एस आर रघुवंशी, गुना। अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले गुना विधायक ने अपनी ही पार्टी के मंत्री के खिलाफ बयान दिया है। बिजली संकट पर भड़के पन्नालाल शाक्य ने ऊर्जा मंत्री और प्रभारी मंत्री पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा ‘ऐसे नकारा मंत्रियों को हटाओ। उन्होंने प्रभारी मंत्री पर भी उपेक्षा के आरोप लगाए। 

दरअसल, गुना में लगातार बनी हुई बिजली समस्या को लेकर विधायक पन्नालाल शाक्य बिजली विभाग पहुंचे थे, जहां विधायक ने अधिकारियों से नाराजगी जाहिर की। इस दौरान विधायक ने बिजली व्यवस्था के साथ-साथ प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और जिले के प्रभारी मंत्री पर भी तीखा हमला बोला।

मीडिया से चर्चा के दौरान विधायक पन्नालाल शाक्य ने ऊर्जा मंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, “ऊर्जा मंत्री इतने ज्ञानी हैं कि मंच पर ही डॉक देने लगते हैं। ऐसा लगता है कि मौका मिले तो बिजली के पोल पर भी चढ़ जाएं और नाले में भी उतर जाएं। लेकिन हमें दिखावे नहीं, प्रामाणिकता के साथ काम चाहिए।”

विधायक ने आगे कहा कि अगर कोई मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की कोशिश करेगा तो वह भोपाल जाकर मुख्यमंत्री से निवेदन करेंगे कि ऐसे नकारा मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटाया जाए। विधायक शाक्य यहीं नहीं रुके। उन्होंने जिले के प्रभारी मंत्री पर भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि, “वह खुद को महाराजा से भी बड़ा समझते हैं। महाराज के साथ किसी को चलने नहीं देते। हवाई पट्टी पर भी मुझे किनारे कर दिया गया था।”

विधायक के इन बयानों के बाद जिले की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। बिजली संकट को लेकर शुरू हुई नाराजगी अब सीधे सरकार के मंत्रियों तक पहुंच गई है, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m