज से खुली दुश्मनी थी। ऐसे में एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि द्वारा डकैत का महिमामंडन किए जाने से नाराज गुर्जर समाज ने प्रीतम लोधी का तीव्र विरोध किया और पुलिस-प्रशासन से उनकी शिकायतें कीं। चारों तरफ से घिरने के बाद आखिरकार विधायक को झुकना पड़ा और उन्होंने वीडियो जारी कर अपनी शब्दावली पर खेद जताया।
विवादों से पुराना नाता, पहले भी मांग चुके हैं माफी
यह पहली बार नहीं है जब प्रीतम लोधी अपने बयानों के कारण संकट में फंसे हों। इससे पहले भी वे ‘पुत्र मोह’ के चलते विवादों में आ चुके हैं। शिवपुरी के करैरा में पदस्थ रहे IPS अधिकारी आयुष जाखड़ (तत्कालीन SDO P) के खिलाफ भी प्रीतम लोधी ने बेहद आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणी की थी। उस मामले में विवाद इतना बढ़ गया था कि खुद मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को हस्तक्षेप करना पड़ा था। आलाकमान की सख्ती के बाद प्रीतम लोधी को कैमरे के सामने आकर माफी (खेद प्रकट) मांगनी पड़ी थी। बार-बार अपनी ही जुबान के कारण मुश्किलों में घिरने वाले विधायक प्रीतम लोधी का यह नया वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

