शिखिल ब्यौहार, भोपाल। शिवपुरी की पिछोर सीट से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने अपने विवादित बयानों पर आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष स्पष्टीकरण देते हुए माफी मांग ली है। विधायक प्रीतम लोधी सीएम हाउस पहुंचे और पार्टी नेतृत्व के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि तीन पीढ़ियां लग गईं भाजपा को खड़ा करने में और हम पार्टी के सच्चे सिपाही हैं।
उन्होंने आगे कहा, “बेटे पर मामला दर्ज हुआ, वह कोर्ट में गया। पुलिस ने कार्यवाही की, हमने उसमें सहयोग किया। पुलिस ने बेटे का जुलूस निकाला था, उससे थोड़ा आहत हुआ। कुछ शब्दावली मैंने गलत बोल दी। अगर किसी अधिकारी को बुरा लगा हो तो मैं खेद व्यक्त करता हूं। अधिकारियों के मेल-जोल से ही सरकार चलती है।” विधायक ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष उन्होंने अपना जवाब प्रस्तुत कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि आगे से अपनी शब्दावली का ध्यान रखेंगे और मामले की जांच हो।
यह है विवाद की वजह
यह विवाद तब शुरू हुआ जब विधायक के बेटे दिनेश लोधी पर शिवपुरी के करैरा में महिंद्रा थार से पांच लोगों को कुचलने का मामला दर्ज हुआ। इसके बाद प्रीतम लोधी के एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने करैरा SDOP आयुष जखड़ को कथित तौर पर धमकी भरे अंदाज में बात की थी। इस पर भाजपा ने उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया था और तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा था। आज सीएम हाउस में पेश होने के बाद विधायक ने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगकर पार्टी अनुशासन का पालन किया।

